
प्रिया मिश्रा
प्रिया को पिछले 4 सालों से हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर लिखने का अनुभव है। इन्हें हेल्थ और ... Read More
Written By: priya mishra | Published : March 6, 2024 3:58 PM IST
Pigmentation Home Remedies: निखरी और बेदाग त्वचा पाना हर व्यक्ति की चाहत होती है। लेकिन अगर चेहरे पर झाइयां हो जाएं, तो यह सपना अधूरा ही रह जाता है। झाइयां होने पर त्वचा धब्बेदार दिखने लगती है, जिसकी वजह से आपकी खूबसूरती प्रभावित हो सकती है। ऐसे में, चेहरे की जिद्दी झाईयों को हटाने के लिए लोग तरह-तरह के महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन फिर भी मनचाहा रिजल्ट नहीं मिल पाता है। ऐसे में, आप कुछ घरेलू उपायों की मदद से झाइयों की समस्या से छुटकारा पा सकते हैं। इन्हीं उपायों में दही भी शामिल है। जी हां, दही पिग्मेंटेशन की समस्या को दूर करने में काफी असरदार है। इसमें लैक्टिक एसिड मौजूद होता है, जो त्वचा के दाग-धब्बों और झाइयों को हटाने में मदद करता है। साथ ही, त्वचा की रंगत में भी सुधार करता है। तो आइए, जानते हैं झाइयां हटाने के लिए दही का इस्तेमाल कैसे करें?
जिद्दी झाईयों को हटाने के लिए आप दही और शहद का प्रयोग कर सकते हैं। इसके लिए एक कटोरी में 2 चम्मच दही लें। इसमें एक चम्मच शहद डालकर अच्छी तरह मिला लें। फिर इस पेस्ट को अपने चेहरे पर लगाएं और करीब 10 मिनट के लिए लगा रहने दें। उसके बाद चेहरे को पानी से धो लें। बेहतर रिजल्ट के लिए सप्ताह में 2-3 बार इसका प्रयोग करें। इससे आपको निखरी और बेदाग त्वचा मिलेगी।
ओट्स में सैपोनिन मौजूद होता है, जो त्वचा की रंगत को सुधारने में मदद करता है। इससे चेहरे की जिद्दी झाईयों को हटाने में मदद मिल सकती है। इसका प्रयोग करने के लिए आप एक कटोरी में दो चम्मच ओट्स का पाउडर लें। इसमें एक चम्मच दही और गुलाब जल डालकर मिलाएं। फिर इस पेस्ट को अपने चेहरे पर लगाएं। करीब 10-15 मिनट बाद चेहरे को पानी से धो लें। सप्ताह में 2 से 3 बार इसका इस्तेमाल करने से झाइयां धीरे-धीरे कम होने लगेंगी।
दही और नींबू के रस का मिश्रण भी झाईयों को हटाने में काफी असरदार हो सकता है। नींबू के रस में विटामिन-सी भरपूर मात्रा में होता है, जो त्वचा के दाग-धब्बे और पिगमेंटेशन को कम करता है। इसके इस्तेमाल से त्वचा निखरी और बेदाग बनती है। इसका प्रयोग करने के लिए एक कटोरी में 2 चम्मच दही लें। इसमें एक चम्मच नींबू का रस डालकर मिक्स कर लें। अब इस पेस्ट को अपने चेहरे पर लगाएं और 10-15 मिनट बाद फेस क्लीन कर लें। बेहतर परिणाम के लिए सप्ताह में 2 से 3 बार इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
चेहरे से झाइयों को दूर करने के लिए दही काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। हालांकि, अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है, तो इस्तेमाल करने से पहले एक बार पैच टेस्ट जरूर कर लें।