
... Read More
Written By: Pallavi | Published : August 30, 2022 11:58 AM IST
अगर आप बीमार हैं या फिर प्रेगनेंट हैं तो आपको निर्जला तीज व्रत करने से बचना चाहिए। ऐसा इसलिए कि इस दौरान शरीर पहले ही कमजोर रहता है और दिन भर बिना खाना-पिए रखना आपको और कमजोर कर सकता है। इसकी वजह से आप बीमार पड़ सकते हैं। वहीं, बात अगर प्रेगनेंट महिलाओं की करें तो, इस दौरान आपको ही नहीं आपके बच्चे को भी पानी और खाने की जरुरत रहती है। ऐसे में आपका निर्जला रहना गंभीर रूप से डिहाइड्रेशन पैदा कर सकता है। तो, निर्जला व्रत रखने से बचें।
तीज में महिलाएं सुबह उठ कर सरगी करती हैं। ऐसे में अगर आप प्रेगनेंट होने पर भी या बीमार होने पर भी तीज रख रही हैं तो आपको सबसे पहले हाइड्रेशन का खास ख्याल रखना चाहिए। इसके लिए आपको सुबह सरगी के समय खीरा, मौसंबी और संतरा जैसे हाइड्रेटिंग फूड्स का सेवन करना चाहिए। इससे शरीर में पर्याप्त मात्रा में हाइड्रेशन बना रहेगा और इलेक्ट्रोलाइट्स भी बने रहेंगे। इससे बीमारी और खास कर कि गंभीर डिहाइड्रेशन से आप बच सकती हैं।
अगर आप व्रत रख रही हैं, तो खाना ना खाएं, पानी ना पिएं पर आप बस एक फल के रस का चुनाव तो कर सकती हैं। नारियल पानी पूजा के लिहाज से बिलकुल शुद्ध होता है। साथ ही इसमें विटामिन और मिनरल्स की मात्रा भी अच्छी होती है। इससे आपको डिहाइड्रेशन नहीं होगी और साथ ही शरीर में ताकत बनी रहेगी।
अगर आप प्रेगनेंट हैं या बीमार हैं तो आपको इस व्रत के दौरान चाय और कॉफी का सेवन बिलकुल ना करें। ऐसा इसलिए क्योंकि ये दोनों ही चीजें शरीर में डिहाइ़ड्रेशन पैदा करती है। इससे आपको उल्टी हो सकती है, कमजोरी हो सकती है और आप बीमार पड़ सकती हैं। इसलिए व्रत के दौरान इन दोनों ही चीजों को लेने से बचें।
इन सब के बाद ध्यान रखें कि शाम को पूजा के बाद पानी पीना शुरू कर दें। क्योंकि आपको समझना चाहिए कि आप पूरी तरह से सेहतमंद नहीं हैं। इसलिए व्रत ऐसे करें कि सेहत को नुकसान ना हो। आपके पेट में पल रहे बच्चे को कोई नुकसान ना हो और व्रत भी हो जाए। तो, अगर आप प्रेगनेंट हैं या बीमार हैं और व्रत रख रही हैं तो इन बातों का खास ख्याल रखें।