हरियाली तीज 2018 : प्रेगनेंट हैं, तो इस तरह रखें व्रत

व्रत के दिनों में प्रेगनेंट महिलाओं को देर तक बैठने से बचना चाहिए। खुद को अधिक थकाना आपके बच्चे पर भी नकारात्मक असर कर सकता है।

WrittenBy

Written By: Anshumala | Published : August 7, 2018 4:35 PM IST

हरियाली तीज का महत्व महिलाओं के लिए खास है। इस दिन महिलाएं श्रृंगार करने के साथ ही व्रत और पूजा करती हैं। अपने पति की लंबी आयु और लंबे दांपत्‍य की कामना करती हैं। इस बार यह व्रत 13 अगस्‍त को मनाया जाएगा। कुछ महिलाएं इस व्रत को निर्जला भी रखती हैं। ऐसे में उन महिलाओं को खास ध्यान रखना चाहिए जो प्रेगनेंट हैं या हाल ही के दिनों में मां बनी हैं। प्रेगनेंसी में अधिक देर तक भूखे रहना आपके साथ-साथ आपके पेट में पल रहे बच्चे के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे में इन उपायों को अपनाकर आप बिना किसी परेशानी के अपना व्रत पूरा कर सकती हैं।

चाय कम पिएं

कुछ महिलाओं की आदत होती है कि वह व्रत के दौरान चाय बहुत ज्यादा पीती हैं। प्रेगनेंसी में खासकर चाय कम पीना चाहिए। आप जितना चाय पिएंगी आपको डिहाइड्रेशन होने की समस्या बढ़ सकती है। बेहतर होगा कि ताजा फलों से तैयार जूस पिएं।

निर्जला व्रत न करें

प्रेगनेंसी में देर तक भूखे-प्यासे रहना ठीक नहीं है। यदि व्रत के दौरान पेय पदार्थ के सेवन की अनुमति है, तो नियमित अंतरालों पर पानी, दूध या ताजा फलों के रस लेती रहें।शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए पानी पीना जरूरी है। ऐसे में निर्जला व्रत करने से बचें। व्रत में आप चाहें तो नारियल पानी पी सकती हैं। यह डिहाइड्रेशन से बचाएगा और जरूरी पोषक तत्‍व भी शरीर को मिलते रहेंगे।

मीठा भी ठीक नहीं

किसी भी व्रत में नमक नहीं खाया जाता है। ऐसे में लोग मीठा अधिक खाने लगते हैं। यदि आप प्रेगनेंट हैं, तो अधिक मीठा खाने से आपकी सेहत बिगड़ सकती है। खासकर तब, जब आपको डायबिटीज की समस्या है। बेहतर होगा कि आप फलों का सेवन करें।

न ज्‍यादा चलें, न बैठें

कई बार महिलाएं पूजा में घंटों बैठी रहती हैं। बहुत जरूरी न हो, तो प्रेगनेंट महिलाओं को देर तक बैठने से बचना चाहिए। प्रेगनेंसी में खुद को अधिक थकाना आपके बच्चे पर भी असर कर सकता है इसलिए न तो देर तक बैठी रहें और न हीं बहुत चलें या काम करें। पूजा और सभी काम के बीच थोड़ी-थोड़ी देर में आराम भी करती रहें। कई बार इसकी पूजा कथा और विधि देर तक चलती है। ऐसे में अगर आपको बैठने में दिक्‍कत हो रही है तो आप थोड़ी देर आराम कर लें।

लंबी अवधि का उपवास रखने से प्रेगनेंसी में कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है, जैसे:

सिर दर्द

थकान

बेहोशी

चक्कर आना

गंभीर अम्लता (एसिडिटी)

यदि आपको इनमे से कोई भी लक्षण महसूस हो, तो तुरंत अपनी डॉक्टर से बात करें।

डॉक्टर की सलाह ले लें

अगर आप स्वस्थ और बेहतर महसूस कर रही हैं और आपको लगता है कि प्रेगनेंसी में भी बिना किसी समस्या के आगे बढ़कर व्रत रख सकती हैं, तो आपके लिए व्रत रखना सुरक्षित हो सकता है। स्वस्थ महसूस न करने पर व्रत न करें। यदि बच्चे की चिंता सता रही हो, तो उपवास शुरू करने से पहले अपनी डॉक्टर से बात करें। डॉक्टर आपके शारीरिक स्वास्थ्य की समीक्षा कर आपको बता देगी कि आपके लिए क्या सही है और क्या नहीं। यदि आपको कोई अन्य शारीरिक जटिलताएं हैं जैसे जेस्टेशनल डायबिटीज, एनीमिया आदि तो डॉक्टर पूरी चांज करने के बाद ही आपको व्रत रखने की सलाह देगी।

चित्रस्रोत-Shutterstock.

Add The Health Site as a Preferred Source Add The Health Site as a Preferred Source

Disclaimer: The content on TheHealthSite.com is only for informational purposes. It is not at all professional medical advice. Always consult your doctor or a healthcare specialist for any questions regarding your health or a medical condition.