English हिन्दी
Advertisement

बार-बार टाइट हेयरस्टाइल बना रही हैं? ट्रैक्शन एलोपेसिया का बढ़ सकता है खतरा

अगर आप भी टाइट हेयरस्टाइल बनाती हैं, तो इससे बालों के टूटने का खतरा बढ़ सकता है। जब टाइट हेयरस्टाइल की वजह से बाल टूटते हैं, तो इसे ट्रैक्शन एलोपेसिया कहा जाता है।

Written By Anju Rawat
Published : July 31, 2026 8:35 PM IST

टाइट बाल बांधने से हेयर लॉस हो तो क्या करें?

फैशनेबल दिखने के लिए लड़कियां तरह-तरह के हेयरस्टाइल बनाती हैं। कोई स्लीक पोनीटेल, तो कोई टाइट जूड़ा बनाती हैं या कोई बालों को कसकर गूंथ देता है। ये हेयरस्टाइल स्टाइलिश दिख सकते हैं, लेकिन अगर बार-बार लंबे समय तक इस तरह के हेयर स्टाइल बनाए जाए तो इससे बालों और स्कैल्प पर खिंचाव पड़ता है। इससे बाल झड़ने की समस्या हो सकती है। जब टाइट बाल बनाने की वजह से बाल झड़ते हैं, तो इस तरह के हेयर लॉस को मेडिकल टर्म में ट्रैक्शन एलोपेसिया (Traction Alopecia) कहा जाता है। अगर आपको ट्रैक्शन एलोपेसिया है, तो इस तरह के हेयर फॉल से बचने के लिए आप कुछ जरूरी कदम उठा सकते हैं।

1. बार-बार टाइट हेयरस्टाइल न बनाएं

American Academy of Dermatology Association के अनुसार, अगर आपको ट्रैक्शन एलोपेसिया की समस्या है, तो बालों को बार-बार टाइट न बांधें। कभी-कभार बालों को कसकर बांधना नुकसानदायक नहीं होता है। लेकिन, अगर आप रोजाना बालों को टाइट बांधेंगे, तो इससे बालों की जड़ों पर खिंचाव पड़ सकता है और बाल झड़ने का खतरा बढ़ सकता है। अगर आप चोटी बना रही हैं, तो ढीला बांधें। धीरे-धीरे ऐसा करने से बालों के टूटने की समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है।

2. हेयर एक्सटेंशन लगाते समय सावधानी बरतें

अगर आप हेयर वीव या एक्सटेंशन लगवाती हैं, तो इन्हें लंबे समय तक लगाकर न रखें। AAD के अनुसार, अगर आपको दर्द या स्कैल्प पर जलन महसूस हो तो इन्हें तुरंत निकवा दें। अगर आपको वीव लगवाने हैं, तो गोंद से लगाए जाने वाले वीव की जगह, सिलाई वाले वीव का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे आपको हेयर फॉल रोकने में मदद मिल सकती है।

Advertisement

3. हेयरस्टाइल बदलते रहें

AAD के अनुसार, हेयर फॉल को रोकने के लिए आपको अपने हेयरस्टाइल पर पूरा ध्यान देना चाहिए। टाइट हेयरस्टाइल या एक ही हेयरस्टाइल में लंबे समय तक न रहें। बालों को कभी-कभी ढीला भी रखें, बालों को उनके प्राकृतिक रूप में रहने दें। इससे बालों और स्कैल्प को आराम मिल सकता है और बालों को टूटने से बचाया जा सकता है।

4. ये संकेत दिखें तो हेयरस्टाइल तुरंत बदलें

अगर बाल बांधने के बाद आपको इनमें से कोई भी समस्या दिखाई दे, तो तुरंत हेयरस्टाइल बदल दें। जैसे- कसकर बाल बांधने से दर्द होना स्कैल्प में जलन या चुभन महसूस होना स्कैल्प पर पपड़ी बनना

हेयर लॉस के शुरुआती लक्षण क्या होते हैं?

AAD के अनुसार, अगर आप बार-बार टाइट हेयरस्टाइल बनाती हैं तो समय-समय पर बालों और स्कैल्प की जांच जरूर करें। अगर माथे के पास छोटे-छोटे बाल टूटे हुए नजर आए, हेयरलाइन पीछे की तरफ खिसक रहे हो या बालों पर ज्यादा खिंचाव महसूस हो तो इन लक्षणों की अनदेखी बिल्कुल न करें। यह बालों के झड़ने या हेयर लॉस का संकेत हो सकते हैं। इतना ही नहीं, कुछ लोगों में उस हिस्से पर गंजापन दिख सकते हैं और बालों का उगना भी बंद हो सकता है। अगर शुरुआती चरण में इसका पता चल जाए और समय रहते इलाज शुरू कर दिया जाए, तो ट्रैक्शन एलोपेसिया को रोका जा सकता है और कुछ मामलों में बाल दोबारा उग सकते हैं।