Advertisement

ये 5 संकेत दिखे तो समझ जाए डाइजेशन हो रहा है कमजोर, जरूर दें ध्यान वरना बढ़ेगी दिक्कत

Week Digestion: जब पाचन-तंत्र कमजोर पड़ता है, तो शरीर में कुछ संकेत दिखाई देते हैं, जिन्हें अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं। आइए, जानते हैं इनके बारे में

Written By Anju Rawat
Published : May 26, 2026 12:19 PM IST

कमजोर पाचन-तंत्र के संकेत

स्वस्थ रहने के लिए पाचन-तंत्र का सही तरीके से काम करना बहुत जरूरी होता है। जब पाचन-तंत्र सही रहता है, तो व्यक्ति स्वस्थ महसूस करता है। वहीं, जब पाचन कमजोर पड़ता है तो कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं होनी शुरू हो जाती हैं। पाचन-तंत्र कमजोर होने पर शरीर भी कई तरह के संकेत देता है। लेकिन, ज्यादातर लोग इन संकेतों को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। आयुर्वेद के अनुसार, पाचन-तंत्र को सिर्फ पेट की सेहत तक सीमित नहीं है। जब पाचन-तंत्र कमजोर पड़ता है, तो इसका असर त्वचा, ऊर्जा और मेंटल हेल्थ पर भी पड़ता है। आइए, जिवा आयुर्वेद के संस्थापक और आयुर्वेदाचार्य डॉ. प्रताप चौहान से जानते हैं कि पाचन-तंत्र कमजोर होने पर कौन-कौन से संकेत दिखाई देते हैं?

1. गैस और पेट फूलना

अगर आपको अक्सर ही गैस, पेट फूलना या ब्लोटिंग जैसी समस्याएं रहती हैं तो ये कमजोर पाचन के संकेत हो सकते हैं। कभी-कभी गैस या ब्लोटिंग होना आम है, लेकिन अक्सर ही ये समस्याएं बनी रहती हैं तो एक बार डॉक्टर से जरूर मिलें। अगर पेट में भारीपन महसूस हो तो यह भी कमजोर डाइजेशन का संकेत हो सकता है।

2. कब्ज की समस्या

अगर आपको अक्सर ही कब्ज की समस्या बनी रहती है, तो यह खराब या कमजोर पाचन का संकेत हो सकता है। अगर सुबह के समय सही से पेट साफ नहीं होता है या फिर बार-बार पेट साफ होने जैसा अहसास होता है, तो इसका मतलब है कि आपको पाचन से जुड़ी समस्या है और आपका डाइजेशन कमजोर है।

Advertisement

3. हर समय थकान महसूस होना

अगर आपको बिना काम किए भी हर वक्त थकान या कमजोरी महसूस होती है, तो यह कमजोर पाचन का संकेत हो सकता है। दरअसल, जब भोजन सही तरह से नहीं पचता है तो शरीर को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते हैं। इसका असर व्यक्ति के ऊर्जा स्तर पर देखने को मिलता है। इसलिए अगर थकान रहती है, तो डॉक्टर से तुरंत मिलना बहुत जरूरी है।

5. त्वचा से जुड़ी परेशानियां

कमजोर पाचन की वजह से त्वचा से जुड़ी समस्याएं भी दिख सकती हैं। जब पाचन-तंत्र कमजोर होता है, तो त्वचा पर मुंहासे दिख सकते हैं और खुजली की समस्या हो सकती है। इसलिए त्वचा पर खुजली या मुंहासों से जुड़ी समस्या हो तो पाचन पर भी जरूर ध्यान दें।

4. मुंह से बदबू आना

ज्यादातर मामलों में ओरल हेल्थ का ध्यान न रखने पर मुंह से बदबू आती है। लेकिन, आपको बता दें कि यह डाइजेशन हेल्थ से भी जुड़ा हो सकता है। जब पाचन-तंत्र से जुड़ी समस्याएं होती हैं, तो भी मुंह से बदबू आ सकती है। इसलिए मुंह की बदबू को सामान्य समझकर नजरअंदाज बिल्कुल न करें।