ऑफिस में बैठे-बैठे करें ये 4 एक्सरसाइज, मिट जाएगी सारी थकान और आएगी एनर्जी

ऑफिस में थकान दूर करने और एनर्जी बनाए रखने के लिए आप ब्रेक लेते ही होंगे। इस ब्रेक में आप ये 4 एक्सरसाइज कर सकते हैं।

WrittenBy

Written By: Anju Rawat | Published : January 30, 2026 10:24 AM IST

कई बार ऑफिस में बैठे-बैठे थकान और आलस सा महसूस होता है। शरीर एकदम से काम करना बंद कर देता है या यूं कहें कि कुछ काम करने की इच्छा नहीं होती है। थकान और सुस्ती दूर करने के लिए अक्सर लोग चाय या कॉफी का सहारा लेते हैं। अगर आपको भी ऑफिस में अक्सर ही थकान बनी रहती है, तो ज्यादा कैफीन का सेवन करने से बचें। आप कुर्सी पर बैठे-बैठे कुछ एक्सरसाइज करके थकान मिटा सकते हैं। इन एक्सरसाइज को करना भी काफी आसान होता है। इनसे मांसपेशियां रिलैक्स होती है और मन भी शांत होता है। आइए, जानते हैं कि ऑफिस में बैठे-बैठे आप कौन-कौन से एक्सरसाइज कर सकते हैं?

1. नेक रोल

आप ऑफिस में बैठे-बैठे नेक रोल कर सकते हैं। इस आसन को बहुत आसानी से किया जा सकता है। नेक रोल करने से गर्दन और कंधों की मांसपेशियों को आराम मिलता है। इसके लिए आप चेयर पर सीधे बैठ जाएं। हाथ, गर्दन और कंधों को ढीला छोड़ें। फिर सिर को धीरे-धीरे दाईं से बाई और बाईं से दाईं तरफ घुमाएं। आप इस प्रक्रिया को 5 से 7 बार दोहरा सकते हैं। नेक रोल करने से कंधों की अकड़न दूर होती है और बॉडी रिलैक्स होती है।

2. शोल्डर श्रग

ऑफिस में बैठे-बैठे शोल्डर श्रग एक्सरसाइज करना भी फायदेमंद होता है। इस एक्सरसाइज को बेहद आसानी से कुर्सी पर बैठे-बैठे की किया जा सकता है। शोल्डर श्रग करने से कंधों की मांसपेशियों को आराम मिलता है। आप कुर्सी पर कमर और कंधों को सीधा करके बैठ जाएं। इसके बाद कंधों को ऊपर की तरफ उठाएं और फिर नीचे की ओर छोड़ दें। इस प्रक्रिया को 7 से 9 बार दोहराएं। इससे मांसपेशियों की अकड़न ठीक होगी और आपको काफी रिलैक्स फील होगा।

3. पैरों की मूवमेंट करें

ऑफिस में बैठकर सेतु बंधासन कर सकते हैं। यह आसन बेहद प्रभावी होता है। इस आसन को करने से पीठ और कंधों की मांसपेशियों को आराम मिलता है। इसके लिए आप कुर्सी पर सीधे बैठ जाएं और अपने पैरों को जमीन पर रखें। इसके बाद पैरों को धीरे-धीरे ऊपर-नीचे करें। इससे पैरों की मांसपेशियों की मूवमेंट होगी और आपको अच्छा महसूस होगा। ऐसा करने से पैरों के दर्द में भी आराम मिलेगा।

4. अनुलोम-विलोम प्राणायाम करें

आप ऑफिस में बैठकर अनुलोम-विलोम प्राणायाम भी कर सकते हैं। इसमें सांस को नियंत्रित करना होता है। इसे करने के लिए आप चेयर पर सीधे बैठ जाएं और अपने हाथों को घुटनों पर रखें। अब दाहिनी नाक को बंद करें और बाईं नाक से सांस लें। इसके बाद बाईं नाक को बंद करके दाईं नाक से सांस छोड़ें। इस प्रक्रिया को 5 से 7 बार दोहराएं। इस आसन को करने से आपकी पूरी थकान मिट जाएगी और आपको अच्छा महसूस होगा।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source