जीका का प्रकोप: प्रेगनेंसी में जीका वायरस क्यों है खतरनाक? जानें जीका से बचाव के लिए क्या करें

पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी द्वारा किए गए एक विश्लेषण में ये सामने आया है कि जीका वायरस ने कुछ राज्यों में लोगों को संक्रमित करना शुरू कर दिया है।

WrittenBy

Written By: Jitendra Gupta | Published : June 27, 2022 1:08 PM IST

मानसून सत्र अभी शुरू भी नहीं हुआ है और डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया के साथ-साथ जीका वायरस का खतरा मंडराने लगा है। पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी द्वारा किए गए एक विश्लेषण में ये सामने आया है कि जीका वायरस ने कुछ राज्यों में लोगों को संक्रमित करना शुरू कर दिया है। बताया जाता है कि जीका वायरस भ्रूण और नवजातों में पैदाइशी असामान्यता का कारण बन सकता है। बुखार के मामलों पर निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ इस बार बारिश के मौसम में कोविड के मामलों में बढ़ोत्तरी की संभावना जताई जा रही है।

जीका का बढ़ता प्रकोप

अध्ययन में जीका, डेंगू और चिकनगुनिया इंफेक्शन के सामने आने को लेकर भी चिंता जाहिर की है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी ( NIV) ने महाराष्ट्र में जीका के मामलों के सामने आने के बाद पिछले साल इकट्ठा किए 1520 सैंपल का विश्लेषण किया था।

एनआईवी ने 2021 में 1475 मरीजं का सीरम, प्लाजमा, ब्लड और यूरिन सैंपल लिया था, जिसकी जीनोमिक जांच की गई थी। इन सैंपल में से 67 मरीज जीका से संक्रमित पाए गए। ये जीका सैंपल महाराष्ट्र के पड़ोसी राज्य गुजरात, तेलंगाना और दूसरे राज्य से लिए गए थे।

बारिश के बाद बढ़ा खतरा

बता दें कि कुछ राज्यों में बारिश आने के साथ ही मच्छर जनित बीमारियों का खतरा काफी हद तक बढ़ गया है। जीका, डेंगू और चिकनगुनिया एडिज मच्छर के काटने से फैलता है। जीका संक्रमण भ्रूण हानि, मरा हुआ बच्चा पैदा होना और समयपूर्व प्रसव का कारण बन सकता है। आइए जानते हैं गर्भवती महिलाओं को ऐसी क्या सावधानी बरतनी चाहिए, जो उन्हें इस प्रकार की समस्या से बचा सकती है।

गर्भावस्था में जीका से बचना जरूरी

सीडीसी का कहना है कि अगर आप गर्भवती हैं तो आपको जीका वायरस इंफेक्शन से खुद को सुरक्षित रखने के लिए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

चूंकि गर्भावस्था के दौरान जीका वायरस गंभीर जन्म दोष का कारण बन सकता है इसलिए अगर आप गर्भवती हैं तो उन जगह पर जाने से बचें, जहां जीका प्रकोप फैला हुआ है। जहां जीका वायरस का खतरा हो उस जगह की यात्रा करने से पहले डॉक्टर से बात करें और जीका व दूसरे संक्रामक रोगों के संभावित रखने का ध्यान रखें।

गर्भावस्था के दौरान जीका संक्रमण से पूरी तरह बचने का एक मात्र रास्ता है ऐसी जगह जाने से बचें जहां जीका का खतरा हो। इसके अलावा जिन जगहों पर जीका का खतरा हो वहां से लौटे या फिर गए व्यक्ति के साथ संबंध बनाने से बचें।

बता दें कि जीका के उपचार के लिए कोई दवा और कोई वैक्सीन नहीं है। अगर आप किसी ऐसी जगह की यात्रा करने का विचार कर रहे हैं, जहां जीका का खतरा है तो सबसे पहले अपने डॉक्टर से बात करें। गर्भावस्था के दौरान जीका के खतरे को समझना बहुत ही जरूरी है इसलिए खुद को सुरक्षित रखने के लिए जीका के संकेतों का ध्यान रखें।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source