
साधना तिवारी
साधना तिवारी 15 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में हैं। लगभग 9 वर्षों से अधिक समय से ZEE ग्रुप के साथ जुड़ी हुई ... Read More
Written By: Sadhna Tiwari | Published : September 7, 2018 12:48 PM IST
दूसरी बार गर्भवती हुई महिला को भी नए बच्चे के आने के बाद अपने पहले बच्चे और अपनी ज़िंदगी में आनेवाले बदलावों को लेकर फिक्र होती है। @instagram.
बच्चे का जन्म शायद किसी भी परिवार के लिए सबसे सुखद अनुभव होता है। एक नन्हा-सा मेहमान आपके घर आकर आपकी दुनिया ही बदल देता है। लेकिन इसका दूसरा पहलू देखें तो कई बार आपको अजीब-अजीब तरह की बातें भी सुनने को मिलती हैं। आपके आसपास के लोग दूसरे बच्चे के जन्म के बाद आपको इसके फायदे और नुकसान गिनाना शुरु कर सकते हैं। इसीलिए हमारी गुज़ारिश है आपसे कि अगर आप किसी ऐसी महिला से मिलें जो दूसरी बार मां बन रही है तो भूलकर भी उनसे ये बातें ना कहें, जैसे:-
1.दो-दो बच्चे, तुम कैसे संभालोगी!
इस बात को समझना बहुत ज़रूरी है कि किसी भी मां के पास इस सवाल का जवाब नहीं होगा। उसे बिल्कुल पता नहीं कि वह दो-दो बच्चों के साथ अपना परिवार और करियर को कैसे संभालेगी। आपके इस सवाल से केवल उसका तनाव ही बढ़ेगा जो उसे याद दिलाएगा कि किस तरह उसने अपने पहले बच्चे को संभालते हुए ढेर सारी परेशानियां उठाई थीं। बेहतर तो होगा कि आप उनसे कहें कि सबकुछ बहुत अच्छे से हो जाएगा। यकीन मानिए आपको इन शब्दों से उसका हौसला बढ़ेगा और उसे खुशी भी होगी।
2.अब तो पहले बच्चे को पहले जैसा प्यार नहीं मिलेगा।
इस संसार में एक मां ही है जो बिना भेदभाव के अपने सभी बच्चों को समान रूप से प्यार करती है। इसलिए आपका इस तरह से बात करना बेमानी ही साबित होगा। दूसरी बार गर्भवती हुई महिला को भी नए बच्चे के आने के बाद अपने पहले बच्चे और अपनी ज़िंदगी में आनेवाले बदलावों को लेकर फिक्र होती है। लेकिन फिर भी वह अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की पूरी कोशिश में लगी रहती है। भविष्य में होनेवाली चीजों का ज़िक्र करके उसकी परेशानी मत बढ़ाइए। बजाय आप उससे कहें कि वो एक अच्छी मां है और अपने पहले बच्चे की ही तरह दूसरे बच्चे का भी अच्छी तरह ख्याल रख सकेगी। और हां, अगर सचमुच आप फिक्रमंद हैं और उसकी मदद करना चाहते हैं तो उससे ज़रूर कहें कि ज़रूरत के वक्त वो आप याद कर सकती है।
3. तुम्हारी ज़िंदगी से रोमांस खत्म समझो
पहले बच्चे के साथ भी कैंडल लाइट डिनर और रोमांस उतना ही कठिन है जितना दूसरे बच्चे के साथ होगा। यह सच है कि बच्चे के आने के बाद पति-पत्नी एक-दूसरे को बहुत अधिक समय नहीं दे पाते। लेकिन कोई भी जिम्मेदार और समझदार जोड़ा इन बातों को संभाल सकता है और यही बात आपको दूसरी बार मां बन रही उस महिला से कहनी हैं। उनसे कहिए कि, भले ही चीजें पहले जैसी न रहें लेकिन धीरे-धीरे सब ठीक हो जाएगा। वैसे भी जाने-अनजाने बच्चों की देखभाल के साथ आप दोनों को भी पास आने का मौका मिलता रहेगा।
4. तुमने अपना करियर खुद ही खत्म कर दिया
ऐसा नहीं कि दूसरा बच्चा होने के बाद करियर पूरी तरह खत्म हो जाता है। डायपर बदलना और दूध पिलाना कुछ समय का ही काम है। परिवार की मदद और एक योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ते हुए करियर और बच्चे संभालना धीरे-धीरे आसान हो जाएगा। याद रखिए नीता अंबानी, इंदिरा नूई और फराह खान जैसी मशहूर और सफल महिलाएं भी एक से अधिक बच्चों की मां हैं।