hamburger icon
A
Read in English

प्रेग्नेंसी में फोलिक एसिड लेना जरूरी क्यों होता है? जानें इस सप्लीमेंट का महत्व

प्रेग्नेंसी प्लानिंग कर रही हैं या गर्भधारण कर लिया है, दोनों ही स्थितियों में फोलिक एसिड जरूर लेना चाहिए। फोलिक एसिड शिशु के विकास के लिए बहुत जरूरी होता है।

WrittenBy

Written By: Anju Rawat | Published : July 10, 2026 11:43 AM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Archana Dhawan Bajaj

क्या आपको पता है प्रेग्नेंसी प्लानिंग के दौरान डॉक्टर फोलिक एसिड सप्लीमेंट लेने की सलाह देते हैं। फोलिक एसिड को मां और शिशु, दोनों की सेहत के लिए बहुत जरूरी माना जाता है। फोलिक एसिड, भ्रूण के शुरुआती विकास, कोशिकाओं के निर्माण और डीएनए बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। डॉक्टर प्रेग्नेंसी प्लान करने से लगभग 3 महीने पहले फोलिक एसिड सप्लीमेंट लेने की सलाह देते हैं। इस दवा को पूरी प्रेग्नेंसी के दौरान भी लिया जाता है। आपको बता दें कि फोलिक एसिड, फोलेट का सिंथेटिक रूप है। आमतौर पर फोलेट हरी पत्तेदार सब्जियों, दाल, बीन्स और खट्टे फलों में पाया जाता है। लेकिन, जब खाद्य पदार्थों से इसकी पूर्ति नहीं हो पाती है, तो डॉक्टर सप्लीमेंट लेने की सलाह दे सकते हैं। फोलिक एसिड शरीर में नई कोशिकाओं के निर्माण और डीएनए बनने में मदद कर सकता है।

प्रेग्नेंसी में क्यों जरूरी है फोलिक एसिड?

नर्चर की आईवीएफ एक्सपर्ट और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना धवन बजाज बताती हैं कि प्रेग्नेंसी प्लानिंग के समय से ही फोलिक एसिड लेना शुरू कर देना चाहिए। प्रेग्नेंसी के शुरुआती हफ्तों में शिशु का मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी तेजी से विकसित होती है। अगर इस समय शरीर में फोलिक एसिड की कमी होती है, तो जन्मजात विकार का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए गर्भधारण से पहले और शुरुआती गर्भावस्था में ही फोलिक एसिड लेना बहुत जरूरी माना जाता है।

फोलिक एसिड के फायदे क्या हैं?

  • फोलिक एसिड सप्लीमेंट शिशु में स्पाइना बिफिडा और एनेनसेफली जैसे न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट के जोखिम को कम करने में मदद कर सकता है।
  • यह भ्रूण की कोशिकाओं के विकास और नर्वस सिस्टम के सही निर्माण में अहम भूमिका निभाता है।
  • फोलिक एसिड लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में मदद करता है। इससे प्रेग्नेंसी के दौरान एनीमिया का खतरा कम हो सकता है।
  • गर्भ में शिशु की बढ़ती कोशिकाओं के लिए फोलिक एसिड जरूरी होता है। फोलिक एसिड को डीएनए और आरएनए के निर्माण के लिए जरूरी माना जाता है।

फोलिक एसिड कैसे लेना चाहिए?

NHS के अनुसार, फोलिक एसिड आमतौर पर टैबलेट या लिक्विड के रूप में उपलब्ध होता है। कुछ फोलिक एसिड टैबलेट्स में कई अन्य विटामिन्स और मिनरल्स भी होते हैं, जिन्हें मल्टीविटामिन कहा जाता है।

गर्भवती महिलाओं को प्रेग्नेंसी प्लानिंग के 12 सप्ताह पहले (लगभग 3 महीने) से ही फोलिक एसिड सप्लीमेंट लेना शुरू कर देना चाहिए। इसलिए अगर आप गर्भधारण की योजना बना रही हैं, तो प्रेग्नेंसी से पहले ही फोलिक एसिडलेना शुरू कर दें। फोलिक एसिड लेने का एक सही तरीका होता है- एक टैबलेट को एक गिलास पानी के साथ पूरा निगलना। फोलिक एसिड कब और कितनी मात्रा में लेना है, इसके लिए आपको डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।

Disclaimer: खाद्य पदार्थों से पर्याप्त मात्रा में फोलिक एसिड नहीं मिल पाना संभव नहीं होता है। इसलिए प्रेग्नेंसी प्लान कर रही महिलाओं और गर्भवती महिलाओं के लिए फोलिक एसिड सप्लीमेंट लेना जरूरी माना जाता है। यह सप्लीमेंट शिशु के मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी के विकास में मदद करता है। इसलिए अगर आप प्रेग्नेंसी प्लान कर रही हैं या प्रेग्नेंट हैं, तो सही मात्रा में फोलिक एसिड सप्लीमेंट जरूर लें। लेकिन, बिना डॉक्टर की सलाह के फोलिक एसिड का सेवन बिल्कुल न करें। फोलिक एसिड की डोज और इसे लेने का सही समय डॉक्टर की सलाह पर ही तय करें।