English हिन्दी
Advertisement

मानसून में घर पर इस तरह करें बेसन से करें फेशियल, चिपचिपाहट होगी दूर और निखर जाएगी त्वचा

Besan Facial At Home: अगर आप मानसून में चिपचिपी और डल स्किन से परेशान हैं, तो घर पर बेसन से फेशियल कर सकते हैं। इससे आपके चेहरे पर पार्लर जैसा ग्लो आएगा। आइए, जानते हैं बेसन से फेशियल करने के स्टेप्स -

Written By priya mishra
Published : July 17, 2025 1:04 PM IST

बेसन से फेशियल कैसे करें?

How To Do Besan Facial At Home: मानसून यानी बारिश का मौसम गर्मी से राहत तो देता है, लेकिन अपने साथ कई तरह की समस्याएं भी लेकर आता है। बारिश के मौसम में त्वचा संबंधी समस्याएं होने लगती हैं। इस मौसम में वातावरण में उमस और चिपचिपाहट काफी बढ़ जाती है, जिसका असर त्वचा पर भी दिखाई देता है। बारिश के मौसम में ज्यादातर लोग कील-मुंहासे, फोड़े-फुंसी, खुजली, रैशेज और टैनिंग की समस्या से परेशान रहते हैं। इसके कारण त्वचा काफी डल और बेजान नजर आने लगती है। ऐसे में, त्वचा को ग्लोइंग बनाने के लिए लोग तरह-तरह के स्किन केयर और ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। वहीं, कई लोग पार्लर जाकर फेशियल भी करवाते हैं। लेकिन पार्लर जाकर फेशियल करवाना महंगा होने साथ ही आपकी त्वचा के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है। ऐसे में, आप चाहें तो घर पर ही बेसन से फेशियल कर सकते हैं। जी हां, बेसन त्वचा पर मौजूद गंदगी, डेड स्किन सेल्स और एक्स्ट्रा ऑयल को हटाने में मदद करता है। साथ ही, यह त्वचा की रंगत को सुधारने में भी असरदार होता है। चेहरे पर बेसन लगाने से त्वचा के चिपचिपेपन से छुटकारा मिलता है और त्वचा पर ग्लो आता है। तो आइए, जानते हैं मानसून में घर पर बेसन से फेशियल कैसे करें (Besan Se Facial Kaise Kare)?

क्लींजिंग

फेशियल का सबसे पहला स्टेप चेहरे की क्लींजिंग करना होता है। इसके आप एक कटोरी में 2 चम्मच बेसन लें। इसमें एक चम्मच गुलाब जल या पानी डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इस पेस्ट को अपने चेहरे पर लगाएं और 2-3 मिनट तक हल्के हाथों से सर्कुलर मोशन में मसाज करें। उसके बाद चेहरे को पानी से धो लें। क्लींजिंग करने से चेहरे पर जमा धूल-मिट्टी और डेड स्किन हट जाती है, जिससे त्वचा ग्लो करती है।

स्क्रबिंग

फेशियल के दूसरा स्टेप होता है चेहरे की स्क्रबिंग करना। इसके लिए आप एक कटोरी में दो चम्मच बेसन लें। इसमें एक चम्मच चावल का आटा और 2 चम्मच दूध डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इस पेस्ट को अपने चेहरे पर लगाएं और 5 मिनट तक हल्के हाथों से मसाज करें। उसके बाद चेहरे को पानी से धो लें। बेसन के साथ-साथ ओट्स भी त्वचा को एक्सफोलिएट करता है। साथ ही, इससे दाग-धब्बों से भी छुटकारा मिलेगा।

Advertisement

मसाज

स्क्रबिंग के बाद फेशियल का अगला स्टेप चेहरे की मसाज करना होता है। इसके लिए आप एक कटोरी में 2 चम्मच बेसन लें। इसमें 2 चम्मच एलोवेरा जेल और एक विटामिन ई कैप्सूल का ऑयल डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। अब इस मिश्रण को अपने चेहरे लगाएं और 10 मिनट तक हल्के हाथ से मसाज करें। उसके बाद चेहरे को पानी से धो लें। इससे आपकी त्वचा मॉइश्चराइज्ड और हाइड्रेटेड रहेगी । साथ ही, त्वचा की रंगत में भी सुधार होगा।

फेस पैक

फेशियल का आखिरी स्टेप फेस पैक लगाना होता है। बेसन का फेस पैक बनाने के लिए एक कटोरी में 2 चम्मच बेसन लें। इसमें एक चम्मच मुल्तानी मिट्टी, एक चम्मच गुलाब जल, एक चम्मच नींबू का रस और एक चम्मच शहद डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इसे अपने चेहरे पर लगाएं और सूखने के लिए छोड़ दें। करीब 15 मिनट बाद चेहरे को पानी से धो लें। इससे आपकी त्वचा मुलायम और चमकदार नजर आएगी। साथ ही, इससे मुंहासों, दाग-धब्बों, पिगमेंटेशन और टैनिंग की समस्या से भी छुटकारा मिल सकता है।

मॉइश्चराइजिंग

फेशियल के बाद त्वचा को मॉइश्चराइज करना बहुत जरूरी होता है। मॉइश्चराइजर लगाने से चेहरे में नमी बनी रहती है और स्किन की ड्राईनेस से भी छुटकारा मिलता है। अगर आपकी ड्राई स्किन है, तो आप एलोवेरा जेल या नारियल का तेल लगा सकते हैं। अगर आपकी ऑयली स्किन है, तो आप गुलाब जल का इस्तेमाल कर सकते हैं।