प्रेगनेंसी के पहले महीने में बेबी मूवमेंट किस तरह महसूस होती है? जानिए पेट में कैसे घूमता है बच्चा 

Quickening In Pregnancy : गर्भावस्था में बेबी मूवमेंट फील करना किसी सुखद अनुभव से कम नहीं है। कई महिलाएं अपने बेबी मूवमेंट को लेकर परेशान रहती हैं। आइए जानते हैं पहले महीने में बेबी कैसे मूवमेंट करता है और बच्चा पेट में किस तरह घूमता है?

WrittenBy

Written By: Kishori Mishra | Updated : January 23, 2025 2:56 PM IST

WrittenBy

Medically Verified By: डॉ. श्वेता मेहंदीरत्ता

Baby Movement During Pregnancy : गर्भ में पल रहे शिशु की हरकतों को महसूस करना इस बात का संकेत है कि वह आपका बच्चा गर्भ के अंदर पूरी तरह से सुरक्षित है। वहीं, अगर आपको यह महसूस होता है कि बच्चे की हरकतें बंद हो गई हैं या फिर बदल गई हैं, तो यह संकेत बताता है कि आपका बच्चा गर्भ के अंदर सुरक्षित नहीं है। मुख्य रूप से अगर पहला बच्चा हो, तो हर महिला उसके पहले मूवमेंट का बेसब्री से इंतजार करती हैं और अक्सर उनके मन में सवाल रहता है कि बच्चा कब हरकतें शुरू करेगा और बेबी मूवमेंट किस तरह महसूस होता है। अगर आपके मन में भी इस तरह के ख्याल बार-बार आ रहे हैं, तो इस लेख में हम आपके सवालों का जबाव देंगे। डॉ. श्वेता मेहंदीरत्ता, एसोसिएट डायरेक्टर गायनेकोलॉजिस्ट, मैरोना एशिया हॉस्पिटल, फरीदाबाद से जानते हैं इस बारे में विस्तार से-

प्रेगनेंसी के पहले महीने में कैसे मूवमेंट करता है बेबी?

गर्भधारण करते ही कुछ महिलाएं बार-बार सोचने लगती हैं कि उन्हें किसी तरह की मूवमेंट फील नहीं हो रही है तो आपको बता दें कि गर्भवास्था के शुरुआती दिनों में बेबी मूवमेंट महसूस नहीं होता है। मुख्य रूप से पहले महीने में आपको बच्चे की हरकतें बिल्कुल भी महसूस नहीं होती हैं। दरअसल, इस दौरान बच्चे का साइज और वजन काफी कम होता है, जिसकी वजह से बच्चा मूवमेंट नहीं करता है और आपको भी किसी तरह की हरकतें महसूस नहीं होती हैं। इसलिए इस बात को लेकर परेशान न हों कि बेबी पहले महीने में किस तरह मूवमेंट करता है।

बेबी मूवमेंट किस महीने में शुरू होती है?

डॉक्टर श्वेता मेहंदीरता का कहना है कि गर्भधारण करने के शुरू के 3 महीने में बेबी मूवमेंट फील नहीं होता है। गर्भधारण करने के करीब 12 से 24 सप्ताह के बीच आपका शिशु हलचल करना शुरू देता है। लेकिन आपको 3 महीने के बाद हलचल महसूस होता है। हालांकि, कुछ महिलाओं को इससे कुछ सप्ताह पहले या कुछ सप्ताह बाद में भी हरकतें महसूस हो सकती हैं। इस दौरान आपका शिशु पेट में हलचल शुरू कर देता है, जो आपके लिए एक अनोखा अनुभव हो सकता है। शुरू में बेबी की हरकतें आपको बहुत हल्की महसूस होती हैं, जो फड़फड़ाहट, बुलबुले जैसा महसूस होता है।

पेट में किस तरह घूमता है बच्चा?

बता दें कि गर्भधारण के 12वे सप्ताह बाद से ही आपका बच्चा पेट में हिलना-डुलना शुरू कर देता है। भले ही आपको इसकी हरकतें देरी से महसूस हों। गर्भ धारण करने के 16 से 20 सप्ताह के बीच बच्चे की हरकतें थोड़ी बढ़ जाती हैं, जिसे 'क्विकनिंग' कहते हैं। इसमें आपको हल्की सी फड़फड़ाहट, बुलबुले जैसा महसूस होना और छोटी सी धड़कन महसूस होती है।

इसके बाद 21 से 24 सप्ताह के आस-पास गर्भ में पल रहे बच्चे को हिचकी आनी शुरू हो जाती है। वहीं, 25 से 28 सप्ताह के आस-पास आते-आते शिशु लात मारना और खिंचना शुरू कर देता है। वहीं, आखिरी महीने आते-आते बच्चा पूरी तरह से विकसित हो जाता है, जिसकी वजह से पेट में जगह कम हो जाती है। ऐसे में उसकी हलचलें कम हो जाती हैं।

Disclaimer : प्र‍िय पाठकों यह आर्ट‍िकल केवल सामान्‍य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसल‍िए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए ज‍िम्मेदारी का दावा नहीं करता है।