डेंगू बुखार की समस्या बढ़ने के आसार फिर से नजर आ रहे हैं। ऐसा इसलिए, क्योंकि बारिश का मौसम शुरू हो चुका है। बारिश में मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसे रोगों से लोग अधिक ग्रस्त होने लगते हैं। बेहतर है कि अभी से ही घर की साफ-सफाई, अपने खानपान का ध्यान, मच्छरों को फैलने से बचने के उपाय आजमाना शुरू कर दें। यदि फिर भी आपको डेंगू बुखार या चिकनगुनिया हो जाए, तो इसे नेचुरल तरीकों से भी आप ठीक कर सकते हैं। डेंगू होने पर अक्सर लोग पपीते के पत्ते का जूस, कीवी, नारियल पानी आदि अधिक लेने की सलाह देते हैं। आप इनका भरपूर सेवन तो करें हीं पर गिलोय भी जरूर घर में रखें। गिलोय प्राकृतिक तरीके से प्लेटलेट्स काउंट को बढ़ाने में मदद करता है। गिलोय में बहुत सारे गुण मौजूद होते हैं, जो कई रोगों में लाभ पहुंचाते हैं। गिलोय की पत्त‍ियों में कैल्शि‍यम, प्रोटीन और फॉस्फोरस बहुत अधिक मात्रा में पाया जाता है। इसके अलावा इसके तनों में स्टार्च की भी भरपूर मात्रा होती है। गिलोय एक पावर ड्रिंक होता है, जो इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाता है। गिलोय शरीर के प्लेटलेट्स को भी बढ़ाता है। गिलोय के पत्ते पान के पत्तों की तरह दिखते हैं। जानें, गिलोय डेंगू, चिकनगुनिया के अलावा और किन रोगों में शरीर को लाभ पहुंचाता है।