Advertisement

कहीं बार-बार फंगल इन्फेक्शन होना डायबिटीज का संकेत तो नहीं? कैसे पता लगाए?

कई बार डायबिटीज की शुरुआत के दौरान उसका पता नहीं चलता है और अक्सर उसे इग्नोर कर दिया जाता है, बार-बार फंगल इन्फेक्शन होना भी ऐसा ही एक लक्षण है जो कई बार डायबिटीज का संकेत भी हो सकता है।

Written By Mukesh Sharma
Published : June 3, 2026 12:08 PM IST

बार-बार फंगल इन्फेक्शन होना

फंगल इन्फेक्शन जैसे स्किन इन्फेक्शन होना आजकल आम स्वास्थ्य समस्याएं हो चुकी हैं। लेकिन इन्फेक्शन को भी हो वह संकेत देता है कि कहीं न कहीं आपका इम्यून सिस्टम आपको इन संक्रमण से बचाने में फेल हुआ है। लेकिन ऐसा क्यों हुआ कहीं इम्यून सिस्टम कमजोर तो नहीं? और अगर कमजोर हो गया है तो किस कारण ऐसा हुआ है? हालांकि, एक बार अगर फंगल इन्फेक्शन हुआ है तो आपको ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है, लेकिन अगर बार-बार यह फंगल इन्फेक्शन हो रहा है और इलाज से ठीक होने के बाद फिर से लौट आता है तो यह स्वास्थ्य से जुड़ी किसी अंदरूनी बीमारी का संकेत हो सकता है और इसमें डायबिटीज जैसी बीमारियां भी हो सकती हैं। डॉ. विनीता सिंह टंडन, सीनियर कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन, ISIC Multispeciality Hospital के अनुसार अगर फंगल इन्फेक्शन त्वचा की सिलवटों, पैरों की उंगलियों के बीच, अंडरआर्म्स, कमर या निजी अंगों के आसपास अधिक देखने को मिलता है। यदि यह बार-बार हो रहा है, तो इसकी वजह जानना जरूरी है।

डायबिटीज और फंगल इन्फेक्शन का कनेक्शन

अगर शरीर में ब्लड शुगर लेवल बढ़ा हुआ है तो इस कारण से शरीर की इम्यूनिटी कमजोर पड़ जाती है। साथ ही, त्वचा और शरीर के अन्य हिस्सों में मौजूद अतिरिक्त शुगर फंगस के बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण बना सकती है। शरीर का ब्लड शुगर लेवल बढ़ने का सबसे प्रमुख कारण डायबिटीज ही होता है।

डायबिटीज में फंगल इन्फेक्शन बार-बार होना

अगर डायबिटीज है तो ब्लड शुगर लेवल बढ़ा रहेगा जिसका सीधा असर इम्यूनिटी पर पड़ता है। ऐसे में इम्यून सिस्टम आपको फंगस आदि से बचा नहीं पाता है और इस कारण से बार-बार फंगल इन्फेक्शन होने लगता है। कई बार मरीज को डायबिटीज होने का पता भी नहीं होता और बार-बार होने वाला फंगल इन्फेक्शन ही पहला संकेत बनकर सामने आता है।

Advertisement

किन लक्षणों को नजरअंदाज न करें?

अगर बार-बार फंगल इन्फेक्शन हो रहा है और इसके साथ-साथ कुछ अन्य लक्षण देखने को मिल रहे हैं जैसे बार-बार प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, अत्यधिक थकान, अचानक वजन कम होना, घावों का देर से भरना या बार-बार संक्रमण होना आदि तो ब्लड शुगर की जांच जरूर करा लेनी चाहिए।

ऐसे में क्या करना चाहिए?

अगर आपको बार-बार फंगल इन्फेक्शन हो रहा है, तो ऐसे में डॉक्टर से इस बारे में बात करें। डॉक्टर आपको कुछ टेस्ट कराने की सलाह दे सकते हैं जैसे फास्टिंग ब्लड शुगर और HbA1c आदि। इन टेस्टों की मदद से शरीर में ब्लड शुगर लेवल की जांच की जा सकती है।

डायबिटीज होना जरूरी नहीं

हालांकि, बार-बार फंगल इन्फेक्शन होने का मतलब यह जरूरी नहीं है कि डायबिटीज ही हो कई बार अन्य स्थितियों के कारण भी फंगल इंफेक्शन हो सकता है जैसे पर्याप्त सफाई न हो पाना, स्किन का प्रभावित हिस्सा नम रहना आदि। इसलिए डायबिटीज की जांच के साथ-साथ त्वचा को साफ और सूखा रखें, ढीले और सूती कपड़े पहनें, व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखें और डॉक्टर की सलाह के बिना बार-बार दवाइयों का उपयोग न करें।