English हिन्दी
Advertisement

सर्दियों में चेहरे की नाइट स्किनकेयर कैसे करें? जानें 5 स्टेप्स, जिनसे खिल जाएगी त्वचा

Night Skincare: सिर्फ सुबह ही नहीं, रात को भी चेहरे को प्रॉपर देखभाल की जरूरत होती है। इसके लिए आप इन 5 स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं।

Written By Anju Rawat
Published : January 6, 2026 11:31 AM IST

विंटर नाइट स्किनकेयर रूटीन

Winter Night Skincare Routine: मैं सुबह प्रॉपर स्किनकेयर रूटीन फॉलो करती थी। सुबह नहाने के बाद चेहरे की क्लींजिंग और टोनिंग करती थी। इसके बाद चेहरे को मॉइश्चराइजर करती और फिर सनस्क्रीन लगाकर घर से ऑफिस को निकल जाती। रात में ऑफिस से आने के बाद खाना खाकर सो जाती थी। धीरे-धीरे मेरे चेहरे पर दाने निकलने शुरू हो गए, चेहरे का निखार भी कम होने लगा। फिर मुझे किसी ने सजेस्ट किया कि रात में भी चेहरा धोकर मॉइश्चराइज जरूर अप्लाई करना चाहिए। इसके बाद मैंने प्रॉपर नाइट स्किनकेयर करना भी शुरू कर दिया। इससे मुझे काफी फर्क देखने को मिला। मेरे चेहरे के दाने और फोड़े-फुंसियां ठीक होने लगीं। मेरे चेहरे पर ग्लो आने लगा और दाग-धब्बे भी धीरे-धीरे मिटने लगे। अब मैं ऑफिस से घर जाने के बाद प्रॉपर स्किनकेयर जरूर करती हूं। आपको भी स्किन को हेल्दी बनाए रखने के लिए नाइट स्किनकेयर रूटीन जरूर फॉलो करना चाहिए। आइए, जानते हैं इसके 5 स्टेप्स के बारे में-

सबसे पहले क्लींजिंग करें

रात में सोने से पहले चेहरे को अच्छी तरह से क्लीन करना बहुत जरूरी है। ज्यादातर लोग सुबह चेहरा साफ करते हैं और फिर स्किन को क्लीन करना जरूरी नहीं समझते। जबकि, आपको रात में ऑफिस या अपने काम से वापस आने के बाद चेहरे को जरूर धोना चाहिए। आप सबसे पहले चेहरे को नॉर्मल पानी से धोएं। इसके बाद क्लींजर का इस्तेमाल करें और त्वचा को साफ करें। इससे त्वचा पर जमी सारी धूल-मिट्टी और गंदगी आसानी से रिमूव हो जाएगी। आपको हमेशा माइल्ड क्लींजर का ही इस्तेमाल करना चाहिए।

चेहरे की टोनिंग करें

चेहरे को क्लीन करने के बाद इसकी टोनिंग करनी जरूरी है। टोनर लगाने से त्वचा हाइड्रेट और मॉइश्चराइज रहती है। रात में चेहरे की टोनिंग बहुत जरूरी है। इसके लिए आपको एल्कोहल फ्री टोनर का ही इस्तेमाल करना चाहिए। चेहरे की टोनिंग करने के लिए आप गुलाब जल या राइस वॉटर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। इससे स्किन पर नमी आती है और त्वचा की जलन भी दूर होती है।

Advertisement

चेहरे पर सीरम लगाएं

चेहरे की टोनिंग के बाद सीरम का इस्तेमाल करना फायदेमंद होता है। रात को सोने से पहले चेहरे पर सीरम जरूर लगाना चाहिए। आप ह्यालूरोनिक एसिड सीरम का यूज कर सकते हैं। इससे त्वचा का निखार बढ़ता है और रंगत साफ होती है। आप चाहें तो विटामिन सी या एंटीऑक्सीडेंट सीरम का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। सीरम लगाने से दाग-धब्बे और झाइयां भी कम होती हैं।

चेहरे को मॉइश्चराइज करें

चेहरे को मॉइश्चराइज करना बहुत जरूरी होता है। सर्दियों में चेहरे को 2-3 बार मॉइश्चराइज जरूर करना चाहिए। कई लोग सिर्फ सुबह ऑफिस जाते समय या नहाने के बाद चेहरे को मॉइश्चराइज करते हैं। जबकि, आपको रात में भी चेहरे को मॉइश्चराइज करना चाहिए। इसके लिए आप शिया बटर, बादाम का तेल या ऑलिव ऑयल का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे त्वचा का निखार कई गुना बढ़ जाएगा।

लिपकेयर भी है जरूरी

ज्यादातर लोग चेहरे की प्रॉपर केयर करते हैं, लेकिन होंठों की देखभाल करना जरूरी नहीं समझते हैं। इससे होंठ रूखे और बेजान हो जाते हैं। इसलिए आपको होंठों की केयर भी जरूर करनी चाहिए। आप रात में सोते समय लिप बाम लगाएं। वहीं, अंडर आई क्रीम का इस्तेमाल भी करें। इससे डार्क सर्कल्स से बचाव होगा।