Advertisement

सिगरेट में ही नहीं इन 4 सब्जियों में भी पाया जाता है Nicotine, क्या उन्हें भी खाना छोड़ दें?

सिगरेट में पाया जाने वाला निकोटिन बेहद नशीला केमिकल होता है यानी ऐसा पदार्थ जिसकी लत बहुत जल्दी लग जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं तंबाकू के प्रोडक्ट्स के अलावा कुछ सब्जियों में भी निकोटिन पाया जाता है।

Written By Mukesh Sharma
Updated : June 2, 2026 7:29 PM IST

कुछ सब्जियों में भी पाया जाता है निकोटिन

तंबाकू के किसी भी प्रोडक्ट का सेवन करना दुनिया के सबसे खतरनाक नशे में से एक माना जाता है, क्योंकि तंबाकू और उससे निकलने वाले धुएं में लगभग 7000 केमिकल पाए जाते हैं, जिनमें लगभग 250 केमिकल बेहद खतरनाक माने गए हैं और उनमें लगभग 70 केमिकल ऐसी भी हैं, जो कैंसर का कारण बन सकते हैं। सिर्फ यही फैक्ट तंबाकू को दुनिया का खतरनाक नशा नहीं बनाता है, बल्कि तंबाकू में पाया जाने वाला निकोटिन दुनिया के सबसे नशीले पदार्थों में से एक है। अब सवाल आता है कि क्या निकोटिन सिर्फ तंबाकू में ही पाया जाता है। द न्यू इंगलैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन (NEJM) की एक रिपोर्ट के मुताबिक कई सब्जियां भी हैं, जिनमें निकोटिन पाया जाता है। इस लेख में हम ऐसी ही कुछ सब्जियों के बारे में जानेंगे।

बैंगन

घरों में आमतौर पर खाई जाने वाली सब्जी बैंगन में भी प्राकृतिक रूप से निकोटिन पाया जाता है और शोधकर्ताओं के मुताबिक बैंगन में निकोटिन की मात्रा 100 ng/g होती है। यानी बैंगन में प्रति ग्राम में लगभग 100 नैनोग्राम निकोटिन हो सकता है।

टमाटर

टमाटर में भी प्राकृतिक रूप से निकोटिन पाया जाता है। जिसमें रिसर्च के अनुसार कच्चे यानी हरे टमाटर में प्रति ग्राम 42.8 नैनोग्राम निकोटिन पाया जाता है और वहीं प्यूरी किए हुए पके हुए टमाटर में प्रतिग्राम में 52 नैनोग्राम निकोटिन पाया जाता है। वहीं एक रिसर्च में यह भी पाया गया है कि प्रतिग्राम में टमाटर में 10 नैनोग्राम निकोटिन प्राकृतिक रूप से पाया जाता है।

Advertisement

फूलगोभी

रिसर्च के मुताबिक फूलगोभी में भी निकोटिन होता है और लगभग प्रतिग्राम फूलगोभी में 16.8 नैनोग्राम निकोटिन पाया जाता है। वहीं एक अन्य स्टडी में यह भी पाया गया कि प्रतिग्राम फूलगोभी में लगभग 3.8 नैनोग्राम निकोटिन पाया जाता है।

आलू

दुनियाभर में आमतौर पर सबसे ज्यादा खाई जाने वाली सब्जी आलू में भी प्राकृतिक रूप से निकोटिन पाया जाता है, रिसर्च के मुताबिक प्रतिग्राम आलू में लगभग 7.1 नैनोग्राम निकोटिन पाया जाता है। वहीं अगर सिर्फ आलू के गूदे (Potato Pulp) में प्रतिग्राम में 15.3 नैनोग्राम निकोटिन प्राकृतिक रूप से पाया जाता है।

क्या ये सब्जियां खानी ही छोड़ देनी चाहिए?

बिल्कुल नहीं, दरअसल इन सब्जियों में निकोटिन की जो मात्रा पाई जाती है वह बहुत कम है। अगर आप इसे एक सिगरेट से तुलना करें तो एक सिगरेट में 10,000,000 से 12,000,000 नैनोग्राम निकोटिन होता है यानी 1 करोड़ से लेकर 1 करोड़ 20 लाख नैनोग्राम। इसलिए अगर सिगरेट के साथ इन सब्जियों की तुलना की जाए तो यह इनमें मौजूद निकोटिन बहुत कम होता है। डिसक्लेमर: ये लेख रिसर्च से मिले डाटा के आधार पर लिखा गया है और इसमें दी गई किसी भी जानकारी की पुष्टि thehealthsite.com नहीं करता है।