Advertisement

घर से बाहर निकलते ही क्यों आने लगती है छींकें? जानिए इसके पीछे की वजह

क्या आपको घर से बाहर निकलते ही छींक आ जाती है? अगर हां, तो ऐसे लोगों में आप अकेले नहीं है। आइए जानते हैं आखिर क्यों आती है घर से बाहर निकलते ही छींकें?

Written By Kishori Mishra
Published : June 18, 2026 3:06 PM IST

घर से बाहर निकलते ही क्यों आती है छींकें?

घर से बाहर निकलते ही हम में से कुछ लोगों को अचानक छींक आने लगती है। यह समस्या आम लग सकती है, लेकिन इसके पीछे शरीर की एक वैज्ञानिक और एलर्जिक प्रतिक्रिया होती है। मेडिकल साइंस के मुताबिक, यह एक नाक की सेंसटिविटी और बाहरी वातावरण में मौजूद एलर्जेंस के कारण होता है। इस लेख में हम नारायणा हॉस्पिटल के कंसल्टेंट पल्मोनोलॉजिस्ट पीयूष गोयल समझेंगे कि आखिर घर से बाहर निकलते ही छींक क्यों आती है?

एलर्जिक राइनाइटिस का असर

डॉक्टर का कहना है कि इस समस्या का सबसे बड़ा कारण एलर्जिक राइनाइटिस है। इसमें नाक की अंदरूनी परत बहुत संवेदनशील हो जाती है और जैसे ही धूल, पराग कण या प्रदूषण नाक के संपर्क में आते हैं, शरीर उन्हें बाहर निकालने के लिए छींक का सहारा लेता है। यही वजह है कि बाहर निकलते ही बार-बार छींक आने लगती है।

तापमान और हवा में बदलाव

घर और बाहर के वातावरण के तापमान में अचानक बदलाव भी छींक का कारण बन सकता है। ठंडी या गर्म हवा लगते ही नाक की रक्त वाहिकाएं प्रतिक्रिया देती हैं, जिससे नॉन-एलर्जिक राइनाइटिस ट्रिगर हो जाता है और छींकें शुरू हो जाती हैं।

Advertisement

धूल और प्रदूषण भी है कारण

शहरों में हवा में मौजूद धूल और सूक्ष्म कण जैसे PM2.5 और PM10 नाक में जलन पैदा करते हैं। ये कण सांस के जरिए शरीर में जाने की कोशिश करते हैं, लेकिन नाक उन्हें रोकने के लिए छींक के रूप में तुरंत प्रतिक्रिया देती है। यही कारण है कि प्रदूषण वाले क्षेत्रों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है।

धूप में छींक आने की समस्या

कुछ लोगों को तेज धूप में बाहर निकलते ही छींक आने लगती है। इसे मेडिकल भाषा में फोटिक स्नीज रिफ्लेक्स या ACHOO सिंड्रोम कहा जाता है। इसमें तेज रोशनी आंखों से जुड़ी नसों को प्रभावित करती है और मस्तिष्क गलत तरीके से छींक का सिग्नल भेज देता है।

इम्यून सिस्टम की संवेदनशीलता

जिन लोगों की इम्युनिटी या एलर्जी प्रवृत्ति ज्यादा होती है, उनकी नाक सामान्य बदलावों पर भी ज्यादा रिएक्ट करती है। ऐसे में हल्का सा धूल या मौसम बदलाव भी छींक की वजह बन जाता है।

Disclaimer

घर से बाहर निकलते ही छींक आना ज्यादातर मामलों में एलर्जी, प्रदूषण और नाक की संवेदनशीलता का परिणाम होता है। सही सावधानियों और उपचार से इसे काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।