
... Read More
Written By: Anshumala | Published : October 3, 2018 4:28 PM IST
गर्भावस्था के दौरान आप अपनी सीमाओं के बावजूद योग के कुछ चुनिंदा आसन का इस्तेमाल करके चुस्त-दुरुस्त रह सकती हैं। © Shutterstock
अक्सर प्रेगनेंसी में कुछ महिलाएं बिल्कुल भी एक्टिव नहीं रहती हैं। ऐसा करना सेहत के साथ-साथ शरीर के लिए भी ठीक नहीं है। महिलाओं के गर्भवती होने के कुछ महीनों बाद से आराम की सलाह दी जाती है, लेकिन गर्भावस्था में हल्के काम और व्यायाम से जन्म लेने वाले बच्चे को कुछ बीमारियों से बचाया जा सकता है। एक अध्ययन की मानें तो गर्भावस्था में व्यायाम से आने वाले बच्चे को भविष्य में अल्जाइमर जैसी घातक बीमारियों से बचाया जा सकता है। यदि आप प्रेगनेंट हैं, तो डॉक्टर की सलाह लेकर हल्के एक्सरसाइज और योग का सहारा जरूर लें। इससे आप पूरे नौ महीने फिट बनी रहेंगी।
प्रेगनेंसी और डिलीवरी के बाद चीजें भूल जाना, कहीं इस बीमारी की शिकार तो नहीं हो रहीं आप
गर्भावस्था के समय काम
महिला को गर्भकाल के दौरान हल्के-फुल्के काम करते रहना चाहिए, क्योंकि यह दोनों के शरीर में आकार व वजन के बदलने में काफी महत्वपूर्ण होता है। गर्भावस्था में व्यायाम करने से शरीर में जोश व स्फूर्ति बनी रहती है। साथ ही मांसपेशियों व जोड़ों का कसाव, लचीलापन व ताकत बढ़ती है। ऐंठन, कमर दर्द, वेरिकोज वेन और अन्य बीमारियों से छुटकारा मिलता है। गर्भावस्था में काम करते रहने से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से भी बचा जा सकता है। गर्भावस्था के दौरान शारीरिक रूप से सक्रिय रहने वाली महिलाओं में रक्तचाप और वजन भी नियंत्रित रहता है। गर्भावस्था के दौरान नियमित व्यायाम से महिलाओं के गर्भस्थ शिशु का वजन भी सामान्य रहता है।
एक्सरसाइज करने से पहले कुछ सलाह
- व्यायाम करने से पहले हर गर्भवती महिला को अपने डॉक्टर से परामर्श करना चाहिए। यह जानना चाहिए कि कौन सा व्यायाम आपको सूट करेगा।
- हमेशा यह याद रखें कि व्यायाम शुरू करने से पहले वॉर्मअप और कसरत के बाद कूल डाउन होना है। साधारण व्यायाम करें जिससे शरीर में लचीलापन बना रहे ताकि चोटिल होने से बचा जा सके।
प्रेगनेंसी में खाएं तुलसी, होंगे ये 6 चमत्कारी फायदे
- फिट रहने के लिए प्रतिदिन 30 मिनट एक्सरसाइज करें।
- शरीर में पानी की कमी नहीं होने देनी चाहिए। गर्भवती महिला को शारीरिक परिवर्तन होने के कारण अधिक पानी की आवश्कता पड़ती है, इसलिए एक्सरसाइज करने से पहले और कसरत करने के बाद भी पानी की बराबर मात्रा शरीर में होना आवश्यक है। ग्लूकोज वाला पानी ज्यादा फायदेमंद है। पानी मां के दूध के लिए भी काफी जरूरी होता है।
- गर्भकाल के दौरान महिलाओं को अक्सर पीठ और कमर में दर्द की शिकायत बनी रहती है। इसके लिए आप बैक एक्सरसाइज करें, लेकिन इसे करने से पहले डॉक्टर से सलाह ले लें। प्रेगनेंसी में यात्रा पर जाने से पहले, रखें इन बातों का खास ख्याल
प्रेगनेंसी में करें ये व्यायाम
योग- गर्भावस्था के दौरान आप अपनी सीमाओं के बावजूद योग के कुछ चुनिंदा आसन का इस्तेमाल करके चुस्त-दुरुस्त रह सकती हैं। प्रतिदिन योग करने से असामान्य रक्तचाप की समस्या समाप्त हो जाती है। शुगर लेवल कंट्रोल में रहता है। इसके अलावा आप योग क्लास ज्वाइन कर भी इसका भरपूर लाभ उठा सकती हैं।
खूब चलें- हमारे रोजमर्रा का जिंदगी में टहलना सबसे अच्छा व्यायाम माना जाता है इसलिए प्रेगनेंट महिलाओं को सुबह-शाम खूब टहलना चाहिए।
तैरना है जरूरी- हमारे शरीर की कोशिकाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए तैराकी सबसे अच्छा व्यायाम माना जाता है। गर्भकाल के दौरान महिलाओं के लिए यह काफी अच्छा व्यायाम है। इसके लिए गर्भवती महिलाओं के लिए अलग से स्वीमिग सेंटर भी बनाए गए हैं।
वेट लिफ्टिंग- वजन उठाने से शरीर में जोश व स्फूर्ति बनी रहती है। साथ ही मांसपेशियों और जोड़ों का कसाव, लचीलापन व ताकत बढ़ती है। गर्भवती महिलाओं को वेट लिफ्टिंग करते समय थोड़ा सावधानी बरतनी चाहिए जिससे वजन उठाते समय कोई घटना या चोट ना लगे।