hamburger icon
A
Read in English

होम प्रेग्नेंसी टेस्ट करते समय ये गलतियां पड़ सकती हैं भारी, जानिए सही तरीका

पीरियड्स मिस होने पर ज्यादातर महिलाएं होम प्रेग्नेंसी टेस्ट किट का यूज करती हैं। लेकिन ज्यादातर मामलों में गलत तरीके से प्रेग्नेंसी टेस्ट किट यूज करने से रिजल्ट गलत आ सकता है।

WrittenBy

Written By: Ashu Kumar Das | Published : August 3, 2026 12:33 PM IST

रात को नींद नहीं आ रही। दिल जोर-जोर से धड़क रहा है। बाथरूम का दरवाजा बंद है और हाथ में एक छोटी सी स्टिक। एक लाइन आएगी या दो? होम प्रेग्नेंसी टेस्ट यानी HPT आजकल हर घर की फर्स्ट-एड किट जैसा हो गया है। पीरियड्स मिस होने पर ज्यादातर महिलाएं पास वाले मेडिकल स्टोर पर जाती हैं और होम प्रेग्नेंसी टेस्ट किट लेकर आ जाती हैं। क्योंकि इस किट से न सिर्फ 5 मिनट में रिजल्ट मिल जाता है, बल्कि न तो महिलाओं को अस्पताल जाने की जरूरत पड़ती है और न ही किसी अन्य पूछताछ की। लेकिन नई दिल्ली के मैक्योर हॉस्पिटल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. गीतांजलि सेठिया बताती हैं कि कई बार होम प्रेग्नेंसी टेस्ट करने में महिलाएं कुछ गलतियां करती हैं। इस गलती के कारण न सिर्फ प्रेग्नेंसी टेस्ट गलत आता है, बल्कि खुशखबरी की बजाय आपको टेंशन भी मिल जाती है। आज हम आपको बताने जा रहे हैं होम प्रेग्नेंसी टेस्ट करते समय कौन सी गलतियां नहीं करनी चाहिए और होम प्रेग्नेंसी टेस्ट करने का सही तरीका क्या है?

होम प्रेग्नेंसी टेस्ट किट कैसे काम करती है?

PubMed Centrlकी वेबसाइट पर मौजूद एक रिसर्च बताती है कि प्रेग्नेंसी टेस्ट पेशाब में एक हार्मोन चेक करता है - HCG यानी Human Chorionic Gonadotropin। यह हार्मोन तभी बनता है जब भ्रूण गर्भाशय की दीवार से चिपक जाता है। मतलब प्रेग्नेंसी की शुरुआत होती है। होम प्रेग्नेंसी किट में लाइन तभी आती है जब पेशाब में HCG एक खास लेवल से ऊपर हो।

एक प्रेग्नेंसी टेस्ट किट को एक ही बार यूज करना चाहिए।

होम प्रेग्नेंसी टेस्ट करते समय कौन सी गलतियां न करें?

डॉ. गीतांजलि सेठिया कहती हैं कि होम प्रेग्नेंसी टेस्ट करते समय कुछ खास गलतियां करने से बचना चाहिए। इसमें मुख्य रूप से शामिल है-

बहुत जल्दी टेस्ट करना- डॉक्टर कहती हैं कि ज्यादातर महिलाएं पीरियड्स मिस होने के 1 या 2 दिन बाद ही प्रेग्नेंसी टेस्ट करने लगती हैं। जल्दी टेस्ट करने से भी आपका रिजल्ट नेगेटिव आ सकता है। डॉ. सेठिया कहती हैं कि अधिकतर किट तभी सही रिजल्ट देती हैं जब आपका पीरियड 1 हफ्ता लेट हो जाए। क्योंकि HCG को बनने और बढ़ने में समय लगता है। बहुत जल्दी टेस्ट करेंगे तो भले ही प्रेग्नेंसी हो, लाइन हल्की आएगी या आएगी ही नहीं। इसे False Negative कहते हैं। इसिलए पीरियड्स लेट के 6 से 7 दिन बाद ही प्रेग्नेंसी टेस्ट करें।

  1. दिन में कभी भी टेस्ट करना- डॉक्टर बताती हैं कि ज्यादातर महिलाएं जब मन आए तभी प्रेग्नेंसी टेस्ट कर लेती हैं। सुबह 11 बजे, दोपहर में, रात को... जब मन किया कर लिया। लेकिन यह करना पूरी तरह से गलत है। दिन भर में हम 2-3 लीटर पानी पीते हैं। इससे पेशाब पतला हो जाता है और HCG डाइल्यूट हो जाता है। इसलिए होम प्रेग्नेंसी टेस्ट किट हमेशा सुबह खाली पेट यूज करनी चाहिए। पूरी रात में HCG सबसे ज्यादा कंसंट्रेटेड होता है। उठते ही, बिना पानी पिए टेस्ट करने से रिजल्ट सही आता है।
  2. लेबल पर जानकारी न पढ़ना- सील तोड़ो, स्टिक पेशाब में डुबो, 5 मिनट में देखो होम प्रेग्नेंसी टेस्ट किट को अक्सर लोग ऐसे ही इस्तेमाल करते हैं। लेकिन हर कंपनी की किट अलग होती है। किसी में 3 बूंद डालनी है, किसी में स्टिक को 10 सेकंड रखना है। जल्दी में लोग स्टिक को ज्यादा देर डुबो देते हैं या रिजल्ट 10 मिनट बाद देखते हैं। तब एक फेक लाइन आ जाती है। इसलिए किसी भी होम प्रेग्नेंसी टेस्ट किट को यूज करने से पहले लेबल को पूरी तरह से पढ़ना बहुत जरूरी है।
  3. गलत तरीके से स्टोर करना- कई बार महिलाएं बाजार से प्रेग्नेंसी टेस्ट कीट खरीद लेती हैं ताकि जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल किया जा सके। बाजार से खरीदने के बाद इस कीट को अक्सर महिलाएं बाथरूम में गलत तरीके से रख देती हैं। बाथरूम में नमी और गर्मी होने की वजह से होम प्रेग्नेंसी टेस्ट कीट का केमिकल खराब हो जाता है। इस कीट को यूज करने से रिजल्ट गलत आ सकता है।
  4. एक ही किट पर भरोसा करना- महिलाएं कई बार एक ही प्रेग्नेंसी टेस्ट कीट पर भरोसा कर लेती हैं और पहली बार में जो रिजल्ट आता है उसे सही मान लेती हैं। लेकिन ऐसा करना बिल्कुल गलत है। स्त्री रोग विशेषज्ञ बताती हैं कि HCG हर 48 घंटे में डबल होता है। आज हल्की लाइन है तो 3 दिन बाद गहरी हो जाएगी। इसलिए पहली बार में अगर रिजल्ट कंफ्यूजिंग है या नेगेटिव आया है लेकिन पीरियड फिर भी नहीं आए, तो 1 हफ्ते बाद दूसरी किट से दोबारा टेस्ट करें। और पॉजिटिव आए तो तुरंत डॉक्टर से खून का टेस्ट और अल्ट्रासाउंड कराएं।

होम प्रेग्नेंसी टेस्ट किट यूज करने में छोटी- छोटी गलतियां भारी पड़ सकती हैं। होम प्रेग्नेंसी टेस्ट किट यूज करने में छोटी- छोटी गलतियां भारी पड़ सकती हैं।

क्या है होम प्रेग्नेंसी टेस्ट किट यूज करने का सही तरीका

  1. स्टेप 1: सही समय चुनें- होम प्रेग्नेंसी टेस्ट कीट हमेशा पीरियड मिस होने के 7 दिन बाद और सुबह उठते ही पहला पेशाब के समय ही यूज करें
  2. स्टेप 2: तैयारी- होम प्रेग्नेंसी टेस्ट किट का इस्तेमाल करने से पहले हाथों को साबुन और पानी से अच्छे से धोएं। किट को पैकेट से निकालें। टाइमर और साफ कप साथ रखें।
  3. स्टेप 3: सैंपल लें- कप में पेशाब लें या डायरेक्ट स्टिक पर 10-15 सेकंड के लिए पेशाब की धार लगाएं।
  4. स्टेप 4: इंतजार करें- पेशाब डालने के बाद स्टिक को सपाट जगह पर रख दें। पैकेट पर जो समय लिखा है उतना ही रुकें।
  5. स्टेप 5: रिजल्ट पढ़ें और फेंक दें- समय पूरा होते ही एक बार देखें और फोटो ले लें।

डॉ. गीतांजलि सेठिया कहती हैं कि एक स्टिक आपकी जिंदगी तय नहीं करती। होम प्रेग्नेंसी टेस्ट की कीट में रिजल्ट नेगेटिव आने पर भी घबराइए मत, हो सकता है समय से पहले कर लिया हो। पॉजिटिव आने पर भी पैनिक मत कीजिए। होम टेस्ट एक शुरुआती इशारा है, फाइनल फैसला नहीं। शांत रहें, इंस्ट्रक्शन पढ़ें, सही समय का इंतजार करें। और कोई भी कन्फ्यूजन हो तो अपने गायनेकोलॉजिस्ट से बात जरूर करें।

Disclaimer: यह लेख केवल जानकारी के लिए है। प्रेग्नेंसी की पुष्टि के लिए डॉक्टर से जांच और अल्ट्रासाउंड कराना जरूरी है। इसलिए प्रेग्नेंसी होम किट पर पूरी तरह से भरोसा बिल्कुल न करें।