
... Read More
Written By: Anshumala | Published : August 28, 2018 5:42 PM IST
भुजंगासन का नियमित अभ्यास करने से कमर दर्द से मिलता है छुटकारा।
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी ने लोगों की जीवनशैली को बहुत प्रभावित किया है जिसकी वजह से कमर दर्द, शरीर में अकड़न जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। जिन लोगों को सर्वाइकल की समस्या है, उनमें भी गलत तरीके से उठने-बैठने के कारण यह समस्या बढ़ जाती है।
लगातार ऑफिस में घंटों एक ही पोजिशन में बैठकर काम करने से कमर पर दबाव पड़ता है। बैठे रहने पर हमारी स्पाइन पर खड़े होने के मुकाबले 50 फीसदी ज्यादा दबाव पड़ता है। कमर दर्द को हम बेशक आम समस्या मानते हों लेकिन इसे बार-बार नजरअंदाज करना ठीक नहीं है। अगर हम थोड़ी सी सावधानी के साथ अपनी जीवनशैली को सुधार लें तो इस दर्द से आराम पा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- करेंगे भुजंगासन तो कई बीमारियों से मिलेगा छुटकारा
कई योगासन के अभ्यास से भी कमर और सर्वाइकल के दर्द को कम किया जा सकता है। इन्हीं में से एक है भुजंगासन।
भारतीय योग एवं प्रबंधन संस्थान, मुरथल, सोनीपत (हरियाणा) की योगाचार्य अनुपमा कहती हैं कि भुजंगासन हमारे विशुद्धि, अनाहत, मणिपुर और स्वाधिष्ठान चक्र को प्रभावित करता है। यह सर्वाइकल और कमर दर्द के अलावा अस्थमा में भी लाभकारी है। इसमें पेट पर बल पड़ने के कारण पाचन प्रजनन अंग संबंधी रोग भी दूर होते हैं।
इसे भी पढ़ें- डार्क सर्कल से हैं परेशान, मकर मुद्रा में छिपा है इसका इलाज
पेट के बल लेट जाएं। सांस भरते हुए कमर से ऊपर वाला हिस्सा आगे की ओर उठाएं। पैर आपस में मिले रहें। गर्दन को पीछे की ओर मोड़ें और कुछ पल इसी अवस्था में रखें। सांस को सहज हो जाने दें और कुछ देर रुकें ताकि दबाव रीढ़ के निचले हिस्से पर पड़े। सांस छोड़ते हुए धीरे-धीरे वापस आएं। गर्दन पीछे ही रखें और धीरे-धीरे पहले छाती तथा बाद में सिर को भी जमीन से लग जाने दें। लगातार इस आसन को करने से कमर दर्द से छुटकारा मिल सकता है। बहुत ज्यादा सर्वाइकल की समस्या होने पर किसी भी आसन को करने से पहले विषेशज्ञ की सलाह ले लें।
चित्रस्रोत:Shutterstock.