
किशोरी मिश्रा
किशोरी मिश्रा को डिजिटल मीडिया का लगभग 8+ वर्षों का व्यापक अनुभव है, जिसमें स्वास्थ्य (Health) और जीवनशैली ... Read More
Written By: Kishori Mishra | Published : June 1, 2026 5:35 PM IST
Medically Verified By: Dr. Madhavi Reddy Vennapusa
Baby movement during pregnancy
Baby movement during pregnancy : गर्भावस्था के दौरान बच्चे की हलचल मां और बच्चे दोनों की सेहत का एक महत्वपूर्ण संकेत माना जाता है। जैसे-जैसे प्रेग्नेंसी आगे बढ़ती है, मां को बच्चे की किक, करवट या हलचल नियमित रूप से महसूस होने लगती है। ऐसे में अगर अचानक बच्चे की मूवमेंट कम महसूस होने लगे, तो कई मां को काफी चिंता होने लगती है। हालांकि, हर बार यह किसी गंभीर समस्या का संकेत नहीं होता, लेकिन इसे नजरअंदाज भी नहीं करना चाहिए। आइए हैदराबाद स्थित नारायणा हॉस्पिटल की सीनियर कंसल्टेंट ऑब्स्टेट्रिशियन और गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. माधवी रेड्डी वेन्नापुसा से विस्तार से समझते हैं प्रेग्नेंसी के दौरान कम हलचल महसूस हो, तो क्या करें?
आमतौर पर पहली बार मां बनने वाली महिलाओं को 18 से 24 सप्ताह के बीच बच्चे की हलचल महसूस होने लगती है। दूसरी या तीसरी प्रेग्नेंसी में यह अनुभव थोड़ा पहले भी हो सकता है। गर्भावस्था बढ़ने के साथ बच्चे की मूवमेंट अधिक स्पष्ट होने लगती है।
कई बार बच्चे की स्थिति बदलने की वजह से मूवमेंट कम महसूस हो सकती है। इसके अलावा मां का व्यस्त होना, अधिक एक्टिव रहना या सामने की ओर प्लेसेंटा (Anterior Placenta) होना भी बच्चे की किक को कम महसूस करा सकता है।
कुछ मामलों में बच्चे का सोने का सर्कल भी कारण हो सकता है। गर्भ में शिशु 20 से 40 मिनट तक और कभी-कभी 90 मिनट तक भी सो सकता है, जिसके दौरान हलचल कम महसूस हो सकती है।
अगर आपको लगता है कि बच्चे की मूवमेंट सामान्य से कम है, तो सबसे पहले घबराने की जरूरत नहीं है।
आमतौर पर दो घंटे के अंदर कई बार हलचल महसूस होनी चाहिए। यदि पहले की तुलना में स्पष्ट रूप से कमी नजर आ रही है, तो डॉक्टर से संपर्क करना बेहतर होता है।
अगर 28 सप्ताह के बाद बच्चे की हलचल अचानक बहुत कम हो जाए या बिल्कुल महसूस न हो, तो बिना देर किए अपनी गायनेकोलॉजिस्ट से संपर्क करें। डॉक्टर जरूरत पड़ने पर नॉन-स्ट्रेस टेस्ट (NST), अल्ट्रासाउंड या अन्य जांच के जरिए बच्चे की स्थिति का आकलन कर सकते हैं।
जी नहीं, बच्चे की मूवमेंट में थोड़े-बहुत बदलाव सामान्य हो सकते हैं। लेकिन लगातार कम होती हलचल कभी-कभी बच्चे तक ऑक्सीजन या पोषण की आपूर्ति में समस्या का संकेत भी हो सकती है। इसलिए ऐसी स्थिति में स्वयं अनुमान लगाने के बजाय डॉक्टर की सलाह लेना सबसे सुरक्षित विकल्प है।
Disclaimer : प्रेग्नेंसी के दौरान बच्चे की हलचल मां को यह भरोसा दिलाती है कि शिशु स्वस्थ और सक्रिय है। यदि कभी मूवमेंट कम महसूस हो, तो पहले कुछ समय तक ध्यानपूर्वक निगरानी करें। लेकिन अगर कमी बनी रहे या बच्चा सामान्य से कम सक्रिय लगे, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। समय पर जांच और सलाह मां और बच्चे दोनों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।