हर दिन वजन मापेंगे तो नहीं बढ़ेगा मोटापा, शोध का दावा

इस शोध के दौरान पाया गया कि जिन लोगों ने रोज अपने वजन का मापा उनका वजन या तो नियंत्रित रहा या फिर कम हो गया। वहीं, जिन प्रतिभागियों ने रोज अपना वजन नहीं मापा उनका वजन बढ़ गया।

WrittenBy

Written By: Editorial Team | Published : May 31, 2019 11:22 AM IST

एक शोध में वैज्ञानिकों ने दावा किया है कि अब छुट्टियों के दिनों में आपका वजन नहीं बढ़ेगा। उन्होंने एक खास तरह की युक्ति का परीक्षण किया है, जिसके जरिए यह कहा गया है कि छुट्टियों के दौरान अब बढ़ते वजन से परेशान नहीं होना पड़ेगा। इस युक्ति की मदद से आप छुट्टियों के दौरान भी अपने वजन पर नियंत्रण रख सकेंगे। वैज्ञानिकों का कहना है कि यदि आप हर दिन अपना वजन मापेंगे, तो इससे वजन बढ़ने की संभावना को कम किया जा सकता है।

आज जिसे देखो वह बढ़ते वजन, मोटापा से पीड़ित है। इससे कई तरह की बीमारियों के होने का खतरा भी बढ़ जाता है। इस शोध में कहा गया है कि अमेरिका में 37 फीसदी वयस्क मोटापे के शिकार हैं और यह आंकड़ा तेजी से बढ़ता जा रहा है। शोध के अनुसार, औसतन सालभर में 0.4 से एक किलो तक एक व्यक्ति का वजन बढ़ जाता है। हालांकि, यह आंकड़ा काफी कम है, लेकिन लगातार वजन बढ़ने से मोटापे का खतरा बढ़ता है। साथ ही हृदय रोग और अन्य शारीरिक समस्याओं का भी खतरा काफी हद तक बढ़ जाता है।

पेट अंदर करने के लिए करें ये 3 योगासन

क्यों बढ़ने लगता है छुट्टियों में वजन

शोध के अनुसार, छुट्टियों के मौसम के दौरान लोगों का वजन तेजी से बढ़ता है। इस दौरान वयस्कों के वजन में 0.4 से लेकर 1.5 किलो तक बढ़ोतरी हो जाती है। पत्रिका ओबेसिटी में प्रकाशित शोध के अनुसार, रोज वजन मापने से वजन बढ़ने पर नियंत्रण किया जा सकता है। एथेंस की यूनिवर्सिटी ऑफ जॉर्जिया के शोधकर्ता जेमी कूपर ने इस शोध का नेतृत्व किया।

शोध के परिणाम

इस शोध के लिए शोधकर्ताओं की टीम ने 18-65 वर्ष के बीच के 111 वयस्कों पर अध्ययन किया। इन प्रतिभागियों ने नवंबर 2017 के मध्य से जनवरी 2018 के बीच लगातार अपने वजन को मापा। शोधकर्ताओं ने इन प्रतिभागियों को इस समय के दौरान तीन बार परीक्षण के लिए अपने पास बुलाया। पहली बार छुट्टियां शुरू होने से पहले, दूसरी बार छुट्टियां खत्म होने के तुरंत बाद और तीसरी बार छुट्टियां खत्म होने के 14 हफ्तों के बाद। प्रतिभागियों से एक प्रश्नोत्तरी भरवाई गई, जिसमें उनसे पूछा गया था कि उन्होंने छुट्टियों के दौरान अपना वजन कितनी बार मापा। इस परीक्षण से पहले प्रतिभागियों को अपने वजन पर नियंत्रण रखने को कहा गया था,लेकिन उन्हें कोई सुझाव नहीं दिए गए थे। हर प्रतिभागी अपने-अपने तरीके इस्तेमाल करने के लिए स्वतंत्र था। इस दौरान लोगों ने आहार और व्यायाम पर ध्यान देकर अपने वजन को नियंत्रित रखने की कोशिश की।

हर दिन मापें वजन

इस शोध के दौरान पाया गया कि जिन लोगों ने रोज अपने वजन का मापा उनका वजन या तो नियंत्रित रहा या फिर कम हो गया। वहीं, जिन प्रतिभागियों ने रोज अपना वजन नहीं मापा उनका वजन बढ़ गया।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source