खाना खाने के बाद हर दिन करेंगे वज्रासन, तो नहीं होगा पेट संबंधित रोग

आप चाहते हैं कि आपको पेट से संबंधित रोग ना हों, तो आपको नियमित रूप से खाना खाने के बाद वज्रासन करना चाहिए।

WrittenBy

Written By: Anshumala | Published : February 2, 2019 2:22 PM IST

आपको यह तो पता होगा कि व्यायाम कब और कैसे करना चाहिए, लेकिन क्या आपको यह जानकारी है कि खाने के बाद एक एक्सरसाइज ऐसी भी है, जिसे हर किसी को करना चाहिए? इसका नाम है वज्रासन। आप चाहते हैं कि आपको पेट से संबंधित रोग ना हों, तो आपको नियमित रूप से खाना खाने के बाद वज्रासन करना चाहिए। इससे खाने को पचाने में बहुत ही सहायता मिलती है। ज्यादातर आसन भोजन करने के कम से कम 3 घंटे पहले किए जाते हैं लेकिन वज्रासन एक ऐसा आसन है जिसे आप भोजन करने के तुरंत बाद कर सकते हैं। इससे भोजन आंतों में ठीक से बैठ जाता है और पेट की समस्या नहीं होती है।

वज्रासन क्या है

वज्र+आसन। वज्र का मतलब है कठोर, सख्त या मजबूत। इस आसन के अभ्यास से शरीर मजबूत बनता है। इस आसन को सुबह या शाम दोनों वक्त कर सकते हैं।

यूं करें वज्रासन

घुटनों के बल बैठ जाएं और तलवों को पीछे फैलाकर एक पैर के अंगूठे को दूसरे अंगूठे पर रख दें। ये ध्यान रखें आपके घुटने पास-पास और एड़ियां अलग-अलग रहें। इसी दौरान अपने नितंबों को तलवों के बीच रखें और आपकी एड़ियां कूल्हों की तरफ रखें।

इसे भी पढ़ें- स्पर्म काउंट बढ़ाने के लिए नियमित करें ये 4 आसन

अंत में इस अवस्था में बैठते समय हथेलियों को घुटनों पर रखें। वज्रासन को जितना संभव हो सके उतने समय तक अभ्यास कीजिए। भोजन के पश्चात खास तौर पर कम से कम पांच मिनट तक इस आसन को करना चाहिए।

वज्रासन के फायदे

- यह आसन पाचन में सुधार करता है और नियमित अभ्यास से यह कब्ज को दूर करता है।

- इसकी मदद से पाचन शक्ति अच्छी होती है, जिससे अल्सर और अम्लता की समस्या से छुटकारा मिलता है।

- यह आसन पीठ को मजबूत बनाता है और पीठ के निचले हिस्से की समस्या को रोकता है।

- यह आसन पेल्विक की मांसपेशियों को भी मजबूत बनाता है।

- यह प्रसव पीड़ा को कम करने में मदद करता है और मासिक धर्म की ऐंठन को भी कम करता है।

- नियमित तौर पर वज्रासन का अभ्यास वेरिकोज वेन्स, ज्वाइंट पेन और गठिया जैसे रोगों से दूर रखने में मददगार है।

- यह आसन उन लोगों के लिए सही है जो ध्यान मुद्रा में जाने की इच्छा रखते हैं।

वज्रासन करने के वैज्ञानिक फायदे

वज्रासन लोवर पेल्विक में ब्लड सर्कुलेशन को नियंत्रित करता है। जब आप अपने पैरों पर बैठते हैं, तो ब्लड फ्लो पैरो में घट जाता है और डाइजेस्टिव एरिया में बढ़ जाता है। ऐसे में पाचन तंत्र बहुत ही अच्छी तरह से काम करता है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source