Advertisement

थायराइड कैंसर होने पर महसूस होते हैं ये 5 संकेत, इलाज में देरी जान पर पड़ सकती है भारी

थायराइड कैंसर एक बेहद गंभीर और जानलेवा बीमारी है, जिसके मामलों में इजाफा देखने को मिल रहा है। इसके लक्षणों पर ध्यान देना बहुत जरूरी है, वरना स्थिति गंभीर हो सकती है।

Written By Anju Rawat
Updated : May 22, 2026 12:21 PM IST

थायराइड कैंसर के लक्षण

आजकल थायराइड से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। वैसे तो ज्यादातर लोग हाइपोथायराइडिज्म और हाइपरथायराइडिज्म से जूझ रहे हैं। लेकिन, कुछ लोग थायराइड ग्रंथि के कैंसर से भी परेशान हैं। थायराइड कैंसर गर्दन में मौजूद थायराइड ग्लैंड में होने वाला कैंसर है। यह ग्लैंड शरीर के मेटाबॉलिज्म, हार्मोन और ऊर्जा को नियंत्रित करने का काम करती है। शुरुआत में इसके लक्षण सामान्य थायराइड या गले की मामूली परेशानी जैसे लग सकते हैं। इसलिए लोग अक्सर इन्हें नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन, थायराइड कैंसर के लक्षणों पर ध्यान देना बहुत जरूरी है, तभी समय पर इलाज संभव है। आइए, आर्ट ऑफ हीलिंग के कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. मनदीप सिंह मल्होत्रा से जानते हैं थायराइड कैंसर के लक्षणों के बारे में-

1. गर्दन में गांठ या सूजन

अगर आपको गर्दन में गांठ या सूजन महसूस हो रही है तो यह थायराइड कैंसर का संकेत हो सकता है। कई बार यह गांठ दर्द नहीं करती, इसलिए लोग इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन,अगर गर्दन की सूजन धीरे-धीरे बढ़ रही है तो तुरंत थायराइड की जांच जरूर कराएं।

2. आवाज में बदलाव

अगर आपको आवाज में बदलाव हो रहा है, तो भी थायराइड कैंसर की जांच जरूर कराएं। कैंसर की वजह से आवाज भारी हो सकती है। आवाज में भारीपन को नजरअंदाज बिल्कुल न करें। कैंसर वोकल कॉर्ड्स पर असर डाल सकता है और इससे आवाज में बदलाव आ सकता है।

Advertisement

3. निगलने में परेशानी होना

थायराइड कैंसर की वजह से आपको निगलने में भी मुश्किल हो सकती है। दरअसल, थायराइड ग्लैंड में गांठ बढ़ने से खाना निगलने में दिक्कत होती है। इस स्थिति में कई लोगों को लगता है कि गले में कुछ अटका हुआ है। इसलिए अगर आपको ऐसा कुछ महसूस हो तो डॉक्टर से तुरंत कंसल्ट करें।

4. लगातार खांसी होना

अगर लंबे समय तक सूखी खांसी बनी रहे और उसका संबंध सर्दी-जुकाम से न हो, तो इसे हल्के में न लें। कुछ मामलों में यह थायराइड कैंसर का संकेत हो सकता है।

5. गर्दन या गले में दर्द

अगर गर्दन और गले में दर्द जैसा महसूस हो तो संकेत की अनदेखी न करें। यह थायराइड का लक्षण हो सकता है। जब गले या कान तक कैंसर फैलता है, तब यह स्थिति हो सकती है। खासकर अगर दर्द लंबे समय तक बना रहे, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।