Advertisement

आंखों के सामने धुंधलापन और सिरदर्द किस बीमारी के संकेत हैं?

क्या आपके साथ भी ऐसा हुआ होगा कि अचानक आंखों के आगे धुंधलापन आ गया होगा और फिर उसके बाद सिर दर्द भी हुआ होगा। ऐसा क्यों होता है, आइए डॉक्टर से जानते हैं।

Written By Vidya Sharma
Updated : July 9, 2026 3:10 PM IST

धुंधलापन और सिरदर्द का कारण

बहुत लोगों ने यह स्थिति फेस की होगी जिसमें अचानक ही आंखों के सामने धुंधलापन और सिरदर्द होने लगते हैं। ऐसी समस्याओं को लोग अक्सर थकान, लंबे समय तक स्क्रीन देखने या नींद की कमी से होने वाला असर मान लेते हैं और नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन पारस हेल्थ, पंचकुला के सीनियर कंसल्टेंट और न्यूरोसर्जन डॉक्टर गौरव शर्मा बताते हैं कि अगर आपको ये लक्षण बार-बार दिखाई दें, अचानक शुरू हों या लगातार बने रहें, तो अनदेखा बिल्कुल न करें। कई बार यह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत भी हो सकते हैं।” डॉक्टर ने 5 ऐसी बीमारियों के बारे में बताया है, जिनमें इस तरह के लक्षण दिख सकते हैं।

आंखों का नंबर बढ़ना

डॉक्टर कहते हैं कि आंखों के सामने धुंधलापन और साथ में सिरदर्द होने का सबसे आम कारण चश्मे का नंबर बदलना या आंखों पर अधिक जोर पड़ना हो सकता है। ऐसा तब होता है जब व्यक्ति लंबे समय तक मोबाइल, लैपटॉप या अन्य डिजिटल स्क्रीन का उपयोग करता है। साथ ही अधिक स्क्रीन देखना आंखों में तनाव बढ़ता है।

माइग्रेन की समस्या

डॉक्टर के अनुसार “कई लोग आंखों के सामने होने वाले धुंधलेपन और सिर दर्द को आई पावर बढ़ने या घटने का कारण मान लेते हैं। लेकिन जब सिरदर्द शुरू होने से पहले आंखों के सामने चमकती रोशनी, धुंधलापन, जिगजैग लाइनें या कभी-कभी कम दिखाई देने जैसी समस्याएं होती हैं, तो इसे माइग्रेन ऑरा कहा जाता है। साथ ही हर माइग्रेन में ऑरा नहीं होता। कुछ लोगों में बिना ऑरा के भी माइग्रेन हो सकता है।"

Advertisement

हाई ब्लड प्रेशर होना

कई बार व्यक्ति का ब्लड प्रेशर बहुत अधिक बढ़ जाता है, जिससे आंखों की ब्लड वेसल्स प्रभावित हो सकती हैं। इससे धुंधला दिखाई देना, सिरदर्द, चक्कर आना और कभी-कभी उल्टी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अगर सिरदर्द के साथ आपको आंखों के आगे अचानक ही धुंधलापन आने लगे तो तुरंत रक्तचाप की जांच कराएं।

डायबिटीज की समस्या

डॉक्टर बताते हैं कि कई बार देखा गया है कि जिन लोगों का ब्लड शुगर कंट्रोल में नहीं रहता है, उन्हें इस तरह की समस्याएं होती हैं। ब्लड शुगर का कम या ज्यादा होना आंखों के लेंस और रेटिना पर असर डाल सकता है, जिससे धुंधलापन महसूस हो सकता है। वहीं, अगर लंबे समय तक डायबिटीज बनी रहे, तो डायबिटिक रेटिनोपैथी जैसी जटिलताएं भी पैदा हो सकती हैं।

ग्लूकोमा, जिसे काला मोतिया भी कहते हैं

जब आंखों के अंदर का प्रेशर पड़ता है और कुछ मामलों में अचानक आंख में तेज दर्द, सिरदर्द, धुंधला दिखाई देना, रोशनी के चारों ओर रंगीन घेरे दिखना, मतली और उल्टी जैसे लक्षण ग्लूकोमा के संकेत हो सकते हैं। यह एक मेडिकल इमरजेंसी हो सकती है, इसलिए तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। डिस्क्लेमर: आंखों के सामने धुंधलापन और सिरदर्द हमेशा सामान्य समस्याएं नहीं होतीं। ये आंखों की कमजोरी से लेकर माइग्रेन, हाई बीपी, डायबिटीज, ग्लूकोमा या दिमाग से जुड़ी गंभीर बीमारियों के संकेत हो सकते हैं। समय पर पहचान और सही उपचार से बड़ी बीमारियों से बचा जा सकता है।