
... Read More
Written By: Anshumala | Published : October 30, 2018 10:44 AM IST
शशांकासन का अभ्यास नियमित करने से न सिर्फ तनाव से दूर रहेंगे बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य भी दुरुस्त रहेगा। © Shutterstock
आज अधिकतर लोग काम के दबाव के कारण तनाव, अवसाद जैसी मानसिक समस्याओं का सामना करते हैं। इन सभी समस्याओं से छुटकारा न पाने की स्थिति में आपका स्वभाव बेहद चिड़चिड़ा, गुस्सैल आदि हो जाता है। ऐसे लोगों के लिए ही शशांकासन एक दवाई की तरह है। शशांक यानी खरगोश। चूंकि इस आसन को करने के दौरान हम खरगोश की तरह बन जाते हैं, इसलिए इसे शशांकासन नाम दिया गया है। इसका अभ्यास नियमित रूप से करने से न सिर्फ तनाव से दूर रहेंगे बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य भी दुरुस्त रहेगा। शशांकासन करने से हृदय रोग, मधुमेह और दमा रोग आदि से आप बचे रह सकते हैं। इतना ही नहीं यह सेक्स संबंधित समस्याओं को भी दूर करने में सहायक है। महिलाएं यदि इसे करती हैं, तो उनके गर्भाशय और जननांग स्वस्थ रहते हैं।
इसे भी पढ़ें- बाल होंगे घने और मजबूत, जब करेंगे ये 4 योगासन
शशांकासन करने की विधि
जमीन पर बैठ जाएं। दाहिने पैर को मोड़कर पीछे की ओर यानी दाहिने नितम्ब (हिप्स) के नीचे रखें। इसी तरह बाएं पैर को मोड़कर पीछे की ओर यानी बाएं नितम्ब (हिप्स) के नीचे रखें और बैठ जाएं। अब सांस लेते हुए दोनों हाथों को ऊपर की ओर ले जाएं। अब धीरे-धीरे सांस को बाहर छोड़ते हुए आगे की ओर झुकें। सिर और हथेलियों को फर्श पर रखें। अब सांस लेते हुए सबसे पहले पेट व सीने को उठाएं और हाथों को उठाते हुए प्रारम्भ की स्तिथि में आ जाएं। इसी तरह से इस क्रिया को 4 से 5 बार दोहराएं।
शशांकासन से लाभ
– तनाव और चिंता से मुक्त रखता है।
– काम विकारों को दूर करता है।
– पेट की अतिरिक्त चर्बी कम कर मोटापा दूर करता है।
– दमा रोग, मधुमेह और हृदय रोग से आप बचे रहते हैं।
– क्रोध शांत करता है। इसे भी पढ़ें- नियमित करेंगे ये 5 आसन, तो डायबिटीज रहेगा कंट्रोल में
सावधानी
– यदि आप स्लिप डिस्क या हाई ब्लड प्रेशर से सम्बंधित किसी भी बीमारी से पीड़ित हैं, तो शशांकासन करने से बचें।
– पेट दर्द, कमर दर्द, सिर की समस्या या घुटने के रोग से पीड़ित लोगों को भी यह आसन नहीं करना चाहिए।
– बेहतर तो यही होगा कि आप किसी योग विशेषज्ञ की राय लेकर ही इस आसन को करना शुरू करें।