
... Read More
Written By: Anshumala | Updated : April 5, 2019 8:30 PM IST
प्रेगनेंट महिलाएं नवरात्रि में उपवास के दौरान इन उपायों को जरूर अपनाएं। © Shutterstock.
चैत्र नवरात्रि 6 अप्रैल से शुरू हो रहे हैं, जो 14 अप्रैल तक चलेगा। नवरात्रि के इस शुभ अवसर पर हर कोई पूजा, व्रत आदि करता है। कुछ लोग नवरात्रि में पूरे नौ दिन तक व्रत रखते हैं तो कुछ सिर्फ दो यानी पहला और आखिरी व्रत ही रखते हैं। अक्सर प्रेगनेंट महिलाएं भी नवरात्रि का व्रत रखती हैं, पर क्या उनके लिए पूरे नौ दिन का व्रत रखना, उनके और उनके गर्भ में पल रहे बच्चे की सेहत के लिए ठीक होता है? यदि गर्भवती महिलाएं व्रत रखती भी हैं, तो उन्हें किन बातों का ख्याल रखना चाहिए, जानें यहां-
1 गर्भावस्था में महिला के साथ-साथ गर्भ में पल रहे बच्चे के लिए भी पोषण की आवश्यकता होती है। ऐसे में व्रत के दौरान आप नॉर्मल दिनों की तरह खाती-पीती नहीं रहती हैं, इसलिए व्रत के दौरान आप जो भी खाएं, वह न्यट्रिएंट से भरपूर हो, ताकि शरीर में किसी भी चीज की कमी ना होने पाए। बेहतर होगा कि आप किसी डाइटिशियन से खाने-पीने के बारे में राय ले लें। व्रत में उन्हीं चीजों को शामिल करें जो हेल्दी हों।
बार-बार उपवास से कीजिए परहेज, वरना हो सकते हैं diabetes के शिकार
2 डॉक्टरों के अनुसार, व्रत के दौरान प्रेगनेंट महिला के शरीर में जो प्रभाव पड़ता है, उसका सीधा असर उसके गर्भ में पल रहे बच्चे पर सबसे ज्यादा होता है। उन्हीं महिलाओं को इन दिनों व्रत या उपवास रखना चाहिए, जिन्हें डायबिटीज या अन्य कोई शारीरिक समस्या नहीं है। यदि गर्भवती महिला को कमजोरी महसूस हो या फिर शरीर में खून की कमी हो तो भूलकर भी व्रत ना रखें। इससे होने वाले बच्चे को सबसे ज्यादा हानी पहुंच सकता है।
तीन महीने से कम की प्रेगनेंसी में व्रत करने से बचें। पहले तीन महीनों में देर तक भूखे रहने से आपको उल्टी, जी मिचलाना और पेट दर्द की समस्या हो सकती है। चक्कर भी आ सकता है। जब तक आप पूरी तरह से फिट और हेल्दी महसूस नहीं करती हैं, तब तक नवरात्रि का व्रत रखने से बचें। भविष्य में आप कई ऐसे नवरात्रि के व्रत पूरे हर्षोल्लास से मना सकती हैं।
नवरात्र 2019 : डायबिटीज या ब्लड प्रेशर के हैं मरीज तो नवरात्र के दौरान इन बातों का जरूर रखें ध्यान
- व्रत रख रही हैं, तो हर दो घंटे में कुछ न कुछ जरूर खाती रहें। इससे शरीर में पोषण की कमी नहीं होगी और आपको कमजोरी भी महसूस नहीं होगी।
- शरीर को हाइड्रेट रखें। खूब पानी पीएं। इससे इस भीषण गर्मी में आपको डिहाइड्रेशन की समस्या नहीं होगी। नारियल पानी, दूध, जूस भी पीती रहें।
- व्रत में पौष्टिक चीजें खाएं। तली-भुनी चीजों से परहेज करें। इससे आपको उल्टी महसूस हो सकती है। पेट भारी लगेगा और कब्ज की भी समस्या हो जाएगी।
- कॉफी या चाय का सेवन ना ही करें तो आपके लिए अच्छा होगा।
- गर्भवती महिलाओं को उपवास के दौरान व्यायाम या भारी काम करने से बचना चाहिए।
- निर्जला व्रत ना करें।
- शरीर में जरा सी भी तकलीफ महसूस हो तो अपनी डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें।