Don’t Miss Out on the Latest Updates.
Subscribe to Our Newsletter Today!
- लेटेस्ट
- डिज़ीज़
- डाइट
- फिटनेस
- ब्यूटी
- घरेलू नुस्खे
- वीडियो
- पुरुष स्वास्थ्य
- मेंटल हेल्थ
- सेक्सुअल हेल्थ
- फोटो स्टोरी
- आयुष
- पेरेंटिंग
- न्यूज
Caring For Child With Down Syndrome: भारत में हर साल लाखों बच्चे डाउन सिंड्रोम का शिकार होते हैं। दरअसल, डाउन सिंड्रोम एक तरह का जेनेटिक डिसऑर्डर है, जो बच्चे के शारीरिक और मानसिक विकास को प्रभावित कर सकती है। यह बीमारी क्रोमोसोम में गड़बड़ी के कारण होती है। डाउन सिंड्रोम वाले बच्चे आम बच्चों से अलग होते हैं। डाउन सिंड्रोम से पीड़ित बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास की गति धीमी रहती है। हालांकि, सही देखभाल, प्रेम और समर्थन से ऐसे बच्चे खुशहाल और स्वतंत्र जीवन जी सकते हैं। डाउन सिंड्रोम वाले बच्चों की परवरिश प्यार, सीख और अनोखी चुनौतियों से भरी एक यात्रा है। यदि आपका बच्चा डाउन सिंड्रोम से पीड़ित है, तो आज हम आपको कुछ ऐसे टिप्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जो उसकी देखभाल में मदद कर सकती हैं। आइए, आज विश्व डाउन सिंड्रोम डे (World Down Syndrome Day 2025) के मौके पर जानते हैं कि डाउन सिंड्रोम से पीड़ित बच्चों की देखभाल कैसे करें?
शालीमार बाग स्थित फोर्टिस अस्पताल की डॉ उमा वैद्यनाथन, निदेशक (प्रसूति एवं स्त्री रोग विज्ञान) के मुताबिक, जितनी जल्दी आप बच्चे के विकास पर ध्यान देंगे, उतना ही अच्छा होगा। प्रारंभिक अवस्था में ही बच्चे को दैनिक जीवन कौशल सिखाएं, जैसे कि कपड़े पहनना, खाना और व्यक्तिगत स्वच्छता। अपने बच्चे को छोटे-छोटे तरीकों से भी चुनाव करने के अवसर दें, इससे उसके कौशल और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद मिलेगी।
डाउन सिंड्रोम से पीड़ित बच्चे सामान्य बच्चों की तुलना में कुछ कार्यों को सीखने में अधिक समय ले सकते हैं। ऐसे में, माता-पिता को धैर्य बनाए रखना चाहिए और हर छोटे प्रयास के लिए उन्हें प्रोत्साहित करना चाहिए। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा।
डाउन सिंड्रोम वाले बच्चे विजुअल एड, हाथों से की जाने वाली गतिविधियों और दोहराव के माध्यम से सबसे अच्छा सीखते हैं। कार्यों को सरल चरणों में विभाजित करें और इस दौरान छोटी-छोटी उपलब्धियों का जश्न मनाएं। संचार कौशल को बेहतर बनाने में स्पीच थेरेपी बहुत मददगार हो सकती है, इसलिए अपने बच्चे को शब्दों, इशारों या सहायक उपकरणों के माध्यम से खुद को व्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित करें।
डाउन सिंड्रोम वाले बच्चों में हृदय संबंधी समस्याएं, थायरायड संबंधी समस्याएं और दृष्टि या सुनने से जुड़ी समस्याएं सकती हैं, इसलिए नियमित चिकित्सा जांच आवश्यक है। शारीरिक, व्यावसायिक और भाषण चिकित्सा के साथ प्रारंभिक हस्तक्षेप विकास को अधिकतम करने में मदद कर सकता है। ताकत और गतिशीलता बनाए रखने के लिए शारीरिक गतिविधि को प्रोत्साहित करें।
नोएडा स्थित फोर्टिस हॉस्पिटल के डॉ अंकित प्रसाद (कंसल्टेंट - पीडियाट्रिक्स) के अनुसार, डाउन सिंड्रोम से पीड़ित बच्चों के लिए विशेष शिक्षा की जरूरत होती है। उनके लिए उपयुक्त स्कूल और शिक्षक चुनें, जो उनकी विशेष आवश्यकताओं को समझें। शिक्षकों और देखभाल करने वालों को अपने बच्चे की क्षमताओं और उनकी शिक्षा का सबसे अच्छा समर्थन करने के तरीकों के बारे में बताएं। घर पर भी उनके साथ सीखने की गतिविधियां करें, जिससे उनका बौद्धिक विकास हो सके।
डाउन सिंड्रोम वाले बच्चों को समाज से जोड़ना और दूसरों के साथ बातचीत करना सिखाना बहुत जरूरी है। उन्हें दोस्तों के साथ खेलने, परिवार के सदस्यों से बात करने और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।
डाउन सिंड्रोम से पीड़ित बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं अधिक हो सकती हैं, इसलिए नियमित रूप से डॉक्टर की जांच कराते रहें। स्पेशलिस्ट से मिलकर उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और मानसिक विकास पर काम करें।
डाउन सिंड्रोम वाले बच्चे की परवरिश करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है, इसलिए सहायता लेने में संकोच न करें। मानसिक और भावनात्मक रूप से मजबूत बने रहने के लिए परिवार, दोस्तों या सपोर्ट ग्रुप्स की मदद लें। माता-पिता के लिए अपने बच्चे की देखभाल करना महत्वपूर्ण है, लेकिन खुद की सेहत और मानसिक शांति का ध्यान रखना भी जरूरी है।
Disclaimer: प्रिय पाठकों यह आर्टिकल केवल सामान्य जानकारी और सलाह देता है। यह किसी भी तरह से चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है। इसलिए अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श जरूर करें। thehealthsite.com इस जानकारी के लिए जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है।