समय से पहले ऑपरेशन के जरिए पैदा हुए शिशु में ब्लड कैंसर होने का बढ़ता है डर!

ये भी ब्लड कैंसर होने का बन सकता है कारण!

WrittenBy

Written By: Agencies | Updated : January 4, 2017 6:09 PM IST

मूल स्रोत: IANS Hindi

आजकल कई कारणों से समय से पहले सिजेरियन से या प्रसव से बच्चे का जन्म होने लगा है। लेकिन कारण जो कुछ भी हो, इसके कारण बच्चों में भविष्य में कई सारे शारीरिक असुविधाओं या रोग के होने की संभावना बढ़ जाती है। इस मामले में एक शोध से इस बात की जानकारी मिली है कि समय से पहले होने वाले सिजेरियन बच्चों में ब्लड  कैंसर होने का खतरा बढ़ जाता है।

समय पूर्व ऑपरेशन (सिजेरियन) के जरिए पैदा हुए बच्चों में रक्त कैंसर के खतरे की संभावना अधिक होती है। एक नए शोध में इसकी जानकारी मिली है। समय पूर्व ऑपरेशन से पैदा हुए ऐसे बच्चों में अपरिपक्व श्वेत कोशिकाओं का अधिक उत्पादन होने लगता है। इससे एक्यूट लिंफोब्लॉस्टिक ल्यूकेमिया (एएलएल) (एक प्रकार का रक्त कैंसर) का खतरा विकसित हो जाता है।

अमेरिकी की युनिवर्सिटी ऑफ मिनेसोटा मेडिकल स्कूल में सहायक प्रोफेसर और इस अध्ययन के मुख्य लेखक एरिन मार्कोटी ने कहा, 'हमारा लक्ष्य समय पूर्व सिजेरियन प्रसव और एएलएल रोग के बीच के संबंधों का आकलन कर कैंसर की रोकथाम में संभावित नए उपायों की खोज करना था।' मार्कोटी के अनुसार, 'हमें सभी सिजेरियन प्रसव के ल्यूकेमिया रोग के साथ खास संबंध नहीं मिले, लेकिन समय पूर्व सिजेरियन प्रसव और एएलएल के बीच के संबंधों की जानकारी जरूर प्राप्त हुई।'

इस शोध में 33,571 प्रतिभागियों में 23,351 नियंत्रित प्रतिभागी और 8,655 एएलएल के रोगियों का आकलन किया गया। निष्कर्षो के अनुसार, समय पूर्व सिजेरियन प्रसव द्वारा पैदा हुए बच्चों में एएलएल रोग की 23 प्रतिशत वृद्धि की संभावना होती है। यह शोध 'द लैंसेट हेमैटोलॉजी' नामक पत्रिका में प्रकाशित हुआ है।

चित्र स्रोत: Shutterstock 


Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source