Advertisement

सबसे ज्यादा कैलोरी वाली होती हैं ये 5 रोटियां, अगर वेट लॉस करना है तो जरूर ध्यान दें

भारत में रोटी सबसे ज्यादा खाया जाने वाला फूड है और इसलिए यह पता होना जरूरी है कि किस रोटी में कितनी कैलोरी होती है। खासतौर पर जो लोग अपने शरीर के बढ़ते वजन को कंट्रोल करना चाहते हैं, उनके लिए यह अच्छा विकल्प हो सकता है।

Written By Mukesh Sharma
Published : May 31, 2026 10:59 AM IST

किस रोटी में कितनी कैलोरी

आज के समय में वेट लॉस करना या उसकी चाह रखना हर दूसरे व्यक्ति का लक्ष्य बन चुका है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ऐसे में आप सबसे बड़ी गलती कहा करते हैं? रोजमर्रा के खाने में, खासकर रोटी के चुनाव में। बहुत से लोगों की तरह आप भी सोचती होंगी कि सभी रोटियां एक जैसी होती हैं, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है। अलग-अलग अनाज से बनी रोटियों की कैलोरी, पोषण और फाइबर की मात्रा अलग होती है, जिसका आपके शरीर पर भी अलग-अलग ढंग से प्रभाव पड़ता है। ऐसे में यदि अगर आप सही रोटी का चुनाव करें, तो बिना भूखे रहे भी आसानी से वजन कम कर सकते हैं। तो आइए जानते हैं कि कौन से आटे की रोटी में कितनी कैलोरी होती है और कौन सी रोटी वेट लॉस के लिए बेहतरीन हो सकती है।

बेसन की रोटी

बहुत से लोगों को बेसन की रोटी भी बेहद पसंद होती है, जो प्रोटीन से भरपूर होती है। इसे भी वजन घटाने के लिए उपयोगी माना जाता है। बेसन की एक रोटी में लगभग 90 से 110 कैलोरी पाई जाती है। इसमें कार्ब्स कम और प्रोटीन ज्यादा पाया जाता है, जिससे मसल्स बनाने और फैट घटाने में मदद मिलती है। यह ग्लूटेन-फ्री भी होती है, इसलिए गेहूं से एलर्जी वाले लोगों के लिए यह एक अच्छा विकल्प है।

रागी की रोटी

रागी की एक रोटी में लगभग 70 से 90 कैलोरी होती है, इसलिए यह लो-कैलोरी विकल्प है। इसे सुपरफूड माना जाता है, क्योंकि इसमें कैल्शियम, आयरन और फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है। सबसे अच्छी बात कि यह धीरे-धीरे पचती है, जिससे लंबे समय तक आपको भूख नहीं लगती और ज्यादा खाना खाने की आदत छूट जाती है। रागी वजन घटाने के साथ-साथ हड्डियों को मजबूत बनाने में भी मदद करती है, इसलिए इसे डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए।

Advertisement

मक्के की रोटी

मक्के की रोटी खाने में काफी स्वादिष्ट लगती है और ऊर्जा से भरपूर होती है। इसकी एक रोटी में लगभग 100 से 120 कैलोरी पाई जाती है। मक्के के आटे में फाइबर और कार्बोहाइड्रेट दोनों होते हैं, हालांकि इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स थोड़ा अधिक होता है। खासतौर से सर्दियों में इसे ज्यादा मात्रा में खाया जाता है, क्योंकि यह शरीर को गर्माहट प्रदान करती है। लेकिन वजन घटाने के दौरान मक्के की रोटी को सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए, खासकर अगर इसे घी या मक्खन के साथ खाया ज रहा है, तो क्योंकि इससे शरीर में कैलोरी काफी मात्रा में बढ़ सकती है।

ज्वार की रोटी

ज्वार की रोटी वजन घटाने में एक अच्छा विकल्प मानी जाती है। रिसर्च बताती है कि एक रोटी में लगभग 80 से 100 कैलोरी होती है। खास बात इसमें ग्लूटेन नहीं होता, जिससे यह आसानी से पच जाती है और पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है। वहीं ज्वार में फाइबर अधिक होता है, जो भूख को नियंत्रित करने में मदद करता है। यह डायबिटीज के मरीजों के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है।

गेहूं की रोटी

गेहूं की रोटी भारत में अधिकतर घरों में खाई जाती है। रिसर्च बताती है कि एक मध्यम आकार की गेहूं की रोटी में लगभग 90 से 110 कैलोरी पाई जाती है, जो इसके आटे और मोटाई पर निर्भर करती है। गेहूं में कार्बोहाइड्रेट काफी अच्छी मात्रा में पाया जाता हैं, जो शरीर को तुरंत ऊर्जा देने का काम करती है। इसमें फाइबर भी होता है, लेकिन अन्य मोटे अनाजों की तुलना में कम मात्रा में। ऐसे में दिन में 2–3 रोटियां और संतुलित सब्जियों के साथ इसका सेवन बेहतर ही माना जाता है।