Advertisement

40+ महिलाएं चेहरे पर क्या लगाएं? इन 5 चीजों से बढ़ सकता है निखार

40 साल से उम्र के बाद चेहरे पर झुर्रियां पड़ने लगती हैं। इस उम्र के बाद त्वचा का निखार खोने लगता है। ऐसे में आप इन 5 चीजों को अप्लाई कर सकती हैं।

Written By Anju Rawat
Updated : March 27, 2026 5:54 PM IST

40 साल के बाद चेहरे पर क्या लगाएं?

40 साल की उम्र के बाद हम सभी अपनी सेहत का काफी ख्याल रखते हैं जो जरूरी भी है। लेकिन, सही स्किनकेयर करना जरूरी नहीं समझते हैं। इस उम्र के बाद ज्यादातर महिलाएं अपनी त्वचा की देखभाल करना बंद ही कर देती हैं। जबकि, बढ़ती उम्र में त्वचा को एक्स्ट्रा केयर की जरूरत होती है। जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, त्वचा पर कोलेजन का निर्माण कम होने लगता है। इससे त्वचा पर झुर्रियां और फाइन लाइंस पड़ने लगती हैं। साथ ही, त्वचा डल, बेजान होकर अपना निखार खोने लगती है। ऐसे में कई महिलाएं महंगे स्किनकेयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना शुरू कर देती हैं। वहीं, कुछ महिलाएं फेशियल या स्किनकेयर ट्रीटमेंट ऑप्शन फॉलो करती हैं। लेकिन,आप सिर्फ किचन में मौजूद कुछ चीजों की मदद से भी त्वचा का निखार बढ़ा सकती हैं। आइए, जीविशा क्लिनिक गुजरांवाला टाउन और यमुना विहार की फाउंडर और चीफ डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. आकृति गुप्ता से जानते हैं 40 की उम्र के बाद चेहरे पर क्या लगाना चाहिए?

1. कॉफी और दही का मास्क

अगर आप 40 से ज्यादा उम्र की हैं, तो अपने चेहरे पर कॉफी और दही के फेस मास्क का इस्तेमाल जरूर करें। दही और कॉफी, दोनों ही इंग्रीडिएंट्स अधिकतर किचन में उपलब्ध होते हैं। अगर आप दही और कॉफी को मिक्स करके लगाएंगी, तो इससे त्वचा पर जमी डेड स्किन सेल्स आसानी से रिमूव हो जाएंगी। दही में मौजूद लैक्टिक एसिड त्वचा के दाग-धब्बों को भी मिटाने में मदद करता है। आप 2 चम्मच दही में 1 चम्मच कॉफी मिलाएं। इस पेस्ट को चेहरे पर लगाएं। आधे घंटे बाद चेहरे को नॉर्मल पानी से धो लें।

2. शहद से करें मसाज

आप अपने चेहरे पर शहद भी इस्तेमाल कर सकती हैं। शहद में मॉइश्चराइजिंग गुण होते हैं। अगर आप चेहरे पर शहद लगाएंगी, तो इससे त्वचा पर नमी बनी रहेगी। इससे त्वचा कोमल और मुलायम नजर आएगी। शहद में एंटी-एजिंग प्रोपर्टीज भी होती हैं, जो त्वचा की झुर्रियों और फाइन लाइंस को कम करने में मदद करती हैं। इसके लिए आप 1 चम्मच शहद लें। इसे चेहरे पर लगाएं और फिर हल्के हाथों से धीरे-धीरे मसाज करें। इसके बाद चेहरे को गुनगुने पानी से धो लें। बढ़ती उम्र में चेहरे पर शहद लगाना फायदेमंद होता है।

Advertisement

3. खीरे का रस लगाएं

खीरा सेहत के साथ ही त्वचा के लिए भी फायदेमंद होता है। खीरे में एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-एजिंग गुण होते हैं, जो त्वचा को जवां बनाए रखने में मदद करते हैं। खासकर, अगर आप 40 साल से ज्यादा उम्र की हैं, तो अपने चेहरे पर खीरे का रस जरूर लगाएं। इसके लिए आप खीरे को कद्दूकस कर लें। अब इसका रस निकालें और फिर चेहरे पर अप्लाई करें। 30-35 मिनट बाद चेहरे को पानी से धो लें। आप चाहें तो खीरे के स्लाइस काटकर भी चेहरे पर रख सकती हैं। इससे त्वचा की चमक और रंगत भी बढ़ती है।

4. टमाटर का रस लगाएं

टमाटर में साइट्रिक एसिड होता है, जो त्वचा के दाग-धब्बों को मिटाकर खूबसूरती को बढ़ाता है। टमाटर लगाने से त्वचा की झुर्रियों, फाइस लाइंस और दाग-धब्बों को कम करने में मदद मिलती है। 40+ महिलाओं को अपने चेहरे पर टमाटर का रस जरूर लगाना चाहिए। टमाटर का रस त्वचा को जवां बनाए रखने में मदद करता है। टमाटर का रस लगाने से चेहरे पर इंस्टेंट ग्लो भी आता है। आप टमाटर को 2 टुकड़ों में काट लें। अब इसके रस को चेहरे पर लगाएं और फिर धीरे-धीरे रगड़ें। 10-15 मिनट बाद चेहरे को पानी से धो लें।

5. आलू और नींबू का रस

आलू और नींबू भी हर किचन में उपलब्ध होते हैं। इसलिए आप चाहें तो अपने किचन से आलू और नींबू को लेकर, इनका इस्तेमाल चेहरे का निखार बढ़ाने के लिए कर सकते हैं। आप आलू को कद्दूकस करें और इसका रस निकाल लें। 2 चम्मच आलू के रस में 3-4 बूंद नींबू का रस निचोड़ें। अब इसे चेहरे पर लगाएं और 10 मिनट बाद त्वचा को पानी से धो लें। आलू और नींबू का रस त्वचा का निखार बढ़ाता है। साथ ही, झुर्रियों को कम करके त्वचा को जवां बनाए रखने में मदद करता है। हालांकि, अगर आपकी सेंसिटिव या ड्राई स्किन है, तो इस घरेलू नुस्खे को आजमाने से बचें।