प्रेगनेंट महिलाओं के लिए बेहद फायदेमंद हैं बैंगन का सेवन, गुण जानकर आप रह जाएंगी हैरान

Benefits of brinjal in pregnancy: बैंगन अनेक स्वास्थ्यवर्धक गुणों वाली सब्जी है और गर्भवती महिलाओं को भी यह अनेक फायदे पहुंचाता है। इस लेख में हम आपको प्रेगनेंसी में बैंगन के सेवन से मिलने वाले फायदों के बारे में बताएंगे

WrittenBy

Written By: Mukesh Sharma | Updated : February 23, 2022 6:01 PM IST

गर्भावस्था हर महिला के लिए जितना खुशी का समय होता है, उतना ही उसे इन दिनों में सावधान रहना पड़ता है। अक्सर गर्भवती महिलाएं डाइट को लेकर काफी चिंतित रहती हैं और हर नई चीज खाने से डरती हैं। गर्भवती महिलाओं के मन में अक्सर यह सवाल रहता है कि उनके द्वारा लिया जाने वाला आहार बच्चे के लिए सुरक्षित है या नहीं। आज हम आपको प्रेगनेंसी के दौरान बैंगन से मिलने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में बताने वाले हैं। बैंगन का नाम सुनते ही अक्सर कुछ महिलाएं मुंह बना लेती हैं और वे उसे खाना बिल्कुल पसंद नहीं करती हैं। लेकिन आज हम आपसे दावा करते हैं कि इसके फायदों के बारे में जानने के बाद आप इसे खाने से अपने आप को रोक नहीं पाएंगी। बैंगन कोई साधारण सब्जी नहीं है यह कार्बोहाइड्रेट, फाइबर, मैग्नीशियम, फास्फोरस, पोटेशियम और फोलेट जैसे खास पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत होता है और ये सभी पोषक तत्व गर्भवती महिलाओं के लिए बेहद जरूरी होते हैं। तो चलिए इस लेख में हम जानते हैं कि यदि गर्भवती महिलाएं अपनी डाइट में बैंगन को भी शामिल करती हैं, तो उनके स्वास्थ्य को क्या लाभ मिलते हैं।

कब्ज जैसी समस्याओं को दूर करे बैंगन

गर्भवती महिलाओं में अक्सर कब्ज की समस्याएं देखी गई है और इस कारण से उन्हें काफी परेशानियां भी झेलनी पड़ती हैं। बैंगन का नियमित रूप से सेवन करना पाचन क्रिया को तेज करता है, जिसे कब्ज व बदहजमी जैसी समस्याएं दूर हो जाती हैं।

हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में सहायक है बैंगन

गर्भवती महिलाओं को अक्सर बीपी बढ़ने की समस्या भी हो जाती है, जो मां और बच्चे दोनों के लिए हानिकारक होती है। बैंगन पोटेशियम व थायमिन का अच्छा स्रोत है, जो बीपी को कंट्रोल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कोलेस्ट्रॉल स्तर को कम रखने में भी सहायक है बैंगन

बैंगन में बैड कोलेस्ट्रॉल (एलडीएल) को कम करने और गुड कोलेस्ट्रॉल (एचडीएल) को बढ़ाने के गुण भी पाए जाते हैं। यदि गर्भवती महिलाएं बैंगन का नियमित रूप से सेवन करती हैं, तो उन्हें कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याएं होने का खतरा काफी कम हो जाता है।

बैंगन का सही मात्रा में सेवन रखे अनेक रोगों को दूर

बैंगन कई खास प्रकार के विटामिन और अन्य पोषक तत्वों का स्रोत होता है, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। गर्भावस्था के दौरान महिलाओं का शरीर अक्सर कमजोर पड़ जाता है और उन्हें अनेक प्रकार के रोग होने का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में बैंगन का सेवन उनके लिए काफी लाभदायक हो सकता है।

बैंगन करता है बच्चे के विकास में मदद

बैंगन में फोलिक एसिड, नियासिन, विटामिन ए, ई और बी कॉम्प्लैक्स जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व भी पाए जाते हैं, जो गर्भ में पल रहे बच्चों के अंगों के विकसित होने में मदद करते हैं। इसलिए नियमित रूप से बैंगन का सेवन करते रहना चाहिए।