Kidney Stone Reason: आजकल किडनी में पथरी होना एक आम स्वास्थ्य समस्या बन गई है, खासतौर पर उन लोगों में जो पर्याप्त पानी नहीं पीते या जिनकी डाइट में कैल्शियम, ऑक्सलेट और यूरिक एसिड की मात्रा ज्यादा होती है। जब ये तत्व शरीर में ज़्यादा जमा हो जाते हैं और पेशाब के जरिए पूरी तरह बाहर नहीं निकल पाते, तो ये मिलकर पथरी का रूप ले लेते हैं। इसका दर्द अक्सर अचानक और बहुत तेज़ होता है-कमर, पेट या पेशाब के रास्ते में ऐसा महसूस होता है जैसे कुछ चुभ रहा हो। साथ ही मिचली, उल्टी, पेशाब में जलन और भूख न लगना जैसे लक्षण भी देखने को मिलते हैं।
अगर लाइफस्टाइल और डाइट का ध्यान न रखा जाए, तो पथरी बनने का खतरा और बढ़ जाता है। कम पानी पीने से पेशाब गाढ़ा हो जाता है, जिससे उसमें क्रिस्टल बनने की संभावना बढ़ जाती है। वहीं ज्यादा नमक, चाय, चॉकलेट और पालक जैसी चीजें, जो ऑक्सलेट से भरपूर होती हैं, पथरी को बढ़ावा देती हैं। बार-बार यूरिन इंफेक्शन और कुछ आनुवांशिक कारण भी इसकी वजह बन सकते हैं। इसलिए जरूरी है कि हम अपने खानपान, पानी पीने की आदत और हेल्थ चेकअप्स पर ध्यान दें, ताकि इस तकलीफदेह बीमारी से बचा जा सके