गर्मियों में इन 5 योगासनों की मदद से तेजी से घटाएं अपना वजन, कुछ ही दिनों में दिखने लगेगा असर

Yoga For Weight Loss: गर्मियों में वजन घटाने के लिए आप नियमित रूप से कुछ योगासनों का अभ्यास कर सकते हैं। आइए, जानते हैं इन योगासनों के बारे में –

WrittenBy

Written By: priya mishra | Updated : April 3, 2024 10:01 AM IST

Yoga For Weight Loss: वजन कम करने के लिहाज से गर्मी का मौसम सबसे अच्छा माना जाता है। दरअसल, इस मौसम में हम सर्दियों की तुलना में कम खाते हैं, जिससे वजन घटाना आसान हो जाता है। इसके अलावा, गर्मियों में शरीर से पसीना अधिक निकलता है, जिससे तेजी से कैलोरी बर्न करने में मदद मिल सकती है। अगर आप भी गर्मियों में वजन घटाना चाहते हैं, तो कुछ योगासनों को अपने डेली रूटीन में शामिल कर सकते हैं। गर्मियों में नियमित योगाभ्यास करने से आपका बढ़ा हुआ वजन और चर्बी तेजी से कम हो सकती है। आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ योगासनों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो गर्मियों में वजन घटाने में आपकी मदद कर सकते हैं (Yoga For Weight Loss In Summer In Hindi)। तो आइए, जानते हैं इन योगासनों के बारे में विस्तार से -

1. भुजंगासन

इस आसन को करने के लिए सबसे पहले पेट के बल लेट जाएं।

अपनी कोहनियों को कमर से सटा के रखें और हथेलियां ऊपर की ओर रखें।

अब धीरे-धीरे सांस भरते हुए, अपनी छाती को ऊपर की ओर उठाएं।

उसके बाद अपने पेट वाले हिस्से को धीरे-धीरे ऊपर उठा लें।

इस स्थिति में 30-60 सेकंड तक रहें।

फिर सांस छोड़ते हुए प्रारंभिक मुद्रा में आ जाएं।

इस प्रक्रिया को 3-5 बार दोहराएं।

2. अधोमुख श्वानासन

इस आसन को करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर पेट के बल लेट जाएं।

अब अपने हाथ और पैरों को जमीन पर रखते हुए, अपनी पीठ और कूल्हों को ऊपर की ओर उठाएं।

इस मुद्रा में 1-2 मिनट तक रहें।

इसके बाद सांस छोड़ते हुए प्रारंभिक मुद्रा में आ जाएं।

इस प्रक्रिया को 3-5 बार दोहराएं।

3. धनुरासन

इस योगासन को करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर पेट के बल लेट जाएं।

इसके बाद अब अपने घुटने को मोड़ते हुए, पैरों को पीछे की तरफ उठाएं।

इसके बाद अपने टखनों को हाथों से पकड़कर धनुष की मुद्रा बनाएं।

अब अपने पैरों को थोड़ा ऊपर करते हुए सांस अंदर की तरफ लें और एड़ियों को हाथों से खींचे।

थोड़ी देर इस मुद्रा में रहने के बाद अपनी प्रारंभिक अवस्था में वापस आ जाएं।

इस प्रक्रिया को 4-5 बार दोहराएं।

4. पश्चिमोत्तानासन

इस आसन को करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर सुखासन में बैठ जाएं।

अब अपने दोनों पैरों को सामने की ओर सीधा करके बैठ जाएं।

इस दौरान दोनों एड़ी और पंजे मिले रहेंगे।

अब सांस छोड़ते हुए और आगे की ओर झुकते हुए दोनों हाथों से दोनों पैरों के अंगूठे पकड़ लें।

माथे को घुटनों से लगाएं और दोनों कोहनियों को जमीन पर टिकाएं।

इस मुद्रा में 1-2 मिनट तक रहें।

इसके बाद अपनी प्रारंभिक मुद्रा में लौट आएं।

इस प्रक्रिया को 3-5 बार दोहराएं।

5. त्रिकोणासन

इस योगासन को करने के लिए सबसे पहले योगा मैट पर सीधे खड़े हो जाएं।

अपने दोनों पैरों के बीच 3-4 फीट की दूरी बनाकर रखें।

अपने दोनों हाथों को जांघों के बगल में रखें और अपनी बाहों को कंधे तक फैलाएं।

फिर धीरे-धीरे सांस लेते हुए, दाएं हाथ को सिर के ऊपर ले जाएं। इस दौरान आपका हाथ कान को छूना चाहिए।

अब सांस छोड़ते हुए, अपने शरीर को बाईं तरफ को झुकाएं।

इस मुद्रा में कुछ देर बने रहें।

इसके बाद प्रारंभिक अवस्था में आ जाएं।

इस प्रक्रिया को 3-5 बार दोहराएं।

नियमित रूप से इन योगासनों का अभ्यास करने से आपको वजन घटाने में काफी मदद मिल सकती है। हालांकि, इसके साथ-साथ आपको अपने खानपान और जीवनशैली पर भी कंट्रोल करने की जरूरत है।