Eka Pada Rajakapotasana Aka King pigeon pose Benefits- एक पद राजकपोतासन के फायदे, तरीका, लाभ और नुकसान

एक पद राजकपोतासन (Extended puppy pose) के फायदे और नुकसान- यह एक खास योग मुद्रा है, जो पूरी तरह से शरीर की मांसपेशियों के लचीलेपन पर निर्भर करती है। सही तरीके से एक पद राजकपोतासन अभ्यास करने से अनेक स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : August 9, 2022 5:39 PM IST

एक पद राजकपोतासन एक उच्च श्रेणी का योगासन है, जिसे शरीर में पर्याप्त लचीलता होने के बाद ही किया जा सकता है। इसमें शरीर के कई जोड़ों को पर्याप्त खिंचाव मिलता है और इन हिस्सों की मांसपेशियां मजबूत होज जाती हैं। अंग्रेजी में एक पद राजकपोतासन को “किंग पीजन पोज” (King pigeon pose) के नाम से जाना जाता है। यदि एक पद राजकपोतासन का अभ्यास सही तरीके से न किया जाए या फिर पर्याप्त सावधानी न बरती जाए तो ऐशे में स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याएं हो सकती हैं।

एक पद राजकपोतासन के लाभ

यदि विशेष सावधानियों का ध्यान रखते हुए और सही तकनीक के साथ एक पद राजकपोतासन किया जाए तो इससे कई स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं, जिनमें निम्न भी शामिल हैं -

कूल्हों में लचीलता लाए एक पद राजकपोतासन

इस योगासन को करते समय कूल्हे के जोड़ों और उनके आसपास की कई मांसपेशियों में लचीलापन आता है, जिससे ऐंठन व अकड़न जैसी समस्याएं ठीक हो जाती हैं।

कंधों की जकड़न को दूर करे एक पद राजकपोतासन

एक पद राजकपोतासन की मदद से कंधों में होने वाले असाधारण तनाव को कम किया जा सकता है, जिसकी मदद से कंधे के जोड़ों में लचीलापन आता है।

शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है एक पद राजकपोतासन

नियमित रूप से एक पद राजकपोतासन करने से रक्त परिसंचरण प्रक्रिया सक्रिय रूप से काम करने लगती है, जिससे शरीर को सकारात्मक ऊर्जा मिलती है और थकावट व सुस्ती जैसी समस्याएं दूर होती हैं।

मानसिक समस्याएं दूर करे एक पद राजकपोतासन

सही तकनीक के साथ एक पद राजकपोतासन करने से मानसिक संतुलन में सुधार होता है और आपके मन से नकारात्मक विचार नष्ट होने लगते हैं। चिंता, अवसाद व तनाव जैसे लक्षणों को भी एक पद राजकपोतासन योगासन अभ्यास से कम किया जा सकता है।

हालांकि, एक पद राजकपोतासन से प्राप्त होने वाले लाभ प्रमुख रूप से योगासन करने के तरीके और आपके शारीरिक स्वास्थ्य पर निर्भर करते हैं।

एक पद राजकपोतासन करने का तरीका

यदि आप पहली बार एक पद राजकपोतासन अभ्यास करने जा रहे हैं, तो निम्न चरणों की मदद से आपको यह योग मुद्रा बनाने में मदद मिल सकती है -

Step 1 - सपाट फर्श पर मैट बिछा लें और अधो मुख श्वानासन योग मुद्रा बना लें

Step 2 - दायां घुटना मोड़ते हुए पैर को दोनों हाथों को बीच ले आएं और धीरे-धीरे पैर को बाईं कलाई की तरफ ले जाएं

Step 3 - बायां (पीछे वाला) घुटना मोड़ते हुए उसे जमीन पर रख लें और पैर को उठाना शुरू कर दें

Step 4 - अब कमर को सीधी करके दोनों हाथों को ऊपर उठाएं और कोहनी से मोड़ते हुए हाथों को पीछे ले जाएं

Step 5 - दोनों हाथों से बाएं के अंगूठे व उंगलियों को पकड़ें और ऊपर देखते हुए गर्दन को पीछे की तरफ झुका लें

यह योग मुद्रा बनाकर कुछ गहरी सांस लें और फिर धीरे-धीरे सामान्य अवस्था में आ जाएं। कुछ मिनट आराम लेने के बाद आप शरीर के दूसरे हिस्से के साथ यह योगासन कर सकते हैं, ताकि दोनों तरफ के हिस्सों की मांसपेशियों में समान खिंचाव आए।

एक पद राजकपोतासन में सावधानी

एक पद राजकपोतासन अभ्यास करते समय निम्न बातों का ध्यान रखना जरूरी है -

  • कोई भी क्रिया बलपूर्वक न करें
  • कमर सीधी रखें और शरीर में झटका न लगने दें
  • नितंबों को बराबर और बांहों को समांतर रखें
  • यदि आप पहली बार यह योगासन करने जा रहे हैं, तो आपको किसी अनुभवी योग प्रशिक्षक से मदद लेने की सलाह दी जाती है।

एक पद राजकपोतासन कब न करें

यदि आपको निम्न स्वास्थ्य समस्याएं हो रही हैं, तो एक पद राजकपोतासन अभ्यास करने से पहले डॉक्टर से बात कर लेनी चाहिए -

  • शरीर के किसी हिस्से में गंभीर दर्द, मोच या चोट लगी होना
  • मासिक धर्म या गर्भावस्था
  • थकावट या सुस्ती महसूस होना
  • रक्तचाप या हृदय संबंधी कोई अन्य रोग होना
Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source