English हिन्दी
Advertisement

क्या पालतू जानवर के साथ समय बिताने से ब्लड प्रेशर कम हो सकता है? जानिए डॉक्टर क्या कहते हैं

पालतू जानवरों के साथ समय बिताना कई लोगों को पसंद होता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह कई मायनों में आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। आइए जानते हैं इस बारे में-

Written By Kishori Mishra
Published : July 1, 2026 9:15 AM IST

क्या पालतू जानवरों के साथ टाइम बिताने से ब्लड प्रेशर होता है कम?

आजकल हाई ब्लड प्रेशर सिर्फ उम्रदराज लोगों की नहीं, बल्कि युवाओं की भी एक आम समस्या बन चुकी है। लोगों में बढ़ते ब्लड प्रेशर का कारण स्ट्रेस, खराब लाइफस्टाइल, नींद की कमी और शारीरिक गतिविधि, इत्यादि है। ऐसे में कई लोग यह सवाल पूछते हैं कि क्या पालतू जानवरों के साथ समय बिताने से ब्लड प्रेशर कम हो सकता है? इस विषय पर यशोदा हॉस्पिटल्स, सिकंदराबाद की कंसल्टेंट साइकोलॉजिस्ट डॉ. प्रज्ञा रश्मि का कहना है कि पालतू जानवर तनाव कम करने और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं, जिसका पॉजिटिव असर ब्लड प्रेशर पर भी पड़ सकता है।

तनाव कम होने से मिलता है फायदा

डॉ. प्रज्ञा रश्मि का कहना है कि जब कोई व्यक्ति अपने पालतू कुत्ते या बिल्ली के साथ खेलता है, उन्हें सहलाता है या उनके साथ समय बिताता है, तो शरीर में ऑक्सीटोसिन हार्मोन का स्तर बढ़ता है। इसे फील-गुड हार्मोन भी कहा जाता है। वहीं, तनाव बढ़ाने वाला हार्मोन कॉर्टिसोल कम होने लगता है। इससे शरीर रिलैक्स होता है, नर्वस सिस्टम शांत रहता है और ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है।

डॉग के साथ वॉक करने से बढ़ती है फिजिकल एक्टिविटी

पालतू कुत्ता रखने वाले लोगों को रोजाना उसे घुमाने जाना पड़ता है। यह नियमित वॉक एक तरह की मध्यम तीव्रता वाली एक्सरसाइज है, जो हार्ट को स्वस्थ रखने और हाई ब्लड प्रेशर के खतरे को कम करने में मदद करती है। नियमित शारीरिक गतिविधि से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और समय के साथ रेस्टिंग ब्लड प्रेशर में सुधार देखा जा सकता है।

Advertisement

अकेलेपन और चिंता को भी करता है कम

कई रिसर्च बताते हैं कि पालतू जानवर लोगों को भावनात्मक सहारा देते हैं। अकेले रहने वाले या तनाव से जूझ रहे लोगों में पालतू जानवर मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद कर सकते हैं। इससे चिंता और डिप्रेशन के लक्षण कम हो सकते हैं, जो इन-डायरेक्ट रूप से हार्ट हेल्थ के लिए फायदेमंद है।

क्या सिर्फ जानवर रखने से ब्लड प्रेशर कंट्रोल हो जाएगा?

डॉ. प्रज्ञा रश्मि स्पष्ट करती हैं कि अगर किसी व्यक्ति को पहले से हाई ब्लड प्रेशर की समस्या है, तो पालतू जानवर के साथ समय बिताना सिर्फ एक सहायक उपाय हो सकता है। इसे दवाइयों, डॉक्टर की सलाह या अन्य उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, तनाव प्रबंधन और समय पर दवा लेना सबसे जरूरी है

Disclaimer

पालतू जानवर सिर्फ घर की रौनक नहीं बढ़ाते, बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। उनके साथ समय बिताने से तनाव कम हो सकता है, शारीरिक गतिविधि बढ़ती है और अकेलेपन की भावना घटती है, जिससे ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखने में सहायता मिल सकती है। हालांकि, यदि आपको हाई ब्लड प्रेशर है, तो पेट थेरेपी को डॉक्टर द्वारा बताए गए उपचार और स्वस्थ जीवनशैली के साथ ही अपनाएं।