कोविड रिकवरी के बाद डायबिटीज डायट कैसी हो?
एक रिपोर्ट के अनुसार कोविड महामारी ने मानसिक रूप से सबसे ज्यादा प्रभावित किया है।
Written By: Sadhna Tiwari | Updated: June 6, 2021, 7:12 PM
एक रिपोर्ट के अनुसार कोविड महामारी ने मानसिक रूप से सबसे ज्यादा प्रभावित किया है।
वहीं, डायबिटीज के कई मरीज ऐसे भी हैं जिन्होंने कोरोना संक्रमण से उबरकर दिखाया है। कोरोना को हराने के बाद ये लोग अस्पताल से घर भी जा चुके हैं। लेकिन, एक समस्या जो कोविड रिकवरी के बाद हर व्यक्ति को होती है वह है कमज़ोरी और थकान। डायबिटीज मरीजों में भी यह समस्या बहुत अधिक देखी गयी है। चूंकि, डायबिटिक्स को अपने खान-पान पर हमेशा ध्यान देने की ज़रूरत पड़ती है। इसीलिए, यह बहुत ज़रूरी है कि कमज़ोरी दूर करने के लिए वो किसी ऐसी चीज़ का सेवन ना करें जिससे उनका ब्लड शुगर लेवल बढ़ जाए।
गौरतलब है कि बढ़ा हुआ ब्लड शुगर पोस्ट-कोविड कॉम्प्लिकेशन्स को बढ़ावा दे सकता है। ब्लैक फंगस की संभावना ऐसे मरीज़ों में अधिक बतायी गयी है जिनका ब्लड शुगर लेवल अनियंत्रित रहता है। ऐसे में आपको अपनी डायट बहुत ही समझदारी से चुननी होंगी। यहां लिखीं कुछ डायट टिप्स कोविड रिकवरी के बाद डायबिटीज मरीज़ों में कमज़ोरी दूर करने में काम आ सकती हैं।
कमज़ोरी दूर करने, शरीर में रक्त बढ़ाने और ताकत देने के लिए विटामिन बी से भरपूर फूड्स बहुत फायदेमंद साबित होते हैं। कोरोना रिकवरी के बाद डायबिटिक्स अपनी डायट में विटामिन बी12, बी6 और इस समूह के अन्य पोषक तत्वों से समृद्ध खाद्य पदार्थों का सेवन ज़रूर करें। इसके लिए साबुत अनाज, अंकुरित अनाज यानि स्प्राउट्स (Sprouts), हरी पत्तेदार सब्ज़ियां जैसे पालक, मेथी, धनिया और चौलाई, मौसमी फल और नट्स का सेवन करें।
वीकनेस कम करने के लिए डायबिटिक्स मैग्नीशियम रिच फूड्स का भी सेवन ज़रूर करें। मैग्नीशियम के सबसे स्रोत के तौर पर आप बादाम, ब्राउन राइस, दाल, पुदीनी और किनवा का सेवन कर सकते हैं।
डायबिटीज डायट में प्रोटीन का महत्व बहुत अधिक है। क्योंकि, कम मात्रा में प्रोटीन युक्त फूड्स का सेवन कर पेट जल्दी भरता है, इससे ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल में रहता है और दिनभर के लिए आपको मिलती है एनर्जी। कोविड रिकवरी के बाद भी अपनी डायट में प्रोटीन पर्याप्त मात्रा में ऐड करें। प्रोटीन के लिए दूध, पनीर, सोयाबीन, दालें, अंडा और लीन मीट का सेवन कर सकते हैं। (Protein-rich food for diabetics)