
... Read More
Written By: Anshumala | Published : June 1, 2018 7:08 PM IST
मेरी उम्र 30 वर्ष है। मैं एक बच्चे के बाद कॉपर टी लगवाना चाह रही हूं। मुझे कॉपर टी कब लग सकता है? क्या इसके कोई साइड एफेक्ट भी होते हैं?
इस सवाल का जवाब दे रही हैं शांता आईवीएफ सेंटर, दिल्ली की गायनकोलॉजिस्ट एंड आईवीएफ एक्सपर्ट डॉ. अनुभा सिंह।
कॉपर टी एक कारगर गर्भ निरोधक है। यह यूटरस में शुक्राणु और अंडाणु को मिलने नहीं देता है। इस कारण गर्भ नहीं ठहरता। यह बच्चों में सही अंतर रखने का सटीक उपाय है, जिसे सुविधानुसार हटाया भी जा सकता है। हालांकि, इसे हमेशा किसी अनुभवी मेडिकल चिकित्सक के जरिए ही लगवाया जाना चाहिए, वरना नुकसान भी कर सकता है। वैसे इसके साइड एफेक्ट्स किसी-किसी महिलाओं में देखे भी जाते हैं।
कॉपर टी लगवाने से पहले कुछ बातों का ध्यान भी रखना जरूरी है। डिलीवरी के दो दिन बाद से लेकर चार हफ्ते तक न लगवाएं। अगर डिलीवरी या अबॉर्शन के बाद इन्फेक्शन हो, तो इसे लगवाने से बचें। पीरियड्स के अलावा ब्लीडिंग हो, महिला प्रेगनेंट हो या फिर यूटरस या सर्विक्स कैंसर होने पर कॉपर टी नहीं लगवाना चाहिए।
इसके साथ-साथ अगर यौन संक्रमण का रिस्क हो तो भी कॉपर टी लगवाने से पहले इसका इलाज जरूरी हो जाता है। कोई भी महिला जो बच्चों में अंतर रखना चाहती है, उसको मासिक धर्म के बाद 5 से 7 दिन के बीच मल्टी लोड लगवाया जाता है। कॉपर टी लगवाने से पहले आप किसी अच्छी स्त्री रोग विशेषज्ञ से जांच अवश्य करा लें।
चित्रस्रोत: Shutterstock.