Chakravakasana Aka Cat-Cow Stretch Benefits- चक्रवकासन के फायदे, तरीका, लाभ और नुकसान

चक्रवकासन (Cat-Cow Stretch) के फायदे व नुकसान- चक्रवकासन एक खास योग मुद्रा है, जिसकी मदद से पीठ संबंधी समस्याओं को दूर किया जा सकता है।

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Published : May 15, 2022 2:39 PM IST

चक्रवकासन मांसपेशियों लचीलता और शक्ति प्रदान करने वाली खास योग मुद्रा है। जिन लोगों को रीढ़ की हड्डी या पीठ से संबंधित किसी प्रकार की समस्याएं हैं, उनके लिए चक्रवकासन एक लाभदायक अभ्यास है। इस योगासन के दौरान योग मुद्रा एक गाय या बिल्ली की शारीरिक आकृति से मेल खाती है और इसलिए अंग्रेजी में इसे कैट-काउ स्ट्रेच पोज (Cat-cow stretch pose) के नाम से जाना जाता है। चक्रवकासन में रीढ़ की हड्डी को एक खास संयोजन प्रक्रिया के साथ मोड़ दिए जाते हैं, जिससे उसके आस-पास की मांसपेशियां मजबूत होने लगती हैं। चक्रवकासन एक सरल योग मुद्रा है, जिसे शुरुआती अभ्यासकर्ता भी आराम से कर सकते हैं।

चक्रवकासन के फायदे (Benefits of Cat-cow stretch)

यदि चक्रवकासन योग मुद्रा को सही तकनीक के साथ और विशेष बातों का ध्यान रखते हुए किया जाए तो इससे कई स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं -

1. रीढ़ की हड्डी में लचीलापन लाए

चक्रवकासन एक खास योग मुद्रा है, जिसे बॉडी स्ट्रेचिंग के लिए जाना जाता है। नियमित रूप से इस योग मुद्रा का अभ्यास करने से रीढ़ की हड्डी में लचीलापन आ जाता है।

2. मांसपेशियों को मजबूत बनाए

मांसपेसियों को मजबूत बनाने के लिए भी चक्रवकासन योग मुद्रा काफी प्रभावी रूप से काम करती है। इससे शरीर की कई मांसपेशियां मजबूत होती हैं।

3. पीठ व गर्दन दर्द को दूर करे चक्रवकासन

चक्रवकासन शरीर के कई हिस्सों में होने वाले दर्द को कम करने में भी मदद करता है। जिन लोगों को पीठ व गर्दन में दर्द की समस्या है उनके लिए चक्रवकासन लाभदायक हो सकता है।

4. मानसिक स्वास्थ्य में सुधार लाए चक्रवकासन

चक्रवकासन खास योग मुद्रा है, न सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य को लाभ पहुंचाती है इसके मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी कई लाभ हैं। जिन लोगों को चिंता, तनाव और डिप्रेशन जैसी मानसिक समस्याएं हैं उनके लिए चक्रवकासन योगाभ्यास काफी लाभदायक हो सकता है।

हालांकि, चक्रवकासन से प्राप्त होने वाले स्वास्थ्य लाभ प्रमुख रूप से योगासन के तरीके और अभ्यासकर्ता की स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करते हैं।

चक्रवकासन करने का तरीका (Steps to do Cat-cow stretch)

यदि आप पहली बार चक्रवकासन अभ्यास करने जा रहे हैं, तो निम्न चरणों की मदद से आप यह योग मुद्रा बना सकते हैं -

  • Step 1 - सबसे पहले सपाट जमीन पर मैट बिछा लें और घुटने के बल खड़े हो जाएं
  • Step 2 - अब आगे की तरफ झुकते हुए हथेलियों को जमीन पर रखें
  • Step 3 - इस दौरान दोनों हथेलियों को ठीक कंधे के नीचे रखें और घुटने में भी थोड़ी दूरी बना कर रखें
  • Step 4 - गर्दन व रीढ़ की हड्डी को सीधा रखें और फिर गहरी सांस लें
  • Step 5 - सांस छोड़ते हुए रीढ़ की हड्डी को ऊपर की तरफ मोड़ें और नीचे देखें
  • Step 6 - फिर सांस लेते हुए नीचे की तरफ मोड़ें और सामने देखें

इस प्रक्रिया को आप अपनी क्षमता के अनुसार अवधि तक कर सकते हैं और फिर धीरे-धीरे सामान्य अवस्था में आ सकते हैं। यदि आपके मन में कोई प्रश्न है, तो किसी अनुभवी योग प्रशिक्षक से संपर्क करें।

चक्रवकासन के दौरान सावधानियां (Precautions during Cat-cow stretch)

चक्रवकासन के दौरान निम्न बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है -

  • योग शुरू करने से पहले स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज करें
  • इस दौरान गर्दन को जोर न पड़ने दें
  • दोनों हाथों को समांतर रखें और हथेलियों को कंधों के ठीक नीचे रखें
  • कोई भी क्रिया बलपूर्वक न करें

चक्रवकासन कब न करें (When not to do Cat-cow stretch)

कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हैं, जिनके दौरान चक्रवकासन अभ्यास करने से पहले डॉक्टर से सलाह ले लेनी चाहिए -

  • शरीर के किसी हिस्से में गंभीर दर्द या चोट लगी होना
  • रक्तचाप या हृदय संबंधी रोग
  • थकावट या कमजोरी
  • मासिक धर्म या गर्भावस्था
Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source