
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Updated : February 27, 2024 12:40 PM IST
How To Use Milk For Dark Spots: निखरी और बेदाग त्वचा भला किसी नहीं पसंद होती है। लेकिन प्रदूषण, गलत खानपान, खराब जीवनशैली और गलत प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल की वजह से चेहरे पर दाग-धब्बे हो जाते हैं, जो आपकी खूबसूरती को कम कर सकते हैं। ऐसे में, इन दाग-धब्बों से छुटकारा पाने के लिए लोग तरह-तरह के स्किन केयर और ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन इनमें हानिकारक केमिकल्स मौजूद होते हैं, जो त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में, आप चाहें तो चेहरे से दाग-धब्बों को हटाने के लिए दूध का इस्तेमाल कर सकते हैं। जी हां, दूध में लैक्टिक एसिड मौजूद होता है, जो त्वचा को साफ करने में मदद करता है। अगर आप रात को सोने से पहले कच्चे दूध में कुछ चीजों को मिलाकर चेहरे पर लगाएं, तो आप निखरी और बेदाग स्किन पा सकते हैं। तो आइए, जानते हैं चेहरे से दाग-धब्बे दूर करने के लिए कैसे करें दूध का इस्तेमाल?
चेहरे से दाग-धब्बे मिटाने के लिए आप दूध में गुलाब जल मिलाकर लगा सकते हैं। इसके लिए आप एक कटोरी में दो चम्मच दूध लें। इसमें कुछ बूंद गुलाब जल डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब कॉटन बॉल की मदद से इस मिश्रण को अपने चेहरे पर लगाएं। इसे रात भर के लिए चेहरे पर लगा रहने दें। सुबह गुनगुने पानी से चेहरे को धो लें। इसके नियमित इस्तेमाल से आपके चेहरे पर नैचुरल ग्लो आएगा।
अगर आपके चेहरे पर मुंहासे और दाग-धब्बे हैं, तो आप रात को सोने से पहले चेहरे पर दूध में हल्दी मिलाकर लगा सकते हैं। इसके लिए आप एक कटोरी में 2-3 चम्मच दूध लें। इसमें एक चुटकी हल्दी पाउडर डालकर अच्छी तरह में मिला लें। अब इसे अपने चेहरे पर लगाएं और करीब 15 मिनट के लिए लगा रहने दें। उसके बाद चेहरे को पानी से धो लें। इससे आपके चेहरे के दाग-धब्बे कम होंगे और त्वचा में निखार आएगा।
दाग-धब्बों से छुटकारा पाने के लिए आप दूध में मुल्तानी मिट्टी मिलाकर भी अपने चेहरे पर लगा सकते हैं। इसके लिए कटोरी में 2-3 चम्मच दूध लें। इसमें एक चम्मच मुल्तानी मिट्टी डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इस पेस्ट को अपने चेहरे पर लगाएं और सूखने के लिए छोड़ दें। उसके बाद चेहरे को पानी से धो लें। मुल्तानी मिट्टी त्वचा पर मौजूद डेड स्किन सेल्स और एक्स्ट्रा तेल को साफ करने में मदद करती है। इससे मुंहासों और दाग-धब्बों की समस्या दूर हो सकती है।
चेहरे के दाग-धब्बों को हटाने के लिए आप इन तरीकों से दूध का प्रयोग कर सकते हैं। हालांकि, अगर आप की स्किन सेंसिटिव है, तो इसका इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर कर लें।