Advertisement

धूम्रपान से आंखों को हो सकते हैं ये 5 गंभीर नुकसान, आंखों की रोशनी कम होने का रहता है खतरा

Smoking Side Effects: धूम्रपान से आंखों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है। आइए, जानते हैं इसके बारे में विस्तार से -

Written By priya mishra
Published : May 31, 2025 11:08 AM IST

धूम्रपान की वजह से हो सकती हैं आंखों की ये बीमारियां

Smoking Effects On Eyes: हम सभी जानते हैं कि धूम्रपान हमारे फेफड़ों और दिल के लिए हानिकारक है, लेकिन बहुत से लोग इस बात से अनजान हैं कि यह आपकी आंखों को भी गंभीर रूप से नुकसान पहुंचा सकता है। जी हां, सिगरेट में मौजूद जहरीले रसायन आंखों के स्वास्थ्य को नकारात्मक रूप से प्रभावित कर सकते हैं और समय के साथ दृष्टि हानि का कारण भी बन सकते हैं। धूम्रपान से मोतियाबिंद, एज रिलेटेड मैकुलर डिजनरेशन और डायबिटिक रेटिनोपैथी जैसी गंभीर आंखों की बीमारी होने का भी खतरा रहता है। आइए, आज विश्व तंबाकू निषेध दिवस (World No Tobacco day 2025) के मौके पर डॉ बासु आई हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ मनदीप सिंह बासु से जानते हैं धूम्रपान से आंखों को होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से -

मोतियाबिंद

धूम्रपान करने से मोतियाबिंद होने का जोखिम बढ़ जाता है। मोतियाबिंद एक ऐसी स्थिति जिसमें आंख का लेंस धुंधला हो जाता है, जिससे दृष्टि धुंधली हो जाती है। धूम्रपान न करने वालों की तुलना में धूम्रपान करने वालों में मोतियाबिंद होने की संभावना दोगुनी होती है।

एज-रिलेटेड मैकुलर डिजनरेशन

एज-रिलेटेड मैकुलर डिजनरेशन वृद्ध वयस्कों में दृष्टि हानि का एक प्रमुख कारण है। धूम्रपान से एज-रिलेटेड मैकुलर डिजनरेशन का जोखिम काफी बढ़ जाता है, जो रेटिना के मध्य भाग को प्रभावित करता है और तेज, केंद्रीय दृष्टि को बाधित करता है।

Advertisement

ड्राई आई सिंड्रोम

धूम्रपान करने वाले अक्सर ड्राई आई सिंड्रोम से पीड़ित होते हैं। ड्राई आई सिंड्रोम एक ऐसी स्थिति है, जिसमें आंखों से पर्याप्त आंसू नहीं निकलते या आंसू बहुत जल्दी वाष्पित हो जाते हैं। इससे आंखों में जलन, लालिमा और लगातार बेचैनी महसूस होती है।

ऑप्टिक नर्व डैमेज

धूम्रपान ऑप्टिक नर्व में रक्त के प्रवाह को प्रतिबंधित कर सकता है, जिससे ऑप्टिक न्यूरोपैथी का जोखिम बढ़ जाता है। यह एक गंभीर स्थिति है, जो अपरिवर्तनीय दृष्टि हानि का कारण बन सकती है।

डायबिटिक रेटिनोपैथी

धूम्रपान करने से मधुमेह रोगियों में डायबिटिक रेटिनोपैथी के जोखिम को बढ़ाता है। एक ऐसी स्थिति जिसमें हाई ब्लड शुगर रेटिना की रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचाती है, जिससे संभावित रूप से अंधापन हो सकता है।