Cervix Cancer Prevention Tips: सर्विक्स कैंसर महिलाओं में होने वाले सबसे आम कैंसर में से एक है, जो ज्यादातर ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) इंफेक्शन के कारण होता है। इसके शुरुआती लक्षण अक्सर नजरअंदाज कर दिए जाते हैं, जिससे यह आगे चलकर गंभीर रूप ले सकता है। अनियमित पीरियड्स, पीरियड्स के बीच या इंटरकोर्स के बाद ब्लीडिंग, पेल्विक पेन, पेशाब में जलन और बार-बार यूरिन इंफेक्शन इसके मुख्य लक्षण हो सकते हैं। अगर समय रहते इन संकेतों को समझा न जाए, तो कैंसर सर्विक्स यानी गर्भाशय ग्रीवा की कोशिकाओं को प्रभावित कर सकता है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है।
इससे बचने के लिए सबसे जरूरी है कि महिलाएं समय-समय पर पैप स्मीयर टेस्ट और HPV वैक्सीन लगवाएं, जो इस इंफेक्शन से बचाव में मदद कर सकती है। हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना, धूम्रपान से दूर रहना और इम्यूनिटी बढ़ाने वाले फूड्स जैसे हरी सब्जियां, फल और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर डाइट लेना भी फायदेमंद होता है। सुरक्षित यौन संबंध बनाना और साफ-सफाई का ध्यान रखना भी इस बीमारी के जोखिम को कम कर सकता है। समय रहते सही जानकारी और सावधानियां बरतकर सर्विक्स कैंसर के खतरे को काफी हद तक रोका जा सकता है।