
मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा दिल्ली यूनिर्विसिटी से जर्नलिज्म डिग्री होल्डर हैं और पिछले 8 साल से Health Journalism से जुड़े हुए ... Read More
Medically Verified By: Dr. C.P. Dadhich
pre pregnancy care (AI generated image)
गर्भधारण करना एक महिला के जीवन का जितना खूबसूरत समय होता है, उतना ही संवेदनशील भी होता है। गर्भवती होने के बाद कपल्स आमतौर पर प्रेगनेंसी केयर पर ध्यान केंद्रित करते हैं। लेकिन वास्तव में मां और बच्चे के अच्छे स्वास्थ्य के लिए यह बेहद जरूरी है कि प्रेगनेंसी प्लान करने से पहले या प्लानिंग के दौरान ही कुछ खास बातों का ध्यान रखा जाए। प्रारंभिक गर्भावस्था यानी प्री-कॉन्सेप्शन केयर की तैयारी की प्रक्रिया न केवल मां बल्कि बच्चे के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। प्रेगनेंसी के लिए शरीर को पहले से तैयार करना बेहद जरूरी है और इसकी मदद से कुछ जटिलताओं की संभावना को कम किया जा सकता है। डॉ. सीपी दाधीच डायरेक्टर, ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी, सीके बिरला हॉस्पिटल ने इस बारे में काफी महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं, जिनके बारे में हम आपको इस लेख में बताने वाले हैं। जिसकी मदद से कपल्स को अपनी सामान्य फिटनेस पर काम करने और साथ ही यह समझने मदद मिलेगी कि उनके लिए क्या समस्याएं हो सकती हैं।
जिन महिलाओं को पहले से ही कोई क्रोनिक डिजीज यानी लंबे समय से कोई बीमारी है जैसे डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, थायराइड रोग या एनीमिया आदि तो उन्हें गर्भावस्था से ठीक पहले इन्हें कंट्रोल कर लेना चाहिए और स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए। इस प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं को ठीक से नियंत्रित नहीं किया गया तो कई गंभीर समस्या होने का खतरा बढ़ सकता है जैसे गर्भपात, जन्म संबंधी असामान्यताएं, समय से पहले प्रसव और गर्भावस्था संबंधी जटिलताएं आदि।
प्रेगनेंसी से पहले यह बेहद जरूरी है कि आप समय रहते अपने स्त्री रोग विशेषज्ञ से जांच कराते रहें, जिसे प्री-प्रेगनेंसी कंसल्टेशन के रूप में किया जाता है। इससे आप यह अच्छे से समझ पाएंगी कि एक सुरक्षित और स्वस्थ गर्भधारण करने के लिए आपका शरीर कितना फिट है। इस जांच की मदद से आप प्रेगनेंसी से पहले ही उससे जुड़ी जटिलताओं का पता लगा पाएंगे और उनसे बचाव भी कर पाएंगी।
अच्छा व संतुलित खाना आपकी स्वस्थ गर्भावस्था की ओर पहला कदम माना जाएगा। अच्छा खानपान आपके स्वास्थ्य को न सिर्फ एक स्वस्थ गर्भधारण के लिए तैयार करता है, बल्कि यह भी सुनिश्चित करता है कि गर्भ में बच्चे का पालन-पोषण अच्छे से होगा। डाइट से जुड़ी किसी भी सलाह के लिए डाईटीशियन से संपर्क करने की सलाह दी जाती है।
गर्भधारण करने से पहले अपने शरीर के वजन की जांच करना बेहद जरूरी है, ताकि यह पता लगा सकें कि आपका वजन सही है या नहीं। ऐसा इसलिए क्योंकि सामान्य से कम या ज्यादा वजन दोनों ही आपकी गर्भ के लिए नुकसानदायक हो सकता है। अगर शरीर का वजन ज्यादा है, तो उसे गर्भधारण करने से पहले कम कर लेना चाहिए और अगर शरीर का वजन कम है, तो अपना हेल्दी वेट बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। साथ में यह भी ध्यान रखना होगा कि जरूरत से ज्यादा बढ़ा हुआ वजन आपकी प्रजनन क्षमता पर प्रभाव डाल सकता है।
डिसक्लेमर: इस लेख का उद्देश्य केवल गर्भावस्था से पहले किन बातों का ध्यान रखना चाहिए आदि के बारे में जानकारी देना है और इसमें दी गई किसी भी जानकारी का इस्तेमाल किसी भी बीमारी के इलाज के लिए नहीं है और उसके लिए आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।