Advertisement

दांतों में झनझनाहट होने पर क्या करें? इन 5 नुस्खों से पाएं राहत

क्या आपको दांतों में झनझनाहट महसूस हो रही है? अगर हां, तो इसके पीछे दांतों की सेंसिटिविटी हो सकती है। इस परेशानी को इग्नोर करने से आपकी परेशानी बढ़ सकती है। आइए जानते हैं कैसे करें दांतों की झनझनाहट को कम?

Written By Kishori Mishra
Updated : June 30, 2026 12:09 PM IST

दांतों की झनझनाहट कैसे दूर करें?

ठंडी आइसक्रीम खाते ही दांतों में तेज झनझनाहट होना या गर्म चाय की चुस्की लेते ही अचानक से दर्द महसूस होना काफी आम परेशानी है। इस समस्या को अधिकतर लोग इग्नोर कर देते हैं, लेकिन असल में बार-बार इस तरह की परेशानी होना दांतों की सेंसटिविटी का संकेत हो सकता है। जयपुर स्थित आनंद डेंटल क्लिनिक के सीनियर डेंटल सर्जन डॉ. संजय रावल (BDS, MIDA, PGDI) का कहना है कि अगर समय रहते इस समस्या पर ध्यान न दिया जाए, तो यह रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में इसका इलाज बहुत ही जरूरी हो जाता है। आइए जानते हैं दांतों की झनझनाहट को किस तरह कम करें?

क्यों होती है दांतों में झनझनाहट?

दांतों की बाहरी परत को इनेमल कहा जाता है। जब यह परत घिसने लगती है या मसूड़े पीछे हट जाते हैं, तो दांतों की अंदरूनी परत डेंटिन खुल जाती है। ऐसे में ठंडा, गर्म, मीठा या खट्टा भोजन दांतों की नसों तक पहुंचकर झनझनाहट पैदा कर सकता है। इसके अलावा बहुत जोर से ब्रश करना, दांत पीसने की आदत, कैविटी, मसूड़ों की बीमारी या एसिडिक फूड्स का अधिक सेवन भी इस समस्या की वजह बन सकता है।

1. सेंसिटिविटी वाले टूथपेस्ट का करें इस्तेमाल

डॉक्टर का कहना है कि अगर आपके दांतों में बार-बार झनझनाहट मगसूस हो रही है, तो पोटैशियम नाइट्रेट या स्टैनस फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट का इस्तेमाल करें। यह दांतों की सेंसिटिविटी को कम करने में मदद कर सकते हैं। इस तरह के टूथपेस्ट का नियमित इस्तेमाल करने से नसों तक पहुंचने वाले उत्तेजनाओं का असर कम हो सकता है।

Advertisement

2. नमक के पानी से करें कुल्ला

डॉक्टर का कहना है कि गुनगुने पानी में थोड़ा नमक मिलाकर कुल्ला करने से मुंह में बैक्टीरिया कम हो सकते हैं और मसूड़ों को आराम मिल सकता है। हालांकि, यह स्थाई इलाज नहीं है, लेकिन अस्थाई रूप से कुछ हद तक राहत मिल सकती है।

3. बहुत ठंडे और गर्म वाली चीजें कम खाएं

अगर आपको दांतों में झनझनाहट काफी ज्यादा हो रही है, तो ऐसी स्थिति में कुछ दिनों तक बहुत ठंडे, गर्म या काफी ज्यादा मीी चीजों को खाने से बचें। अगर आप ऐसा करते हैं, तो काफी हद तक सेंसिटिविटी को कम किया जा सकता है।

4. मुलायम ब्रिसल वाले ब्रश का इस्तेमाल करें

हार्ड ब्रश से दांतों और मसूड़ों को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए हमेशा सॉफ्ट ब्रिसल वाले ब्रश का इस्तेमाल करें और ब्रश करते समय ज्यादा दबाव न डालें।

5. मुंह की सफाई का रखें ध्यान

दिन में दो बार ब्रश करना और फ्लॉसिंग करना दांतों और मसूड़ों को स्वस्थ रखने में मदद करता है। इससे कैविटी और मसूड़ों की बीमारियों का खतरा कम हो सकता है।

क्या कहते हैं रिसर्च?

अमेरिकन डेंटल एसोसिएशन (ADA) के अनुसार, सेंसिटिविटी टूथपेस्ट और फ्लोराइड आधारित उपचार दांतों की संवेदनशीलता को कम करने में प्रभावी हो सकते हैं। वहीं, शोध बताते हैं कि सही ओरल हाइजीन और समय पर उपचार से इस समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।

Disclaimer

दांतों में झनझनाहट एक आम लेकिन परेशान करने वाली समस्या है। घरेलू उपायों और सही ओरल केयर से राहत मिल सकती है, लेकिन अगर समस्या लंबे समय तक बनी रहे तो डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है। समय पर इलाज कराने से दांतों को होने वाले बड़े नुकसान से बचा जा सकता है।