English हिन्दी
Advertisement

पाचन और पेट को हेल्दी रखने के लिए अपनाएं ये 5 आयुर्वेदिक उपाय, नहीं होगी कब्ज और अपच जैसी समस्याएं

पाचन से जुड़ी समस्याओं और ठीक करने और पेट को हेल्दी बनाए रखने के लिए आप कुछ आयुर्वेदिक उपाय आजमा सकते हैं। इनसे कब्ज, अपच और गैस आदि में आराम मिल सकता है।

Written By Anju Rawat
Published : May 22, 2026 1:50 PM IST

पेट को हेल्दी रखने के आयुर्वेदिक उपाय

क्या आपको अक्सर ही गैस और कब्ज जैसी समस्याएं रहती हैं? अगर हां, तो आपको बता दें कि आजकल ज्यादातर लोग पाचन और पेट से जुड़ी समस्याओं से परेशान हैं। जब पाचन ठीक से काम करता है तो शरीर हल्का और ऊर्जावान महसूस करता है। वहीं, जब पेट खराब होता है या कब्ज की समस्या बनी रहती है, तो व्यक्ति की पूरी दिनचर्या प्रभावित हो जाती है। इससे शरीर में भारीपन महसूस होता है और पाचन-तंत्र का संतुलन बिगड़ जाता है। ऐसे में पाचन और पेट को हेल्दी बनाने के लिए आपको बार-बार दवा लेने की जरूरत नहीं है। अगर आप कुछ आयुर्वेदिक उपाय आजमाएंगे, तो इनसे भी पेट को हेल्दी बनाए रखने में मदद मिल सकती है। आइए, जिवा आयुर्वेद के संस्थापक और आयुर्वेदाचार्य डॉ. प्रताप चौहान से जानते हैं-

1. सुबह गुनगुना पानी पिएं

पाचन और पेट से जुड़ी समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए आपको रोज सुबह गुनगुना पानी जरूर पीना चाहिए। गुनगुना पानी पीने से पाचन क्रिया दुरुस्त होती है और इससे जुड़ी समस्याओं से राहत मिलती है। सुबह खाली पेट पानी पीने से मेटाबॉलिज्म भी बूस्ट होता है। इससे कब्ज और अपच आदि से राहत मिलती है।

2. तय समय पर भोजन करें

आजकल ज्यादातर लोगों का खाने का एक निश्चित समय तय नहीं है। बहुत देर से खाना और कभी समय से पहले खाना, पाचन क्रिया को बिगाड़ सकता है। इसलिए कोशिश करें कि रोजाना लगभग एक ही समय पर खाना खाएं। आयुर्वेद में खाने के लिए एक निश्चित समय तय करना बहुत अहम माना गया है।

Advertisement

3. नेचुरल फूड्स खाएं

पाचन और पेट को स्वस्थ रखने के लिए नेचुरल फूड्स खाना जरूरी होता है। आप अपनी डाइट में मौसमी फल, हरी सब्जियां और फाइबर जरूर शामिल करें। इसके साथ ही, सौंफ, जीरा, अजवाइन और अदरक जैसी चीजें भी जरूर खाएं। इससे पाचन क्रिया बेहतर होती है और पेट से जुड़ी समस्याओं से भी राहत मिलती है।

4. तनाव कम करें

तनाव भी पाचन और पेट से जुड़ी समस्याओं का कारण बनता है। अगर आपको हर वक्त तनाव रहता है और आपको कब्ज, गैस और अपच जैसी समस्याएं भी रहती हैं, तो तनाव कम करने की कोशिश करें। तनाव कम करने के लिए आप मेडिटेशन कर सकते हैं और पर्याप्त नींद लें। आप योग और प्राणायाम का सहारा भी ले सकते हैं।

इन बातों का भी रखें ध्यान

पाचन और पेट से जुड़ी समस्याओं से बचने के लिए भोजन को अच्छी तरह से चबाकर खाएं। तला-भुना या ज्यादा मसालेदार खाना खाने से बचें। खाना खाने के तुरंत बाद लेटने की आदत न डालें। साथ ही, रोजाना एक्सरसाइज या योग जरूर करें। ज्यादा चाय-कॉफी का सेवन पेट को नुकसान पहुंचा सकता है, इसलिए इनका सेवन करने से बचें।