विटामिन बी12, विटामिन डी और आयरन: जानिए कौन सा सप्लीमेंट किस समय लेना चाहिए

लोग मानते हैं कि विटामिन बी12, विटामिन डी और आयरन जैसे सप्लीमेंट लेने से भरपूर पोषण मिलेगा और उनके शरीर में विटामिन की कमी दूर होगी। लेकिन ऐसा नहीं है। इसे सही समय पर लेना जरूरी है।

Written by Atul Modi | Updated : May 3, 2024 6:52 PM IST

1/4

विटामिन की खुराक किस समय लेनी चाहिए - (What Time To Take Vitamin Supplements In Hindi)

सेहतमंद रहने के लिए अक्सर लोग विटामिन सप्लीमेंट्स लेते हैं। एक सर्वे के अनुसार, भारत में दस में से सात व्यक्ति कई प्रकार के सप्लीमेंट लेते हैं। जी हां, देश की 71 प्रतिशत जनता विटामिन, मिनरल और हर्बल सप्लीमेंट नियमित रूप से लेती है। हैरानी की बात तो ये है कि इनमें से 69 प्रतिशत लोग ये सप्लीमेंट बिना डॉक्टर की सलाह के लेते हैं। ऐसे में अधिकांश लोग सप्लीमेंट लेते समय इन्हें लेने के सही तरीके के बारे में सोचते ही नहीं हैं। लोग मानते हैं कि उन्हें सप्लीमेंट लेने से भरपूर पोषण मिलेगा और उनके शरीर में विटामिन की कमी दूर हो जाएगी। लेकिन ऐसा नहीं है। ​सिर्फ विटामिन लेना ही काफी नहीं है, बल्कि इसे सही समय पर और सही तरीके से लेना जरूरी है। अगर आप भी बिना सोचे समझे विटामिन और मिनरल सप्लीमेंट ले रहे हैं तो आप गलती कर रहे हैं। क्योंकि सप्लीमेंट का पूरा पोषण आपको तभी मिलेगा, जब आप इसे सही तरीके से लेंगे। हाल ही में डॉ. प्रियंका शेरावत (एमडी मेडिसिन एंड डीएम न्यूरोलॉजी) ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सप्लीमेंट्स को लेकर यह अहम जानकारी दी है।

2/4

विटामिन बी12 सप्लीमेंट किस समय लेना चाहिए - When Should Vitamin B12 Supplement Be Taken?

विटामिन बी12 एक महत्वपूर्ण पोषक तत्व है जो शरीर के कई कार्यों के लिए जरूरी है। यह रेड ब्लड सेल्स का प्रोडक्शन करता है, नर्वस सिस्टम को सही रखता है और मेटाबॉलिज्म को बढ़ाता है। इसकी कमी से कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। शाकाहारी लोगों में विटामिन बी12 की कमी ज्यादा पाई जाती है। डॉ. प्रियंका के अनुसार विटामिन बी12 एक वाटर सॉल्युबल विटामिन है। विटामिन बी1, बी2, बी6, बी9 और फोलिक एसिड और विटामिन सी भी वाटर सॉल्युबल हैं। ऐसे में इन्हें खाली पेट लेना बेस्ट रहता है। आप इसे ब्रेकफास्ट से एक घंटे पहले और बाद में भी ले सकते हैं।  Also Read - हमारे शरीर को विटामिन B12 की ज़रूरत क्यों होती है? जानें, किसमें पाया जाता है Vitamin B12

3/4

विटामिन डी सप्लीमेंट किस समय लेना चाहिए - When Should Vitamin D Supplement Be Taken?

भारत में विटामिन डी की कमी एक आम समस्या है। सनलाइट विटामिन डी का एक नेचुरल सोर्स है। यदि आप पर्याप्त धूप में नहीं रहते हैं तो आपको विटामिन डी की कमी होने का खतरा ज्यादा होता है। इसकी कमी से आपको पाचन संबंधी परेशानियां हो सकती हैं। साथ ही थकान, हड्डियों का दर्द, मसल्स वीक होना, डिप्रेशन आदि की शिकायत हो सकती है। विटामिन डी की कमी हड्डियों को कमजोर कर सकती है और ऑस्टियोपोरोसिस का कारण बन सकती है। विटामिन डी एक फैट सॉल्युबल विटामिन है। इसलिए फैट के साथ इसका अच्छे से अब्जॉप्र्शन होता है। इसे हमेशा भरपूर भोजन करने के बाद खाना चाहिए। इसे और भी असरदार बनाने के लिए आप दूध के साथ लें। इससे इसका दोगुना फायदा मिलेगा।

4/4

आयरन की गोलियां किस समय लेनी चाहिए - When Should Iron Tablets Be Taken?

आयरन की कमी का सबसे आम और गंभीर रिजल्ट है एनीमिया। एनीमिया में रेड ब्लड सेल्स में पर्याप्त हीमोग्लोबिन नहीं बन पाता है। हीमोग्लोबिन ही ऑक्सीजन को शरीर के टिश्यू तक पहुंचाने का काम करता है। एनीमिया होने पर आपको थकान, कमजोरी, सांस लेने में तकलीफ, चक्कर आना, सिरदर्द आदि की शिकायत हो सकती है। अगर आप आयरन सप्लीमेंट ले रहे हैं तो इसे हमेशा खाली पेट लें। आप इसे ब्रेकफास्ट के एक घंटे बाद भी ले सकते हैं। आयरन और विटामिन सी का मेल बेमिसाल है। इसलिए आयरन सप्लीमेंट को हमेशा विटामिन सी के साथ लें। नींबू पानी, ऑरेंज, कीवी आदि इसके लिए बेस्ट विकल्प हैं। अगर आयरन सप्लीमेंट खाने के बाद आपको एसिडिटी की प्रॉब्लम होती है तो इसे खाने के तुरंत बाद लें। Also Read - विटामिन बी12 से भरपूर है ये 2 स्पेशल ब्रेकफास्ट, सर्दियों में दिनभर बने रहेंगे एनर्जेटिक