Advertisement

छोटे बच्चे के पेट के कीड़े मार सकते हैं ये 5 घरेलू उपाय, बार-बार भूख की समस्या होगी दूर

अगर आपके बच्चे के पेट में कीड़े हैं, तो आप कुछ घरेलू उपायों को आजमा सकते हैं। इनकी मदद से बार-बार भूख लगने और पेट दर्द की समस्या में भी आराम मिलेगा।

Written By Anju Rawat
Published : May 20, 2026 1:09 PM IST

पेट के कीड़े मारने के लिए घरेलू उपाय

छोटे बच्चों में पेट में कीड़े होना एक आम समस्या है। खासकर, 2 से 10 साल की उम्र के बच्चों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है। इसकी वजह से उन्हें बार-बार भूख लग सकती है और पेट में ऐंठन महसूस हो सकती है। पेट में कीड़ों की वजह से बच्चों का वजन नहीं बढ़ पाता है और वे हर वक्त थकान-कमजोरी महसूस करते हैं। उन्हें उल्टी और दस्त जैसी समस्याएं भी बनी रहती हैं। पेट के कीड़े मारने के लिए डॉक्टर से कंसल्ट करके दवा लेना बहुत जरूरी है। लेकिन, आप कुछ घरेलू उपायों की मदद से भी पेट के कीड़ों को मार सकते हैं और बच्चों को पेट दर्द में आराम दिला सकते हैं।

अजवाइन और गुड़

अगर आपके बच्चे के पेट में कीड़े हैं, तो आप उसे कुछ दिन तक अजवाइन और गुड़ खिला सकते हैं। अजवाइन में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-पैरासिटिक गुण होते हैं, जो पेट के कीड़ों को नष्ट करने में मदद करते हैं। इसके लिए आप सबसे पहले बच्चे को गुड़ खिलाएं। इसके 10 मिनट बाद उसे अजवाइन चबाने को दें। आप चाहें तो उसे अजवाइन का पानी भी पिला सकते हैं। 3 से 4 दिनों तक रोजाना ऐसा करने से बच्चे को काफी आराम मिलेगा।

लहसुन

बच्चे के पेट के कीड़े मारने के लिए आप उसे लहसुन खिला सकते हैं। लहसुन में मौजूद एलिसिन कीड़ों को मारने में मदद करता है। आप लहसुन की 1 से 2 कली लें और इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। आप बच्चे को इसे शहद के साथ खिला सकते हैं। कुछ दिनों तक रोजाना दिन में एक बार लहसुन खिलाने से बच्चे को काफी आराम मिलेगा।

Advertisement

नीम के पत्ते

अगर बच्चे के पेट में कीड़े हैं, तो आप उसे नीम के पत्ते खिला सकते हैं। नीम में एंटी-पैरासिटिक गुण होते हैं, जो कीड़ों को खत्म करने में असरदार होते हैं। आप नीम के पत्तों का रस निकाल लें। इसमें थोड़ा-सा शहद मिलाएं और दवा की तरह बच्चे को खिला दें। इससे पेट के कीड़े मर जाएंगे और पेट दर्द में भी आराम मिलेगा।

गाजर

गाजर भी पेट के लिए काफी अच्छा होता है। इसमें फाइबर होता है, जो आंतों की सफाई में मदद करता है। आप रोज सुबह खाली पेट बच्चे को कच्ची गाजर खिला सकते हैं। आप चाहें तो बच्चे को गाजर का जूस भी पिला सकते हैं। कुछ दिनों तक रोजाना गाजर खिलाने से बच्चे को काफी आराम मिलेगा।

नारियल

बच्चे के पेट के कीड़े मारने या पेट दर्द कम करने के लिए आप उन्हें नारियल खिला सकते हैं। नारियल खाने से पेट के कीड़े खत्म करने में मदद मिलती है। आप बच्चे को 1 से 2 चम्मच कद्दूकस किया हुआ नारियल खिला सकते हैं। इसके बाद, उसे हल्का गुनगुना पानी पीने को दें।