पहली बार मां बनी हैं तो ब्रेस्टफीडिंग के दौरान इन बातों का रखें ध्यान, जानें क्यों जरूरी है स्तनपान?

पहली बार मां बनने वाली महिलाओं को स्तनपान करवाते समय कई चीजों का ध्यान रखना होता है। जानें, इनके बारे में-

WrittenBy

Written By: Anju Rawat | Published : August 4, 2025 5:46 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: Dr. Shobha Gupta

Breastfeeding Tips in Hindi: जब एक महिला मां बनती है, तो उसके लिए सबसे जरूरी होता है अपने बच्चे की सभी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाना। जैसे-जैसे बच्चा बढ़ा होता है, मां की जिम्मेदारियां बढ़ती जाती हैं। लेकिन, नवजात शिशु के लिए मां की पहली जिम्मेदारी होती है उसे सही तरीके से स्तनपान करवाना। ताकि, स्तनपान से बच्चे को सही पोषण मिले और बच्चा स्वस्थ रहे। बच्चे को स्तनपान करवाना उन महिलाओं के लिए थोड़ा मुश्किल भरा होता है, जो पहली बार मां बनती हैं। पहली बार मां बनने वाली महिलाओं को स्तनपान करवाते समय कई चीजों का ध्यान रखना होता है। ताकि बच्चा सही तरीके से दूध पी सके और उसे सभी जरूरी पोषक तत्व मिल सके। मां के दूध से बच्चे के शरीर में एंटीबॉडीज बनती है। शिशु का विकास तेजी से होता है और बच्चे का कई तरह के संक्रमणों से बचाव होता है। आपको बता दें कि 1 अगस्त से 7 अगस्त तक हर साल विश्व स्तनपान सप्ताह (World Breastfeeding Week) मनाया जाता है। आइए, आज इसी मौके पर वृंदावन और नई दिल्ली स्थित मदर्स लैप आईवीएफ सेंटर की चिकित्सा निदेशक, स्त्री रोग और आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. शोभा गुप्ता से जानते हैं पहली बार मां बनने वाली महिलाओं को स्तनपान के दौरान किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

सही पोजिशन

अगर आप पहली बार ब्रेस्टफीड करवा रही हैं, तो अपनी पोजिशन का खास ख्याल रखें। स्तनपान के दौरान यह ध्यान जरूर रखना चाहिए कि बच्चे को सही स्थिति में रखा जाए। साथ ही, बच्चा स्तन को अच्छी तरह से पकड़ पाए। क्योंकि अगर बच्चा स्तन को सही तरीके से पकड़ता है, तो वह अच्छी तरह से दूध पी पाता है। इससे आपको दर्द भी नहीं होगा। ब्रेस्टफीडिंग के दौरान बच्चे के सिर और गर्दन को सीधी रखें। उसका मुंह निप्पल पर लगाकर रखें। इससे मां और बच्चे, दोनों को आराम मिलेगा। 

मां की सही डाइट

स्तनपान कराने वाली महिलाओं को अपनी डाइट का खास ख्याल रखना चाहिए। स्तनपान के दौरान मां को संतुलित आहार लेना चाहिए। अपनी डाइट में फल, सब्जियां, प्रोटीन, विटामिन्स, मिनरल्स आदि को जरूर शामिल करना चाहिए। इससे दूध का उत्पादन बढ़ेगा और मां को पर्याप्त ऊर्जा मिलेगी। स्तनपान से शरीर में पानी की कमी हो सकती है। इसलिए इस दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी भी जरूर पिएं।

स्तनों की देखभाल करें

ब्रेस्टफीडिंग के दौरान स्तनों की देखभाल पर भी ध्यान देना जरूरी होता है। आपको समय-समय पर स्तनों और निप्पल की सफाई करनी चाहिए। वरना, संक्रमण का जोखिम बढ़ सकता है। इसलिए जब भी बच्चा स्तनपान करे, तो निप्पल जरूर साफ करें। यह बच्चे की सेहत के लिए बेहद जरूरी है।

स्तनपान क्यों जरूरी है?

स्तनपान मां और बच्चे, दोनों के लिए बेहद जरूरी है। 

  • मां के दूध से बच्चे को सभी जरूरी पोषक तत्व मिल जाते हैं। इससे बच्चे का विकास तेजी से होता है। बच्चों की प्रतिरक्षा प्रणाली भी मजबूत बनती है।
  • स्तनपान से बच्चों में संक्रमण, एलर्जी और कई अन्य बीमारियों का खतरा कम रहता है।
  • स्तनपान कराने से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में मददमिलती है।
  • स्तनपान मां के लिए भी बहुत जरूरी होता है। इससे वजन नियंत्रण में रहता है।
  • स्तनपान कराने से मां को मानसिक शांत मिलती है। मां और बच्चे के बीच में भावनात्मक संबंध बनाने में भी मदद मिलती है।

Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।

FAQs

क्या ब्रेस्टफीड करवाने वाली महिलाओं को हेल्दी डाइट लेनी चाहिए?

जी हां, ब्रेस्टफीड करवाने वाली महिलाओं को अपनी डाइट में प्रोटीन, विटामिन्स और मिनरल्स को जरूर शामिल करना चाहिए।

क्या स्तनपान करने से बच्चा हमेशा हेल्दी रहता है?

स्तनपान करने से बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है। अगर बच्चा स्तनपान करेगा, तो वह ज्यादा स्वस्थ महसूस कर सकता है।

क्या स्तनपान से कोई दर्द होता है?

शुरुआत में थोड़ी तकलीफ हो सकती है। लेकिन, कुछ समय बाद स्तनपान करवाते समय दर्द का अनुभव नहीं होता है।

क्या स्तनपान से बच्चे का पेट भर जाता है?

जी हां, अगर बच्चा सही तरीके से स्तनपान करता है, तो उसका स्तनपान से ही पेट भर जाता है। साथ ही, उसे सभी जरूरी पोषक तत्व भी मिल जाते हैं।

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source