Guillain Barre Syndrome News: महाराष्ट्र में गुइलेन-बैरे सिंड्रोम (GBS) के बढ़ते मामले चिंता का कारण बन गए हैं। पुणे, पिंपरी-चिंचवाड़ और आसपास के इलाकों में अब तक 130 से ज्यादा लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं, जबकि 4 लोगों की मौत हो चुकी है। अचानक बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने रैपिड रिस्पांस टीम (RRT) गठित की है, जो बीमारी के कारणों और फैलने के तरीके की जांच कर रही है। स्वास्थ्य विभाग प्रभावित इलाकों में सघन सर्वे कर रहा है, ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके।
गुइलेन-बैरे सिंड्रोम (GBS) एक दुर्लभ इम्यूनोलॉजिकल डिसऑर्डर है, जिसमें शरीर का इम्यून सिस्टम नर्वस सिस्टम पर हमला करने लगता है। यह बीमारी अचानक हाथ-पैरों में सुन्नपन, मांसपेशियों में कमजोरी और चलने-फिरने में दिक्कत पैदा कर सकती है। कुछ मामलों में मरीज को सांस लेने में भी परेशानी हो सकती है। डॉक्टर्स के मुताबिक, डायरिया या किसी वायरल और बैक्टीरियल इंफेक्शन के बाद GBS का खतरा बढ़ जाता है। हालांकि, सही समय पर इलाज मिलने से मरीज पूरी तरह ठीक हो सकते हैं।