Pincha Mayurasana Aka Feathered peacock pose Benefits- पिन्च मयूरासन के फायदे, तरीका, लाभ और नुकसान

पिन्च मयूरासन (Extended puppy pose) के फायदे और नुकसान- यह एक खास योग मुद्रा है, जिसे सही तकनीक से करने के लिए किसी अनुभवी योग प्रशिक्षक की सलाह लेना जरूरी होता है।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : August 8, 2022 2:26 PM IST

पिन्च मयूरासन एक विशेष योग मुद्रा है, जिसका अभ्यास सिर्फ सटीक रूप से शारीरिक संतुलन बनाकर ही किया जा सकता है। यह योग मुद्रा बनाने में जितनी चुनौतीपूर्ण है इससे उतने ही स्वास्थ्य लाभ भी मिलते हैं। पिन्च मयूरासन को अंग्रेजी में “फेदर्ड पीकॉक पोज” (Feathered peacock pose) के नाम से जाना जाता है। पिंच मयूरासन से पर्याप्त लाभ प्राप्त करने के लिए उसे सही तकनीक के साथ किया जाना बेहद जरूरी है। अगर इसे सही तरीके के साथ न किया जाए तो इससे चोट लगने या अन्य शारीरिक समस्याएं होने का खतरा बढ़ जाता है

पिन्च मयूरासन के लाभ (Benefits of Feathered peacock pose)

यदि सही तकनीक के साथ और विशेष सावधानियां बरतते हुए पिन्च मयूरासन अभ्यास किया जाए तो इससे निम्न स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं -

शारीरिक मुद्रा में सुधार करे पिन्च मयूरासन

पिन्च मयूरासन अभ्यास करने से पीठ, छाती, कंधे व गर्दन की मांसपेशियां में खिंचाव आता है और परिणामस्वरूप शारीरिक मुद्रा में सुधार होता है। जिन लोगों को आगे झुकने या कूबड़ संबंधी समस्याएं हैं, उनके लिए पिन्च मयूरासन अच्छा विकल्प हो सकता है।

पाचन प्रणाली को बढ़ाए पिन्च मयूरासन

पिन्च मयूरासन अभ्यास के दौरान गुरुत्वाकर्षण बल पेट में मौजूद अंगों को अलग तरीके से प्रभावित करता है। ऐसे में अंग उत्तेजित हो जाते हैं और पाचन क्रिया में सुधार होता है।

पिन्च मयूरासन करे रक्त परिसंचरण में सुधार

नियमित रूप से पिन्च मयूरासन अभ्यास करने से शरीर के कई महत्वपूर्ण हिस्सों में रक्त की आपूर्ति में सुधार होता है। पिन्च मयूरासन से आंखों को भी पर्याप्त रक्त आपूर्ति मिल पाती है।

मानसिक संतुलन बढ़ाए पिन्च मयूरासन

सही तरीके से पिन्च मयूरासन अभ्यास करने से आपका मूड अच्छा होने लगता है और मन से नकारात्मक विचार नष्ट होने लगते हैं। डिप्रेशन, तनाव व चिंता जैसी समस्याओं को दूर करने के लिए भी पिन्च मयूरासन लाभदायक हो सकता है।

हालांकि, पिन्च मयूरासन से प्राप्त होने वाले स्वास्थ्य लाभ प्रमुख रूप से योगासन करने के तरीके और अभ्यासकर्ता की स्वास्थ्य स्थिति पर ही निर्भर करते हैं।

पिन्च मयूरासन का तरीका (Steps to do Feathered peacock pose)

यदि आप पहली बार पिन्च मयूरासन अभ्यास करने जा रहे हैं, तो निम्न चरणों का पालन करते हुए आपको यह योग मुद्रा बनाने में मदद मिल सकती है -

Step 1 - सपाट जमीन पर मैट बिछा लें और उसपर घुटनों के बल खड़े हो जाएं

Step 2 - अब आगे की तरफ झुकते हुए अपने हाथों को जमीन पर रख लें और पेट को जमीन के समांतर रखें (गोमुखासन)

Step 3 -अब कोहनियों को जमीन पर रख लें और हाथों को आगे रखें (समांतर दूरी के साथ)

Step 4 -इसके बाद घुटनों को सीधा करके हुए कूल्हों को ऊपर उठाएं और धीरे-धीरे कोहनियों पर शरीर का वजन बढ़ाना शुरू करें

Step 5 -शरीर का संतुलन बनाते हुए एक पैर को हवा में उठाएं और फिर शरीर का वजन कोहनियों पर डाल दें

Step 6 -नीचे वाले पैर को जमीन पर से हल्का सा ऊपर धकेलते हुए ले जाएं और दोनों पैरों को ऊपर करके सीधा रखें

Step 7 -इस योग मुद्रा को कुछ सेकंड से एक मिनट तक करें और फिर धीरे-धीरे वापस सामान्य अवस्था में आ जाएं

शुरुआत में यह योग मुद्रा दीवार के सहारे करने की सलाह दी जाती है, ताकि गिरकर चोट लगने का खतरा न रहे। साथ ही आपको किसी अनुभवी योग प्रशिक्षक से ट्रेनिंग लेने की सलाह भी दी जाती है।

पिन्च मयूरासन में सावधानियां (Precautions during Feathered peacock pose)

पिन्च मयूरासन अभ्यास करते समय आपको निम्न बातों का विशेष रूप से ध्यान रखने की सलाह दी जाती है -

  • कोहनियों को कंधों के ठीक और समांतर रखें
  • कोई भी प्रक्रिया बलपूर्वक न करें
  • दूसरा पैर उठाते समय तीव्रता से जोर न लगाएं
  • क्षमता से अधिक समय तक अभ्यास करने की कोशिश न करें

पिन्च मयूरासन कब न करें (When not do do Feathered peacock pose)

यदि आपको स्वास्थ्य संबंधी निम्न समस्या है, तो पिन्च मयूरासन करने से पहले डॉक्टर से बात करने की सलाह दी जाती है -

  • शरीर के किसी हिस्से में गंभीर दर्द या चोट लगी होना
  • अत्यधिक थकान व सुस्ती महसूस होना
  • मासिक धर्म या गर्भावस्था
  • वृद्धावस्था या शारीरिक संतुलन से संबंधित कोई रोग
  • रक्तचाप या हृदय संबंधी कोई बीमारी
Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source