गर्मियों में गर्भवती महिलाओं की डाइट कैसी होनी चाहिए? जानिए एक्सपर्ट की सलाह

Pregnancy diet in summer : गर्भवती महिलाओं के लिए गर्मियों का मौसम काफी ज्यादा परेशान करने वाला होता है। ऐसे में उन्हें अपनी डाइट पर खास ध्यान देने की जरूरत होती है। आइए जानते हैं गर्मियों में गर्भवती महिलाओं का कैसा होना चाहिए डाइट?

WrittenBy

Written By: Kishori Mishra | Published : May 25, 2026 9:07 AM IST

Pregnant women summer food : गर्मियों का मौसम गर्भवती महिलाओं के लिए काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। क्योंकि इस सीजन में तेज गर्मी, पसीना, डिहाइड्रेशन और भूख कम लगने जैसी समस्याएं होने का खतरा काफी ज्यादा रहता है, जिसकी वजह से शरीर काफी जल्दी थक जाता है। ऐसे समय में सही खानपान न सिर्फ मां की सेहत के लिए जरूरी होता है, बल्कि बच्चे के विकास पर भी सीधा असर डालता है।

यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद में कंसल्टेंट ऑब्स्टेट्रिशियन और गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. कार्तिका रेड्डी बायरेड्डी का कहना है कि गर्मियों में प्रेग्नेंसी डाइट ऐसी होनी चाहिए जो शरीर को हाइड्रेट रखे, आसानी से पच जाए और जरूरी पोषक तत्वों की कमी न होने दे।

शरीर को हाइड्रेट रखना सबसे जरूरी

गर्मी में शरीर से पसीने के जरिए पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स तेजी से निकलते हैं। ऐसे में प्रेग्नेंट महिलाओं को दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। साधारण पानी के अलावा नारियल पानी, छाछ और नींबू पानी जैसे हेल्दी ड्रिंक्स भी फायदेमंद होते हैं। ये शरीर को ठंडक देने के साथ कमजोरी और चक्कर आने की समस्या से बचाते हैं।

मौसमी फलों को डाइट में करें शामिल

तरबूज, खरबूजा, संतरा और खीरा जैसे मौसमी फल शरीर में पानी की कमी नहीं होने देते। इनमें विटामिन C, फाइबर और नेचुरल शुगर होती है, जो एनर्जी बनाए रखने में मदद करती है। हालांकि, फलों को हमेशा अच्छी तरह धोकर ही खाना चाहिए ताकि किसी तरह के इंफेक्शन का खतरा न रहे।

छोटे-छोटे मील लेना बेहतर

गर्मी में एक साथ ज्यादा खाना खाने से भारीपन और एसिडिटी हो सकती है। इसलिए दिनभर में छोटे-छोटे मील लेना ज्यादा अच्छा माना जाता है। प्रोटीन से भरपूर चीजें जैसे अंडे, दालें, पनीर, दही, चना और कम फैट वाला मीट बच्चे की ग्रोथ के लिए जरूरी होते हैं। ये ब्लड शुगर को भी संतुलित रखने में मदद करते हैं।

सब्जियां और फाइबर से भरपूर भोजन जरूरी

डाइट की आधी प्लेट में हरी और रंग-बिरंगी सब्जियां शामिल करनी चाहिए। पालक, लौकी, गाजर और खीरा जैसी सब्जियां शरीर को जरूरी विटामिन और मिनरल्स देती हैं। इसके साथ ही ब्राउन राइस, रागी और बाजरा जैसे होल ग्रेन्स कब्ज की समस्या को कम करने और लंबे समय तक एनर्जी देने में मदद करते हैं।

किन चीजों से बचना चाहिए?

गर्मी में बहुत ज्यादा तला-भुना और मसालेदार खाना खाने से हार्टबर्न और बेचैनी बढ़ सकती है। इसके अलावा कच्चा या अधपका खाना, अनपाश्चराइज्ड डेयरी प्रोडक्ट्स और ज्यादा कैफीन से भी बचना चाहिए, क्योंकि इससे इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है।

अगर भूख कम लगे तो क्या करें?

कई महिलाओं को गर्मियों में मतली या भूख कम लगने की समस्या होती है। ऐसे में हल्का और फ्लूइड से भरपूर खाना लेना बेहतर होता है। दही, उबला चना, सूखे मेवे और सादा खाना शरीर को जरूरी पोषण देने में मदद करते हैं।

Disclaimer : गर्भावस्था के दौरान हर महिला की जरूरत अलग होती है। इसलिए डाइट या सप्लीमेंट्स में कोई बड़ा बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। सही खानपान और पर्याप्त पानी गर्मियों में स्वस्थ प्रेग्नेंसी बनाए रखने की कुंजी है।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source